West Bengal BJP leader Agnimitra Paul targeted the opposition, said- Modi India is powerful-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 9:12 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पश्चिम बंगाल की बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- मोदी का भारत शक्तिशाली

khaskhabar.com: बुधवार, 02 अप्रैल 2025 12:23 PM (IST)
पश्चिम बंगाल की बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- मोदी का भारत शक्तिशाली
कोलकाता । पश्चिम बंगाल बीजेपी की नेता अग्निमित्रा पॉल ने आईएएनएस से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की और कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर तंज कसा। उन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि भारत के इतिहास को सही तरीके से पेश करने का समय आ गया है। अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों के लिए जो काम किया, उसकी तारीफ हर कोई करेगा। लेकिन शशि थरूर अचानक उनकी तारीफ क्यों कर रहे हैं? सुनने में आ रहा है कि वह बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं, ताकि केरल का मुख्यमंत्री बन सकें।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी- ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, राहुल गांधी- सिर्फ अपने और अपने परिवार के बारे में सोचते हैं। पॉल ने मुगल शासकों और अंग्रेजों के नाम पर सड़कों और स्थानों के नामकरण पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "मुगल, चंगेज खान, औरंगजेब, बाबर, तैमूर और अंग्रेजों ने भारत को लूटा। महिलाओं पर अत्याचार किया, लोगों को मारा और संपत्ति नष्ट की। फिर भी उनके नाम पर सड़कें क्यों हैं? यह हैरानी की बात है।" उनका कहना था कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति की, जिसे ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और केजरीवाल आज भी जारी रखे हुए हैं।
उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, "ममता लंदन जाकर अंग्रेजों की तारीफ करती हैं, जिन्होंने 3.5 करोड़ भारतीयों का खून बहाया। दो सौ साल तक अंग्रेजों ने हमें गुलाम बनाया, फिर भी उनकी प्रशंसा क्यों?" पॉल ने मांग की कि अत्याचारी शासकों के नाम सड़कों और चौकों से हटाए जाएं। उन्होंने कहा, "इतिहास में उनकी जगह हो सकती है, मकबरे और स्मारक रह सकते हैं, लेकिन सड़कों का नाम उनके नाम पर नहीं होना चाहिए।"
पॉल ने आगे कहा , "यह जवाहरलाल नेहरू का भारत नहीं, मोदी जी का शक्तिशाली भारत है। अब बच्चे गलत इतिहास नहीं पढ़ेंगे। शिवाजी, चंद्रगुप्त मौर्य, रानी पद्मिनी जैसे नायकों का सम्मान होगा, न कि औरंगजेब और बाबर का। सच को सामने लाया जाएगा।"
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement