विशाखापट्नम। भारत ने डॉ. वाई. एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीसीए क्रिकेट स्टेडियम में हुए दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन सोमवार को इंग्लैंड को 246 रनों के बड़े अंतर से हराकर पांच मैचों सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। चौथे दिन की समाप्ति तक मेहमान टीम ने 405 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 87 रनों पर दो विकेट गंवा दिए थे। पांचवें दिन के पहले सत्र में उसने पांच विकेट गंवाए और फिर दूसरे सत्र में बाकी के तीन विकेट गंवा दिए। मेहमान टीम 97.3 ओवरों का सामना करते हुए 158 रन ही बना सकी।
उसकी ओर से जॉनी बेयरस्टो 34 रनों पर नाबाद लौटे। भारत की कसी गेंदबाजी के आगे इंग्लिश टीम के सात बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सके। भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन और जयंत यादव ने तीन-तीन सफलता हासिल की जबकि रवींद्र जडेजा और मोहम्मद समी को दो-दो सफलता मिली। भारतीय कप्तान विराट कोहली मैन ऑफ द मैच चुने गए।