राजकोट। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में शुरुआती दो मैच हारने के बाद गुजरात लायंस शुक्रवार को राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के खिलाफ अपना खाता खोलना चाहेगी। दोनों टीमों सौराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। मुकाबला रात आठ बजे से शुरू होगा।
गुजरात को कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। कोलकाता ने गुजरात को पहले मैच में 10 विकेटों से करारी हार दी थी तो वहीं सनराइजर्स ने उन्हें दूसरे मैच में नौ विकेट से हराया था। गुजरात के लिए हालांकि इस मैच में सबसे बड़ी राहत अपने हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा की वापसी है जिससे उसे निश्चित ही बल मिलेगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की स्वास्थ्य टीम ने जडेजा को दो सप्ताह के लिए आराम करने की सलाह दी थी। वहीं पुणे ने इस संस्करण की शुरुआत जीत के साथ की थी लेकिन उसके बाद अगले दो मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। उसे बाकी के दो मैचों में पुणे को किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने मात दी थी।