किसी भी दिन, या कहें कि रात में, योगी एक ही बार में कम से कम चार विभागों
की समीक्षा बैठक करते हैं जो चार से पांच घंटे तक चलती हैं। हालात की
जानकारी रखने वालों का कहना है कि योगी तुरंत कोई खामी पकड़ लेते हैं,
आनन-फानन में फाइल मांग लेते हैं, एक-एक चीज पर उनकी बारीक नजर रहती है। एक
अधिकारी ने कहा कि निश्चित ही उनके लिए नई कार्यसंस्कृति को सीखना एक
तकलीफदेह कवायद है। हालात की मार सबसे अधिक मुख्य सचिव राहुल भटनागर पर
पड़ी है। उन्हें हर जगह मौजूद रहना होता है। लंबी बैठकों और तेज गति वाले
सरकारी कामकाज का सर्वाधिक बोझ उन्हीं के कंधे पर आया है।
राज्य
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी काम के बोझ से दबे हुए
हैं। बैठकें आधी रात तक जारी रहती हैं। इन विभागों के लोगों का काम इसके
बाद शुरू होता है जब वे मीडिया के लिए प्रेस विज्ञप्तियां बनाने बैठते हैं।
यहां तक कि समाचार पत्रों ने भी अपनी प्रिंटिंग डेडलाइन बढ़ा दी है।
उन्हें भी आधी रात के बाद मुख्यमंत्री दफ्तर से आने वाली खबरों की
प्रतीक्षा रहती है।