khaskhabar.com: गुरुवार, 19 जनवरी 2017 12:05 PM (IST)
कटक। सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे की पूर्व संध्या पर भारतीय कप्तान विराट कोहली की जबरदस्त तारीफ की। राहुल ने कहा कि कोहली ने अपनी ऊर्जा, जुनून और उदाहरण पेश करने के जज्बे से महान कप्तान होने के संकेत पहले ही दे दिए हैं। यह दिखता है कि कोहली ने हमारे सामने कैसे उदाहरण पेश किए हैं। उन्होंने कई बार शानदार प्रदर्शन किया है। हम उन्हें फॉलो करते हैं और देखते हैं कि वे पारी कैसे आगे बढ़ाते हैं।
वे मैदान पर किस तरह की ऊर्जा, उत्साह और जुनून दिखाते हैं, इसका असर हम सभी पर पड़ता है। हम उनसे काफी कुछ सीखते हैं। कोहली ऐसे खिलाड़ी हैं जो सिर्फ व्यक्तिगत तौर पर शानदार प्रदर्शन करने के बारे में नहीं सोचते बल्कि वे टीम को भी अपने साथ ले जाना चाहते हैं। वे हमें हमेशा रास्ता दिखाते हैं, अपने अनुभव साझा करते हैं और हमें प्रतिक्रिया भी देते हैं। हमें बताते हैं कि हम किस तरह से बेहतर कर सकते थे। यह महान कप्तान के संकेत हैं।