Volcano erupts after 7.0 magnitude earthquake in Russia, tsunami threat-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

रूस में 7.0 तीव्रता के भूकंप के बाद फटा ज्वालामुखी, सुनामी का खतरा

khaskhabar.com: रविवार, 18 अगस्त 2024 11:45 AM (IST)
रूस में 7.0 तीव्रता के भूकंप के बाद फटा ज्वालामुखी, सुनामी का खतरा
मॉस्को। रूस के पूर्वी तट पर आए 7.0 तीव्रता वाले भूकंप के बाद कामचटका क्षेत्र में स्थित शिवलुच ज्वालामुखी फट गया है। स्थानीय मीडिया ने रविवार को इसकी जानकारी दी। सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस ने रूसी विज्ञान अकादमी की सुदूर पूर्वी शाखा के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान का हवाला देते हुए बताया कि भूकंप की तीव्रता तेज होने के कारण ज्वालामुखी फटा है और इससे राख और लावा निकल रहा है। रिपोर्ट में वैज्ञानिकों के हवाले से कहा गया है, “शिवलुच ज्वालामुखी में विस्फोट शुरू हो गया है, समुद्र तल से 8 किलोमीटर ऊपर तक ज्वालामुखी से निकली राख दिखाई दे रही है।”
दरअसल, शनिवार रात (स्थानीय समयानुसार) कामचटका के पूर्वी तट से दूर एक समुद्री क्षेत्र में 7.0 तीव्रता का भूकंप आया। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप 50 किलोमीटर की गहराई पर आया।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र ने शुरुआत में सुनामी का खतरा जारी किया था, लेकिन बाद में कहा कि यह खतरा टल गया है। हालांकि, रूसी आपात मंत्रालय ने सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
भूकंप के बाद प्रशांत महासागर में कामचटका के पास 3.9 से 5.0 की तीव्रता वाले कई झटके महसूस किए गए। मंत्रालय के हवाले से टीएएसएस ने बताया कि इनमें से ज्यादातर झटके जमीन पर महसूस नहीं किए गए।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement