Year-Ender 2026: From Confrontation to Compromise, Trump Shifts His Strategy-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ईयर एंडर 2026: टकराव से समझौते तक, ट्रंप ने बदली अपनी रणनीति

khaskhabar.com: बुधवार, 25 नवम्बर 2026 2:01 PM (IST)
ईयर एंडर 2026: टकराव से समझौते तक, ट्रंप ने बदली अपनी रणनीति
नई दिल्ली । वैश्विक राजनीति के केंद्र में रही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विदेश नीति साल 2026 के सबसे दिलचस्प घटनाक्रमों में से एक रही। चीन को आर्थिक और सामरिक चुनौती देने, रूस पर दबाव बनाने और अमेरिकी शर्तों पर वैश्विक व्यवस्था चलाने की बात करने वाले ट्रंप साल के अंत तक उन्हीं देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ एक मेज पर बैठते नजर आए। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक ने अमेरिकी विदेश नीति की बदलती प्राथमिकताओं की तस्वीर पेश की। 19 नवंबर 2026 को चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन से अलग ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन आमने-सामने बैठे। ऐसा दशकों बाद हुआ। पूरी दुनिया की नजर इस पर थी। लगभग 80 मिनट चली इस बैठक में तीनों नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, परमाणु जोखिम, यूक्रेन संघर्ष और ग्लोबल एनर्जी सप्लाई जैसे मुद्दों पर मंथन किया। बैठक के बाद तीनों देशों ने चार सूत्रीय संयुक्त शांति घोषणा जारी की। इसमें संयुक्त राष्ट्र में सुधार, स्थिर ऊर्जा आपूर्ति, राष्ट्राध्यक्षों की प्रतिरक्षा और परमाणु जोखिम कम करने के लिए संवाद जारी रखने पर सहमति जताई गई। तीनों नेताओं ने माना कि परमाणु युद्ध से न तो जीता जा सकता है और न ही लड़ा जाना चाहिए। यह घटनाक्रम इसलिए अहम था क्योंकि ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत ही चीन और रूस के खिलाफ सख्त रुख के साथ की थी। सवाल है कि चीन और रूस को लगातार चुनौती देने वाले ट्रंप को आखिर बातचीत का रास्ता क्यों चुनना पड़ा?
इसका पहला जवाब अमेरिका और चीन के आर्थिक रिश्तों में छिपा है। ट्रंप ने दूसरे कार्यकाल में चीन के खिलाफ टैरिफ वॉर का ऐलान किया। इसे उन्होंने अपनी आर्थिक रणनीति का अहम हथियार करार दिया। चीनी सामान पर भारी आयात शुल्क लगाने और अमेरिकी बाजार में चीन की पहुंच सीमित करने की कोशिश शिद्दत से की गई। बीजिंग ने भी जवाबी शुल्क और क्रिटिकल्स मिनरल्स के निर्यात पर नियंत्रण जैसे कदम उठाकर मंशा जता दी। इससे दोनों देशों के कारोबार के साथ ग्लोबल सप्लाई चेन पर भी दबाव पड़ा।
14 और 15 मई 2026 को ट्रंप ने बीजिंग दौरे पर गए। 2017 के बाद किसी अमेरिकी राष्ट्रपति की यह पहली चीन यात्रा थी। इस दौरान उन्होंने शी जिनपिंग के साथ व्यापार, निवेश, तकनीकी प्रतिस्पर्धा और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। दोनों ने व्यापारिक रिश्तों में स्थिरता लाने और एक-दूसरे के साथ रणनीतिक संवाद बनाए रखने पर सहमति जताई। ईरान के परमाणु हथियार हासिल करने का विरोध करने और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही फिर सामान्य बनाने की जरूरत पर भी दोनों पक्षों ने सहमति व्यक्त की।
हालांकि यह सहमति अमेरिका और चीन के बीच सभी विवादों का अंत नहीं थी। दुर्लभ खनिजों, इलेक्ट्रॉनिक्स, औद्योगिक उत्पादन और तकनीक के क्षेत्र में चीन की भूमिका ऐसी है कि उससे पूरी तरह दूरी बनाना अमेरिका के लिए भी महंगा साबित हो सकता है। यही वजह रही कि शुल्क युद्ध के बावजूद दोनों देशों ने आर्थिक बातचीत के रास्ते खुले रखे।
इसके बाद 23 से 25 सितंबर तक शी जिनपिंग की अमेरिका की राजकीय यात्रा ने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। 23 सितंबर को ट्रंप ने वाशिंगटन के पास ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर उनका स्वागत किया। 24 सितंबर को व्हाइट हाउस में राजकीय स्वागत समारोह और दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। इस यात्रा के दौरान व्यापारिक युद्धविराम को आगे बढ़ाने और आर्थिक संबंधों में स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
इसका मतलब यह नहीं था कि अमेरिका ने चीन को अपना प्रतिद्वंद्वी मानना छोड़ दिया। ताइवान, तकनीकी प्रतिस्पर्धा, कृत्रिम मेधा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में प्रभाव को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद बने रहे। लेकिन ट्रंप प्रशासन को यह समझना पड़ा कि चीन के साथ मुकाबले के लिए भी संवाद और आर्थिक स्थिरता जरूरी है।
रूस के मामले में भी तस्वीर कुछ ऐसी ही रही। ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने का वादा किया था, लेकिन युद्ध लंबा खिंचने से उनकी कूटनीतिक कोशिशों की परीक्षा होती रही। पुतिन के साथ बातचीत के जरिए युद्ध समाप्त कराने की कोशिशें हुईं, लेकिन रूस और यूक्रेन के बीच क्षेत्रीय नियंत्रण, सुरक्षा गारंटी और युद्धविराम की शर्तों को लेकर गहरे मतभेद कायम रहे।
16 अक्टूबर 2026 को ट्रंप प्रशासन ने रूस से संबंधित प्रतिबंधों के कुछ प्रावधानों में छूट देने का फैसला किया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कांग्रेस को भेजे आधिकारिक प्रमाणपत्र में कहा कि प्रतिबंधों को लागू करने से रूस और यूक्रेन के बीच स्थायी शांति समझौते की बातचीत प्रभावित हो सकती है। इस फैसले ने अमेरिकी नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव दिखाया। जहां एक ओर रूस पर दबाव बनाए रखने की बात हो रही थी, वहीं दूसरी ओर शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबंधों में राहत का रास्ता भी अपनाया जा रहा था।
19 नवंबर को शेनझेन में पुतिन फिर जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय बैठक ने इस बात को रेखांकित किया कि रूस को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति से अलग रखकर यूक्रेन संकट का समाधान निकालना आसान नहीं है। हालांकि संयुक्त घोषणा में यूक्रेन संघर्ष समाप्त करने की कोई ठोस समयसीमा या सीजफायर की शर्त तय नहीं हुई। फिर भी परमाणु जोखिम कम करने और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर तीनों देशों का एक साथ सहमत होना महत्वपूर्ण था।
ट्रंप की विदेश नीति में बदलाव के पीछे तीसरा बड़ा कारण पश्चिम एशिया संकट रहा। 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया। इनके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की और संघर्ष ने पूरे पश्चिम एशिया को अपनी चपेट में ले लिया। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया। होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही पर असर पड़ने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर संकट गहरा गया।
