Exclusive: कैसा रहेगा बजट सत्र ? नोटबंदी के बाद निगाहें बजट पर...!
khaskhabar.com: शुक्रवार, 27 जनवरी 2017 1:40 PM (IST)
इस बार के बजट सत्र की पहली खास बात यही है कि रेल बजट को भी आम बजट के साथ
ही पेश किया जाएगा। जिसमें देखने वाली बात यह होगी कि रेल मंत्रालय के लिए
क्या खास घोषणाओं की जाएंगी। रेल मंत्रालय को नए तोहफे दिए जाएंगे या फिर
उनके बजट से भी कटौती की जाएगी। दूसरी तरफ जीएसटी को लागू करने की भी
जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। जो कि अपने आप में बड़ा फेर-बदल साबित
होगा। लेकिन वहीं टैक्स में बड़े फेर-बदल की कोई संभावना नहीं दिख रही। इस
बार सरकार ने प्लॉन और नॉन प्लॉन एक्सपेंडिचर की जगह कैपिटल और रेवेन्यू
एक्सपेंडिचर पेश करने का फैसला लिया है।
इस बार चीनी का स्वाद कड़ुआ होने
की उम्मीद है तो कर्ज के बोझ से दबे किसानों को थोड़ी राहत की भी उम्मीद
दिख रही है। सरकार चीनी पर प्रति किलो 18.50 रुपये की सब्सिडी देती है।
जिससे सरकार पर 4500 करोड़ रुपये सालाना का बोझ पड़ता है। इस बार के बजट
में सरकार चीनी पर सब्सिडी हटा सकती है। चुनाव आयोग ने सरकार से साफ शब्दों
में कहा था कि बजट में जिन पांच राज्यों में चुनाव होने वाले हैं वहां के
लिए किसी भी तरह की घोषणा नहीं की जानी चाहिए।
इसके बावजूद सरकार चुनावी
लॉलीपॉप देते हुए किसानों के ऋण को माफ कर सकती है। राष्ट्रपति प्रणब
मुखर्जी सत्र के शुरुआत में दोनों सदनों को एक साथ संबोधित करेंगे। आमतौर
पर सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति के भाषण के बाद सदन की कार्यवाही नहीं होती
लेकिन इस बार 31 जनवरी को ही आर्थिक समीक्षा भी पेश की जाएगी।