चेन्नई। करुण नायर (नाबाद 303) के शानदार शतक की बदौलत भारत ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में चल रहे पांचवें टेस्ट के चौथे दिन सोमवार को अपनी पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 759 रन बनाकर घोषित कर दी। इसके बाद इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 12 रन बना लिए हैं।
वह अभी भी मेजबानों से 270 रन पीछे है। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज केटान जेनिंग्स नौ रन और कप्तान एलिस्टर कुक तीन रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने नायर और लोकेश राहुल (199) की नायाब शतकीय पारियों की बदौलत टेस्ट इतिहास में अपना सर्वोच्च स्कोर खड़ा किया।
राहुल और नायर के अलावा भारत की इस रिकॉर्ड पारी में रविचंद्रन अश्विन (67) और रवींद्र जडेजा (51) का अहम योगदान रहा। तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे नायर का यह पहला टेस्ट शतक था और पहले शतक के तौर पर तिहरा शतक लगाने वाले वह दुनिया के तीसरे और भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।