7 अप्रैल 2026 को अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर का ऐलान हुआ। जिसके बाद पाकिस्तान की मध्यस्थता में बातचीत की कोशिशें हुईं। 17 जून को दोनों पक्षों ने 14 सूत्रीय अंतरिम समझौता ज्ञापन पर सहमति जताई। इसके तहत ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम, प्रतिबंधों में राहत और होर्मुज में जहाजों की आवाजाही जैसे मुद्दों पर आगे बातचीत का रास्ता तैयार हुआ। लेकिन स्थायी समझौते की कोशिशें सफल नहीं रहीं। जुलाई में फिर संघर्ष बढ़ा और 8 जुलाई को ट्रंप ने युद्धविराम को समाप्त मानने की घोषणा की। सितंबर तक अमेरिका और ईरान के बीच सीमित हमले और जवाबी कार्रवाई जारी रहे।
इस संघर्ष का असर केवल सैन्य मोर्चे तक सीमित नहीं रहा। तेल की कीमतों, समुद्री व्यापार और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बढ़ी। होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल परिवहन मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह की दिक्कत अंतरराष्ट्रीय बाजार पर असर डाल सकती है और ऐसा हुआ भी। युद्ध के आर्थिक असर ने अमेरिका में भी महंगाई और ईंधन की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ाई। इससे ट्रंप के लिए विदेश नीति और घरेलू राजनीति को अलग-अलग रखना मुश्किल हो गया।
घरेलू मोर्चे पर भी ट्रंप को नवंबर में बड़ा राजनीतिक झटका लगा। 3 नवंबर 2026 को हुए मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बहुमत हासिल कर लिया। डेमोक्रेट्स ने प्रतिनिधि सभा में कम से कम 259 सीटें हासिल कीं, जबकि रिपब्लिकन 173 सीटों पर रहे (24 नवंबर तक उपलब्ध नतीजे)। सीनेट में भी डेमोक्रेटिक पार्टी ने 56-44 का बहुमत हासिल किया। इस तरह रिपब्लिकन ने दोनों सदनों का नियंत्रण गंवा दिया।
चुनावी नतीजों में महंगाई, जीवनयापन की बढ़ती लागत, ईरान संघर्ष और ट्रंप प्रशासन की नीतियों को लेकर नाराजगी की भूमिका रही। अब ऐसी स्थिति में ट्रंप के सामने अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने की चुनौती बहुत बड़ी है। नए कांग्रेस सत्र की शुरुआत जनवरी 2027 में होगी, जब डेमोक्रेटिक पार्टी दोनों सदनों में बहुमत के साथ काम करेगी।
हालांकि मध्यावधि चुनाव में हार का अर्थ यह नहीं है कि ट्रंप की विदेश नीति पर कांग्रेस का पूरा नियंत्रण हो गया। अमेरिकी राष्ट्रपति के पास विदेश नीति और सैन्य कार्रवाई के मामले में व्यापक अधिकार हैं। लेकिन राजनीतिक समर्थन में कमी और आर्थिक दबाव के बीच किसी लंबे अंतरराष्ट्रीय संघर्ष को जारी रखना आसान नहीं रह जाता। ऐसे में कूटनीतिक बातचीत और समझौते की कोशिशें घरेलू राजनीतिक जरूरत भी बन जाती हैं।
इस पूरे घटनाक्रम का एक दूसरा पहलू भी है। चीन और रूस ने भी अमेरिका के साथ संवाद की जरूरत महसूस की। चीन के लिए व्यापारिक स्थिरता और तकनीकी प्रतिस्पर्धा महत्वपूर्ण रही, जबकि रूस के लिए पश्चिमी प्रतिबंधों और यूक्रेन युद्ध के बीच आर्थिक राहत का सवाल अहम था। बैठक के बाद ट्रंप ने ईयू नेताओं से बात कर लोगों की जान बचाने के लिए 'यूक्रेन की फंडिंग' रोकने की अपील की।
इस तरह शेनझेन में 19 नवंबर की त्रिपक्षीय बैठक ने तीनों देशों को अपनी-अपनी कूटनीतिक प्राथमिकताएं सामने रखने का अवसर दिया।
ट्रंप ने चीन के खिलाफ प्रतिस्पर्धा की नीति नहीं छोड़ी है और रूस के साथ मतभेद भी कायम हैं। शेनझेन की संयुक्त घोषणा भी मुख्य रूप से रणनीतिक स्थिरता, परमाणु जोखिम कम करने और ऊर्जा आपूर्ति से संबंधित थी। इससे दुनिया के बड़े संघर्षों का समाधान नहीं निकला।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement