Youth murdered in Wasseypur, Dhanbad, body found in septic tank-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

धनबाद के वासेपुर में युवक की गला रेतकर हत्या, सेप्टिक टैंक से मिला शव

khaskhabar.com: सोमवार, 22 सितम्बर 2025 2:16 PM (IST)
धनबाद के वासेपुर में युवक की गला रेतकर हत्या, सेप्टिक टैंक से मिला शव
धनबाद । झारखंड के धनबाद स्थित वासेपुर इलाके में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आंगनबाड़ी केंद्र के सेप्टिक टैंक से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मटकुरिया निवासी 22 वर्षीय सोनू यादव के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना तुरंत पुलिस को दी। बैंक मोड़ थाने की पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकलवाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम भी मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जता रही है।
शव को देखने से ऐसा लग रहा है कि सोनू यादव की पहले गला रेतकर हत्या की गई और इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को आंगनबाड़ी केंद्र के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया।
पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। मृतक के दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
मृतक के परिजनों का कहना है कि सोनू यादव अपने घर से अचानक लापता हो गया था। जब वह वापस नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू हुई। परिजनों को अंदेशा है कि सोनू किसी साजिश का शिकार हुआ है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस के तमाम दावों के बावजूद इलाके में अपराध की घटनाएं नहीं थम रही हैं।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement