सुनील, दीपिका, धर्मवीर अर्जुन अवार्ड और सरदार खेल रत्न के लिए नामांकित
khaskhabar.com: सोमवार, 01 मई 2017 10:44 PM (IST)
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया (एचआई) ने सोमवार को एस.वी. सुनील और दीपिका का नाम अर्जुन अवार्ड के लिए, आर.पी सिंह और सुमराई टेटे का नाम ध्यान चंद अवार्ड के लिए और कोच संदीप सांगवान तथा रोमेश पठानिया का नाम द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए नामांकित किया है। वहीं पूर्व कप्तान मिडफील्डर सरदार सिंह का नाम एचआई ने खेल रत्न अवार्ड के लिए भेजा है। आर. पी. सिंह ने 1986 और 1990 के विश्व कप में देश का प्रतिनिधित्व किया था। भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान और कोच टेटे राष्ट्रमंडल खेल-2002 में मैनचेस्टर में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थीं।
इस मौके पर एचआई के सचिव मोहम्मद मुश्ताक एहमद ने कहा, ‘‘हम अवार्ड के लिए उन खिलाडिय़ों का नाम भेज कर खुश हैं, जिन्होंने देश और विदेशों में भी अपने वतन का नाम रौशन किया है तथा अपने खेल से सभी को प्रभावित किया है। अपने जुनून और प्रतिबद्धता से इन खिलाडिय़ों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरवान्वित किया है। मेरा मानना है कि यह सभी इस सम्मान के हकदार हैं।’’ सरदार ने 2003-2004 में भारतीय जूनियर टीम के पोलैंड दौरे पर टीम में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने सीनियर टीम में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच खेला। सरदार को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ की 2010 और 2011 टीम में जगह भी मिली थी।