khaskhabar.com: मंगलवार, 28 मार्च 2017 10:41 PM (IST)
दांबुला। श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच रानगिरि दांबुला स्टेडियम में खेले गए दूसरे एकदिवसीय मैच का परिणाम नहीं निकल सका। पहली पारी खत्म होने के बाद दूसरी पारी शुरू होने से पहले बारिश ने दस्तक दी। काफी देर के बाद भी बारिश रुकी नहीं और अंपायरों ने मैच रद्द करने का फैसला किया। इस मैच के रद्द होने का मतलब है कि बांग्लादेश अब यह श्रृंखला हार नहीं सकता। उसने पहले मैच में श्रीलंका को मात देते हुए तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त ली हुई है। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ने 49.5 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर 311 रन बनाए थे।
श्रीलंका को ऑल आउट करने में तस्कीन अहमद द्वारा अंतिम ओवर में लगाई गई हैट्रिक का अहम रोल रहा। तस्कीन ने आखिरी ओवर की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर क्रमश: असेल गुणारत्ने, सुंरगा लकमल और नुवान प्रदीप के विकेट लेकर अपनी हैट्रिक पूरी की। तस्कीन ने कुल चार विकेट लिए। वह एकदिवसीय में हैट्रिक लगाने वाले बांग्लादेश के पांचवें गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले शहादत हुसैन, अब्दुर रज्जाक, रुबेल हुसैन और तइजुल इस्लाम ने यह उपलब्धि हासिल की है।