लिएंडर पेस ने जीता 20वां एटीपी चैलेंजर खिताब, सत्र का पहला
khaskhabar.com: सोमवार, 03 अप्रैल 2017 11:52 AM (IST)
लियोन (मैक्सिको)। भारत के अनुभवी टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस ने अपने कनाडा के जोड़ीदार आदिल शम्सदीन के साथ मिलकर रविवार को लियोन चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल का खिताब अपने नाम कर लिया। पेस-आदिल की जोड़ी ने स्विट्जरलैंड के लुका मारगारोली और ब्राजील के कारो जामपिएरी की जोड़ी को फाइनल में सीधे सेटों में 6-1, 6-4 से मात दी।
पेस के करिअर का यह 20वां एटीपी चैलेंजर खिताब है। साथ ही यह उनका इस सत्र का पहला एटीपी खिताब है। इससे पहले वे दुबई चैम्पियनशिप और डेलरे बीच ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। इस बीच, भारतीय डेविस कप टीम को करारा झटका लगा क्योंकि देश के शीर्ष एकल खिलाड़ी युकी भांबरी घुटने की चोट के कारण उज्बेकिस्तान के खिलाफ आगामी मुकाबले से बाहर हो गए। इसका मतलब है कि दो रिजर्व सदस्यों पेस या रोहन बोपन्ना में से एक को युकी की जगह मिलेगी।