स्पॉट फिक्सिंग के दोषियों पर लगे आजीवन प्रतिबंध : सना मीर
khaskhabar.com: मंगलवार, 21 मार्च 2017 6:09 PM (IST)
लाहौर। पाकिस्तान में स्पॉट फिक्सिंग का मामला एक बार फिर सामने आने के बीच देश की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान सना मीर ने मंगलवार को कहा कि इस मामले में जो दोषी पाए जाएं, उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने हाल ही में शरजील खान, खालिद लतीफ, शहजेब खान, नासिर जमशेद और मोहम्मद इरफान को पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में स्पॉट फिक्सिंग मामले में कथित संलिप्तता के लिए निलंबित कर दिया।
पीएसएल मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सना ने कहा कि खेल की साख पर बट्टा लगाने वाली ऐसी हरकतों को गंभीर रूप से लिया जाना चाहिए। पाकिस्तान के अखबार डॉन ने सना के हवाले से लिखा, देश को जो भी अपमानित करे उसे प्रतिबंधित कर देना चाहिए और सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए। उन्होंने कहा, मैच फिक्सिंग और स्पॉट फिक्सिंग ने पाकिस्तान और पाकिस्तान की क्रिकेट की छवि को खराब किया है।