Union Minister Dr. Harsh Vardhan appealed to contact authentic website -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कोरोना वायरस - केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने दुष्प्रचार से बचने के लिए प्रामाणिक वेबसाइट से संपर्क करने की अपील की

khaskhabar.com: गुरुवार, 09 अप्रैल 2020 8:55 PM (IST)
कोरोना वायरस - केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने दुष्प्रचार से बचने के लिए प्रामाणिक वेबसाइट से संपर्क करने की अपील की
-नीति गोपेंद्र भट्ट- नई दिल्ली । केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन डॉ. हर्ष वर्धन ने कोविड-19 के बारे में दुष्प्रचार से बचने के लिए प्रामाणिक वेबसाइट से संपर्क करने की अपील की है। डॉ. हर्ष वर्धन की अध्यक्षता में कोविड-19 पर गठित उच्च स्तरीय मंत्री समूह की निर्माण भवन में 11 वीं बैठक हुई।
मंत्री समूह ने कोविड-19 के प्रबंधन और निवारण पर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री समूह ने अब तक किए गए उपायों, बचाव के रूप में सोशल डिस्टेंसिंग की वर्तमान स्थिति और कोविड-19 के फैलाव को रोकने के लिए केन्द्र और राज्यों के प्रभावी उपायों पर चर्चा की। मंत्री समूह को सभी जिलों से कोविड-19 पर काबू पाने के लिए अपनी-अपनी आकस्मिक योजना तैयार करने और उसे मजबूत बनाए जाने की जानकारी दी गई। कोविड-19 के विशेष अस्पताल बनाने के लिए पर्याप्त संसाधन लगाने, पीपीई, वेंटिलेंटर और अन्य आवश्यक उपकरणों आदि सहित चिकित्सा संस्थानों को युक्त बनाने समेत राज्यों की क्षमता मजबूत बनाने के कई अन्य उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। राज्यों से पहले से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कोविड-19 के केन्द्रों/अस्पतालों की पहचान करने को कहा गया।
मंत्री समूह ने देश भर में जांच की नीति और जांच किट की उपलब्धता की समीक्षा के साथ हॉट-स्पॉट और कलस्टर प्रबंधन की नीति की समीक्षा की। मंत्री समूह को पीपीई, मास्क, वेंटिलेटर, दवाओं और अन्य आवश्यक उपकरणों की आवश्यकता के आधार पर उपलब्धता तथा पर्याप्तता से अवगत कराया गया। मंत्री समूह को बताया गया कि पीपीई बनाने के लिए स्वदेशी निर्माताओं की पहचान की गई है और उन्हें आर्डर दे दिए गए हैं। इसके अलावा, वेंटिलेटर के लिए भी आर्डर दिए गए हैं। मंत्री समूह को कोविड-19 की वर्तमान में जांच कर रही सार्वजनिक और निजी प्रयोगशालाओं की संख्या और प्रतिदिन प्रयोगशालाओं के नेटवर्क में की जा रही जांच की संख्या से अवगत कराया गया। मंत्री समूह ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। मंत्री समूह ने मंत्रालयों और उच्चाधिकार समूहों के कार्य पर संतोष व्यक्त किया।
मंत्री समूह के अध्यक्ष और केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने कोविड-19 से रक्षा करने की सेवा में संलग्न और स्वास्थ्य आपात सेवा में लगे अग्रिम पंक्ति के डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा कर्मियों का बहिष्कार नहीं करने की सभी से अपनी अपील दोहराई। सभी को अफवाह या अपुष्ट सूचना फैलाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट (www.mohfw.gov.in), आईसीएमआर की वेबसाइट (www.icmr.nic.in), पीआईबी की वेबसाइट (www.pib.gov.in) और अन्य केन्द्रीय मंत्रालय कोविड-19 पर सूचना के लिए प्रामाणिक स्रोत हैं और कोविड-19 से संबंधित तकनीकी मुद्दों, मार्गदर्शन, परामर्शों और प्रबंधन से संबंधित किसी सूचना के लिए इन वेबसाइट और मंत्रालयों के साथ संपर्क करना आवश्यक है। मंत्रालय की वेबसाइट नागरिकों, राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों, अस्पतालों और अन्य पक्षों के लिए प्रामाणिक और पूर्ण सूचना का स्रोत है।” उन्होंने यह भी कहा कि कोविड-19 से संबंधित तकनीकी प्रश्नों को technicalquery.covid19@gov.in पर ई-मेल किया जा सकता है।
डॉ. हर्ष वर्धन ने फिर कहा कि किसे किस प्रकार का मास्क पहनना है और किसे पीपीई का इस्तेमाल करना है, इसके बारे में विस्तृत परामर्श और दिशा-निर्देश मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं और इनसे संबंधित जागरूकता आईईसी -सूचना, शिक्षा और संचार अभियान के माध्यम से विकसित की जा रही है। डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग और आइसोलेशन कोविड-19 के खिलाफ अत्यंत प्रभावी सोशल वैक्सीनेशन है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति को अपील की कि वे शारीरिक स्वच्छता और सांस में कठिनाई से संबंधित प्रोटोकॉल का लॉकडाउन की अवधि में पालन करें।
कोविड-19 के बारे में किसी प्रश्न पर कृपया स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की हेल्पलाइन नं. +91-11-23978046 या टॉल फ्री नं. 1075 पर कॉल करें। राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की कोविड-19 से संबंधित हेल्पलाइन नं. की सूची https://www.mohfw.gov.in/pdf/coronvavirushelplinenumber.pdf पर उपलब्ध है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement