Vicky Fighter Murder Case Solved: 8 Accused Arrested and One Juvenile Detained Within 72 Hours-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:23 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

विक्की फाइटर हत्याकांड का खुलासा, 72 घंटे में आठ आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी निरुद्ध

khaskhabar.com: मंगलवार, 23 जून 2026 1:03 PM (IST)
विक्की फाइटर हत्याकांड का खुलासा, 72 घंटे में आठ आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी निरुद्ध
जोधपुर। कमिश्नरेट पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर विक्की फाइटर हत्याकांड का खुलासा करते हुए महज 72 घंटे में गैंगवार में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अजय घारू (38), विशाल पंडित (36), विश्वास तेजी उर्फ चिक्कू (45), मोहित चांवरिया (24), मनीष बोयत (31), साहिल राठी (26), प्रिंस घारू (19) और हर्षित तंवर (19) शामिल हैं। सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किए जाने की संभावना है। पुलिस आयुक्त शरत कविराज और डीसीपी (पश्चिम) कमल शेखावत के निर्देश पर एडीसीपी (पश्चिम) नरेंद्र सिंह देवड़ा और एडीसीपी (प्रतापनगर) नतीशा जाखड़ के सुपरविजन में नौ थानाधिकारियों और एजीटीएफ की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लगातार दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
वारदात के बाद मेड़ता और ब्यावर में छिपे थे आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गैंगवार में 13-14 लोगों की भूमिका थी। वारदात के बाद तीन आरोपी मोपेड से ब्यावर पहुंचे और पेट्रोल पंप के पास वाहन छोड़कर फरार हो गए, जबकि अन्य आरोपी मेड़ता में रिश्तेदारों के यहां छिप गए। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और लगातार दबिश देकर आठ आरोपियों को दबोच लिया। शेष फरार आरोपियों की तलाश में जोधपुर, मेड़ता, ब्यावर और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई जारी है।
पहले रैकी की, फिर सात दुपहिया वाहनों पर पहुंचे हमलावर
पूछताछ में सामने आया कि वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी। पहले दो युवकों ने जीतू के गैराज के पास पेट्रोल पंप वाली गली में विक्की फाइटर और सन्नी हंस की रैकी की। सूचना मिलने के बाद मुख्य आरोपी अजय घारू के नेतृत्व में चार स्कूटर और तीन बाइक समेत सात दुपहिया वाहनों पर सवार 13-14 बदमाश मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने पहले दोनों पर फायरिंग की और गिरने के बाद धारदार हथियारों से हमला कर फरार हो गए।
गौरतलब है कि 12वीं रोड पर गुरुवार रात हुए हमले में विक्की फाइटर के सिर में और सन्नी हंस की पीठ में गोली लगी थी। दोनों पर धारदार हथियारों से भी हमला किया गया था। एमडीएम अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को विक्की फाइटर की मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच तेज कर दी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement