U-17 विश्व कप की तैयारी से संतुष्ट, लेकिन अभी काम बाकी : फीफा
khaskhabar.com: बुधवार, 22 मार्च 2017 6:50 PM (IST)
नई दिल्ली। इसी साल भारत की मेजबानी में खेले जाने वाले फीफा अंडर-17 विश्व कप की तैयारियों का जायजा लेने आए फीफा के प्रतिनिधिमंडल ने कहा है कि वह राष्ट्रीय राजधानी के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की तैयारी से संतुष्ट है, लेकिन साथ ही कहा कि अभी कई कामों को अंजाम दिया जाना बाकी है। फुटबॉल की नियामक संस्था फीफा के टूर्नामेंट के मुखिया आइमा यार्जा और अंडर-17 विश्व कप के टूर्नामेंट निदेशक जेवियर सेप्पी ने बुधवार को स्टेडियम का निरीक्षण किया।
इस प्रतिनिधिमंडल ने तकरीबन एक साल पहले भी स्टेडियम की तैयारियों को जांचा था। निरीक्षण के बाद संवाददाता सम्मेलन में यार्जा ने कहा, मैं यहां एक साल बाद आकर खुश हूं। हमने यहां काफी सुधार महसूस किया है। फीफा काम से संतुष्ट है। साथ ही हम सरकार और खेल मंत्रालय द्वारा मिलने वाली मदद से भी खुश हैं। लेकिन, हमें यह बात ध्यान रखनी होगी की हमारे पास ज्यादा समय नहीं है। दिल्ली में अभी काफी काम बाकी है, जो किया जाना है। उन्होंने कहा, मैं यहां काम करने वाले सभी लोगों की प्रशंसा करता हूं लेकिन अब हमें और तेजी से काम करना होगा।
विश्व कप के लिए जो जरूरी है, वह हमें समय पर करना होगा। हमने चीजों को बेहतर होते देखा है। मुझे उम्मीद है कि सरकार और मंत्रालय अब और मेहनत से काम करेंगे। टूर्नामेंट के निदेशक सेप्पी ने कहा, सरकार, खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने अच्छा सहयोग दिया है। यह उन्हीं की बदौलत संभव हुआ है। लेकिन, मैं यार्जा की बात से सहमत हूं, अभी भी कई काम बाकी हैं।