Vishwaraj Singh Mewar and Bhavani Singh Kalvi met Nadda, Vasundhara was also present.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 12:54 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नड्डा से मिले विश्वराज सिंह मेवाड़ और भवानी सिंह कालवी, वसुंधरा भी रहीं मौजूद

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 अक्टूबर 2023 3:52 PM (IST)
नड्डा से मिले विश्वराज सिंह मेवाड़ और भवानी सिंह कालवी, वसुंधरा भी रहीं मौजूद
नई दिल्ली। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ और करणी सेना के संस्थापक स्व. लोकेंद्र सिंह कालवी के पुत्र भवानी सिंह कालवी का भाजपा में स्वागत करते हुए राजस्थान के सर्वांगीण विकास के संकल्प को और मजबूती मिलने का दावा किया है। मंगलवार को भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में पार्टी का दामन थामने के बाद विश्वराज सिंह मेवाड़ और भवानी सिंह कालवी ने पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह भी मौजूद रहें। नड्डा ने मुलाकात की तस्वीरों को एक्स पर शेयर करते हुए पोस्ट कर कहा, "श्रद्धेय महाराणा प्रताप के वंशज विश्वराज सिंह मेवाड़ और करणी सेना के संस्थापक स्व. लोकेंद्र सिंह कालवी के सुपुत्र भवानी सिंह कालवी का भाजपा परिवार में हार्दिक स्वागत करता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी के साथ आने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत निर्माण' के हमारे उद्देश्यों व राजस्थान के सर्वांगीण विकास के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।"
बता दें कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह और लोक सभा सांसद दीया कुमारी ने मंगलवार को ही पार्टी मुख्यालय में इन दोनों नेताओं को भाजपा में शामिल कराया। दोनों नेताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राजस्थान में बदलाव तय है, चुनाव की तारीख की घोषणा के बाद यह जॉइनिंग हो रही है और इसलिए यह बहुत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने आगे कहा कि राजस्थान में इनका बड़ा योगदान रहने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने का जो संकल्प लिया है, उसमें राजस्थान की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होने वाली है और राजस्थान को विकसित राजस्थान बनाने में आज की इस जॉइनिंग की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विजन में आस्था रखते हुए इन दोनों नेताओं ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। इनके परिवार का एक इतिहास रहा है और भाजपा के साथ इनके जुड़ने से पार्टी को मजबूती मिलेगी।
भाजपा में शामिल होने के बाद विश्वराज सिंह ने कहा कि उनके पूर्वजों ने हमेशा सर्वसमाज की रक्षा और भलाई के लिए सोचा है और इसी सोच के साथ वह आज भाजपा से जुड़े हैं। मोदी सरकार आत्मविश्वास और दृढ़निश्चय के साथ आगे बढ़ रही है और जनता को भी काबिल और दूरदर्शी नेतृत्व का साथ देना चाहिए।
भवानी सिंह कालवी ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा कि वो पोलो के खिलाड़ी रहे हैं और इस नाते कह सकते हैं कि देश की सबसे मजबूत पार्टी भाजपा है, जिसके कैप्टन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और टीम मेंबर के नाते जो भी उन्हें हुक्म दिया जाएगा, उसका पूरा पालन करेंगे और गेम (चुनाव) जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।
(आईएएनएस)

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement