HIV/AIDS: वित्तीय समर्थन में कटौती से, दशकों में हासिल की गई प्रगति पर ख़तरा
Source: UN News: गुरुवार, 26 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
जहाँ एक समय एचआईवी से संक्रमित होना मृत्युदंड समझ लिया जाता था, अब जीवनरक्षक दवाओं की मदद से लाखों-करोड़ों लोगों के लिए इस अवस्था में लम्बा और स्वस्थ जीवन जीना सम्भव है. मगर, वित्तीय संसाधनों में कटौती की वजह से एड्स के विरुद्ध लड़ाई में अब तक दर्ज की गई प्रगति के लिए जोखिम बढ़ रहा है.
एचआईवी वायरस संक्रमित व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमज़ोर करता है और एड्स बीमारी का कारण बनता है. विश्व भर में, एचआईवी के साथ जीवन गुज़ार रहे चार करोड़ लोगों में से लगभग 3.21 करोड़ को फ़िलहाल उपचार हासिल है.एड्स का अन्त करने के लिए समर्पित यूएन एजेंसी (UNAIDS) द्वारा मंगलवार को जारी एक नई रिपोर्ट दर्शाती है कि 2025 में, निम्न- और मध्य-आय वाले देशों में एचआईवी से निपटने के लिए संसाधनों में एक अरब डॉलर से अधिक की गिरावट आई है.अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2030 तक एड्स का अन्त करने के लिए ज़रूरी वार्षिक धनराशि और उपलब्ध संसाधनों में 4.3 अरब डॉलर की खाई है.यूएनएड्स की कार्यकारी निदेशक विनी ब्यानयिमा ने चेतावनी दी है कि, “एचआईवी रोकथाम के प्रयास विफल होने के परिणाम हम जानते हैं. संक्रमण और उपचार की ज़रूरत बढ़ती है, ख़र्च बढ़ता है और लोगों की जान जाती है.”रोकथाम प्रयासों पर असरHIV से बचाव के लिए अब साल में दो बार लगाया जाने वाला लेनाकापाविर (PrEP) इंजेक्शन और अन्य नई दवाएँ उपलब्ध हैं. मगर वित्तीय कटौती का सबसे अधिक असर रोकथाम कार्यक्रमों पर पड़ा है.2025 में, उससे पहले के वर्ष की तुलना में यह उपचार पाने वाले लोगों की संख्या में 4.4 लाख की कमी दर्ज की गई है. इन दवाओं का इस्तेमाल यौनकर्मियों में 59 फ़ीसदी, इंजेक्शन से नशीली दवाएँ लेने वालों में 58 फ़ीसदी, ट्रांसजैंडर लोगों में 23 फ़ीसदी और पुरुषों के साथ यौन सम्बन्ध रखने वाले पुरुषों में 17 फ़ीसदी घटा है.अन्य रोकथाम सेवाएँ भी प्रभावित हुई हैं. वर्ष 2024 से 2025 के बीच दुनिया भर में कॉन्डम का वितरण तीन अरब से घटकर 2.7 अरब रह गया. सिमटती सहायता, बढ़ता ख़तराविनी ब्यानयीमा ने चेतावनी दी, “आज बन्द होता हर क्लीनिक, रोज़गार खोने वाला हर स्वास्थ्यकर्मी और HIV रोकथाम सेवाओं से वंचित हर युवती, कल नए संक्रमण का कारण बन सकते हैं.”एड्स से निपटने में अहम भूमिका निभाने वाले नागरिक समाज संगठनों की वित्तीय सहायता पिछले दो वर्षों में तेज़ी से घटी है. इससे अनेक संगठनों को HIV सेवाएँ घटानी या बन्द करनी पड़ी हैं.उन्होंने कहा, “सामुदायिक संगठन कोई वैकल्पिक सुविधा नहीं, बल्कि अक्सर स्वास्थ्य सेवाओं और HIV संक्रमण के सबसे अधिक जोखिम वाले लोगों के बीच भरोसे की एकमात्र कड़ी हैं.अनेक देशों में क़र्ज़ चुकाने पर स्वास्थ्य बजट से दो से तीन गुना अधिक ख़र्च हो रहा है. ऐसे में विदेशी सहायता में कटौती की भरपाई मुश्किल है. HIV से निपटने के कुल संसाधनों में विदेशी सहायता की हिस्सेदारी नाइजीरिया में 98 फ़ीसदी तक, मोज़ाम्बीक में 94 फ़ीसदी और युगांडा में 80 फ़ीसदी है.यूएनएड्स के अनुसार, ऐरीट्रिया और ज़ाम्बिया में HIV रोकथाम का पूरा दर्ज ख़र्च विदेशी दानदाता उठाते हैं.गम्भीर प्रभावों की आशंकायूएनएड्स ने चेतावनी दी है कि वर्ष 2025 में वित्तीय सहायता में कटौती के सबसे गम्भीर परिणाम अभी सामने आने बाक़ी हैं.मौजूदा उपचार कार्यक्रम फ़िलहाल HIV संक्रमित लोगों को सुरक्षा दे रहे हैं, लेकिन रोकथाम, जाँच और इलाज में बाधाओं से नए संक्रमण, एड्स से जुड़ी बीमारियाँ और मौतें बढ़ सकती हैं. इसके संकेत मिलने लगे हैं. HIV की जाँच और उपचार शुरू कराने वाले लोगों की संख्या घट रही है, प्रयोगशाला सेवाएँ कमज़ोर पड़ रही हैं और मरीज़ों को इलाज जारी रखने में मदद देने वाली सामुदायिक सेवाएँ बन्द हो रही हैं.वित्तीय कटौती से HIV के अति-गम्भीर संक्रमण (Advanced HIV Disease – AHD) की जाँच और उपचार भी प्रभावित हुए हैं. पिछले साल इस स्थिति से प्रभावित लगभग 34 लाख लोगों में से हर आठ में एक की एक वर्ष के भीतर मौत हो गई.संक्रमण के इस प्रकार की जाँच में 35 फ़ीसदी की गिरावट आई है. इससे उपचार के बेअसर होने और गम्भीर संक्रमण की समय पर पहचान व जीवनरक्षक इलाज उपलब्ध कराना कठिन हो रहा है.