टोंक। घर में बेटी के जन्म लेते ही उसके साथ भेदभाव शुरू हो जाता है और बेटे को ज्यादा महत्व दिया जाता है। बेटी को बडी मुश्किल से स्कूल भेजा जाता है, जबकि बेटे की पढाई पर पूरा ध्यान दिया जाता है। बेटी पर कम उम्र में शादी कर अनजान लोगों के बीच जिम्मेदारियों का बोझ डालकर उसके विकास के सारे रास्ते रोक दिए जाते है। अब इसी परम्परा को बदलने, नई सोच विकसित करने, शिक्षा से सशक्त बनाने की आवश्यकता है। नवरात्रा के शक्ति पर्व पर टोडारायसिंह में लाडली सम्मान अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए प्रधान शीला मीणा ने यह अपील की। उन्होंने कहा कि लाडली सम्मान अभियान पंचायत समिति की 30 ग्राम पंचायतों के गांव-ढाणियों में नई सोच के उजियारा को फैलाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि इस यज्ञ में जन-जन की आहूति आवश्यक है। प्रधान शीला मीणा ने उप प्रधान जगदीश घठाला के साथ बालिकाओं और सैकडों लोगों की मौजूदगी में उत्सवमय माहौल में अभियान के कारवां रथों को झण्डी दिखाकर भासू एवं दाबडदूम्बा ग्राम पंचायतों के लिए रवाना किया।