Scoring a century was a special moment for me: Senuran Muthusamy-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

शतक बनाना मेरे लिए खास पल था: सेनुरन मुथुसामी

khaskhabar.com: रविवार, 23 नवम्बर 2025 5:57 PM (IST)
शतक बनाना मेरे लिए खास पल था: सेनुरन मुथुसामी
गुवाहाटी। भारत के साथ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन के खेल की समाप्ति के बाद दक्षिण अफ्रीका मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्थिति में ले जाने का सबसे बड़ा श्रेय सेनुरन मुथुसामी को जाता है। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए सेनुरन ने अपना पहला टेस्ट शतक लगाते हुए एक समय 246 पर 6 विकेट खो चुकी दक्षिण अफ्रीका को 489 तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद मुथुसामी ने अपने शतक को अपने लिए बेहद खास पल बताया। मुथुसामी ने कहा, "इतनी भीड़ में शतक बनाना मेरे लिए सच में एक खास पल था। मुझे खुशी है कि मैं टीम में अपना योगदान दे सका और पहली पारी में कुछ रन बना सका, जो हमेशा जरूरी होता है। वेरेन और मार्को ने भी विशेष पारी खेली। जानसेन के लंबे छक्के अविश्वसनीय थे। उसकी स्ट्राइकिंग शानदार थी।"
दक्षिण अफ्रीका ने 246 रन पर अपना 6 विकेट गंवा दिया था। इसके बाद मुथुसामी ने काइल वेरेन (45 रन) के साथ सातवें विकेट के लिए 88 और मार्को जानसेन के साथ आठवें विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। मुथुसामी ने 206 गेंद पर 2 छक्के और 10 चौके लगाते हुए 109 रन की पारी खेली। मार्को जानसेन शतक लगाने का मौका चूक गए। वह 93 के स्कोर पर कुलदीप यादव की गेंद पर बोल्ड हो गए।
मुथुसामी और जानसेन की पारियों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 489 रन बनाए। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम ने बिना विकेट के नुकसान के 9 रन बना लिए थे। यशस्वी जायसवाल 7 और केएल राहुल 2 रन बनाकर खेल रहे थे। 31 साल के सेनुरन मुथुसामी दक्षिण अफ्रीका के लिए बेहतरीन ऑलराउंडर बनकर उभरे हैं। मुथुसामी ने अब तक 8 टेस्ट मैचों की 11 पारियों में 1 शतक और 2 अर्धशतक की मदद से 811 रन बनाए हैं और 22 विकेट लिए हैं।
-आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement