Vasundhara Raje governed with a commanding, assertive style—bureaucrats would even fall ill during her meetings-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, वसुंधरा राजे के शासन से तुलना करते हुए कहा— दोनों के काम करने के तरीके में दिन-रात का फर्क

khaskhabar.com: सोमवार, 23 नवम्बर 2026 1:50 PM (IST)
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, वसुंधरा राजे के शासन से तुलना करते हुए कहा— दोनों के काम करने के तरीके में दिन-रात का फर्क
वर्तमान सरकार में 'गवर्नेंस' नाम की कोई चीज नहीं, निवेश समिट पर करोड़ों खर्च कर किया तमाशा पंचायत चुनावों में भाजपा के सूपड़ा साफ होने पर बोले— जनता हमारी पिछली योजनाओं को याद कर रही है और कांग्रेस की एकजुटता का गया सकारात्मक संदेश जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने सोमवार (23 नवंबर 2026) सुबह जयपुर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की वर्तमान भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के शासन की तुलना करते हुए गहलोत ने कहा कि भले ही वसुंधरा राजे से उनके गहरे राजनीतिक मतभेद रहे हों और पहले कार्यकाल में पांच साल तक बोलचाल भी बंद रही हो, लेकिन राजे के काम करने के तरीके और वर्तमान सरकार के तरीके में दिन-रात का फर्क है। गहलोत ने कहा कि राजे केंद्रीय मंत्री रही थीं, जिसका लाभ उन्होंने यहां सरकार चलाने में उठाया और पूरी दबंगता के साथ राज किया।
‘राजे ने ब्यूरोक्रेसी को ज्यादा ही कंट्रोल में रखा, पर मौजूदा सरकार में गवर्नेंस नाम की चीज नहीं’
वसुंधरा राजे के कार्यकाल का किया जिक्र: पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि वसुंधरा राजे ने ब्यूरोक्रेसी को पूरी तरह नियंत्रण में रखा, बल्कि यूं कहें कि कुछ ज्यादा ही कंट्रोल में रखा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि राजे के समय कई ब्यूरोक्रेट्स तो उनकी बैठकों (मीटिंग्स) में बीमार तक पड़ जाते थे, ऐसे भी किस्से हुए हैं। गहलोत ने आरोप लगाया कि उस दौर में नौकरशाही के साथ सही व्यवहार नहीं होता था, फिर भी राजे ने अपने तरीके से जमकर सरकार चलाई, अभियान चलाए और चुनाव जीते। वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति व्यक्तिगत संबंधों पर गहलोत ने स्पष्ट किया कि उनके मन में कोई शिकायत नहीं है; वे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और राज्यपाल व मुख्यमंत्री का सम्मान करना हमारी संस्कृति है। दीपावली, होली और जन्मदिन जैसे सामाजिक अवसरों पर संबंध बने रहने चाहिए।
निवेश समिट और विदेश दौरों पर उठाए सवाल: वर्तमान सरकार के कामकाज पर निशाना साधते हुए गहलोत ने कहा कि आज प्रदेश में सरकार और 'गवर्नेंस' नाम की कोई चीज नजर नहीं आ रही। यह बात केवल जनता या ब्यूरोक्रेसी ही नहीं, बल्कि खुद सत्ताधारी दल के लोग कह रहे हैं कि उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने मुख्यमंत्री के विदेश दौरों और 'रिसर्जेंट राजस्थान' जैसे निवेश समिट पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों पर करोड़ों रुपये खर्च कर बड़ा तमाशा तो खड़ा कर दिया जाता है, लेकिन धरातल पर 10 प्रतिशत भी निवेश या रोजगार नहीं आता। उन्होंने कहा कि जब पिछली सरकार की योजनाएं ही बंद कर दी गईं, तो हर साल समिट करने का क्या औचित्य है।
पंचायत चुनाव में भाजपा की हार का विश्लेषण: ‘खुद भाजपा नेता कहने लगे— कांग्रेस राज में ज्यादा काम होते थे’
जनता में गया भाजपा की विफलता और कांग्रेस की एकजुटता का संदेश: हालिया पंचायत चुनावों में भाजपा की करारी हार के कारणों पर चर्चा करते हुए गहलोत ने कहा कि सत्ताधारी दल के नेता खुद सार्वजनिक रूप से कहने लगे थे कि उनकी सरकार में उनकी ही नहीं चलती और कांग्रेस राज में उनके काम ज्यादा होते थे। इससे सरकार की जनता में भारी किरकिरी हुई और मतदाताओं ने भाजपा का सूपड़ा साफ कर दिया।
जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने से जनता में आक्रोश: गहलोत ने कहा कि वर्तमान सरकार कोई नई योजना नहीं ला सकी, उल्टा पिछली कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को तहस-नहस कर दिया, जिससे आमजन में भारी रोष है और लोग कांग्रेस की योजनाओं को याद कर रहे हैं। उन्होंने पंचायत चुनाव में कांग्रेस की सफलता का श्रेय पार्टी की एकजुटता को देते हुए कहा कि प्रदेशाध्यक्ष ने सभी नेताओं के साथ बैठकर संगठन को व्यवस्थित किया और लगातार बैठकें कीं, जिससे जनता में यह स्पष्ट संदेश गया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement