-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

महिलाओं के विरुद्ध हिंसा: पुलिस तक पहुँचती हैं केवल सात फ़ीसदी शिकायतें

Source: UN News: बुधवार, 25 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
महिलाओं के विरुद्ध हिंसा: पुलिस तक पहुँचती हैं केवल सात फ़ीसदी शिकायतें
शारीरिक या यौन हिंसा की चपेट में आने वाली हर चार में से एक महिला ही अपने परिवारजन, समुदाय या प्रशासन से किसी तरह की मदद पाने का आग्रह करती हैं. वहीं, केवल सात प्रतिशत महिलाएँ ही ऐसी किसी घटना की जानकारी पुलिस को दे पाती हैं. महिला सशक्तिकरण के लिए यूएन संस्था (UN Women) ने हिंसा से गुज़रने वाली महिलाओं और उनकी न्याय तक पहुँच के विषय में 54 देशों में कराए गए एक अध्ययन में यह जानकारी दी है.रिपोर्ट के अनुसार, यदि महिलाएँ अपने अनुभव को सामने लाने के लिए तैयार भी होती हैं, तो भी उनके लिए न्याय की गारंटी नहीं है. यौन हिंसा के अपराध मामलों में दोष साबित होने की सम्भावना सबसे कम होती है.यूएन वीमैन ने 'महिलाओं के विरुद्ध हिंसा उन्मूलन के अन्तरराष्ट्रीय दिवस' से पहले इस अध्ययन के निष्कर्ष साझा किए हैं, जिसे हर वर्ष, 25 नवम्बर को मनाया जाता है. इस वर्ष की थीम है: महिलाओं व लड़कियों के विरुद्ध हिंसा का अन्त करने के लिए एकजुटता: न्याय सुनिश्चित, जीवित बच गई महिलाओं की सुरक्षा, दंडहीनता का अन्त.विश्व स्तर पर, 84 करोड़ महिलाएँ व लड़कियाँ, यानि लगभग हर तीन में से एक, अपने जीवनकाल में शारीरिक और यौन हिंसा का शिकार हुई हैं. © Unsplash/Nadine E महिलाएं हिंसा का विरोध कर रही हैं. जवाबदेही नदारद हैयूएन वीमैन की कार्यकारी निदेशक सीमा बहाउस ने कहा, “दुनिया भर की बहुत-सी न्याय प्रणालियाँ हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं और लड़कियों को न्याय दिलाने में विफल हो रही हैं. हिंसा के मामले दर्ज ही नहीं हो पाते हैं, अभियोजन की प्रक्रिया अधूरी रह जाती है और अदालतों के निर्णयों को लागू नहीं किया जाता.”उन्होंने कहा कि एकजुट प्रयासों के ज़रिए यह सुनिश्चित करना होगा कि न्याय प्रणालियाँ हिंसा से गुज़रने वाली महिलाओं और लड़कियों की रक्षा करने, उनके अधिकारों को बनाए रखने और अपराधियों की जवाबदेही तय करने की अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करें.यूएन संस्था की डेटा ब्रीफ़ के निष्कर्ष एक ऐसी व्यवस्था को उजागर करते हैं, जहाँ चुप्पी ओढ़ लेना सामान्य है, जवाबदेही एक अपवाद है और किसी महिला को न्याय मिलने की तुलना में अपराधी के बच निकलने की सम्भावना कहीं अधिक है.यूएन वीमैन के अनुसार, केवल 7 प्रतिशत महिलाओं ने शारीरिक या यौन हिंसा की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, जबकि यह मानवाधिकारों के सबसे व्यापक उल्लंघनों में से है. अनेक महिलाओं के लिए चुप रहना कोई विकल्प नहीं है, बल्कि इसकी वजह वे जोखिम है, जिनका सामना उन्हें अपनी बात कहने पर करना पड़ता है.दुर्व्यवहार की शिकायत करने पर महिलाएँ अक्सर अपना घर, अपने बच्चे और अपनी आजीविका खो सकती हैं. उनके परिवार उन्हें छोड़ सकते हैं, और समुदायों में उनका बहिष्कार हो सकता है.अपराधियों के नाम उजागर किए जाने पर उन्हें डराए-धमकाए जाने का भी ख़तरा होता है. जब महिलाएँ अपनी आपबीती बताने के लिए सामने आती भी हैं तो अक्सर उन्हें बोलने के लिए दंडित किया जाता है और देर से शिकायत करने के लिए दोषी ठहराया जाता है.व्यथा बयाँ करने में हिचकिचाहटसंयुक्त राष्ट्र संस्था के आँकड़ों के अनुसार, एशियाई देशों में हिंसा की चपेट में आने वाली केवल 16 प्रतिशत महिलाएँ ही मदद मांगती हैं. अफ़्रीका में यह आँकड़ा 31 प्रतिशत और लातिन अमेरिका व कैरीबियाई क्षेत्र में 40 प्रतिशत है.योरोपीय संघ के देशों में, हिंसा का सामना करने वाली 64 प्रतिशत महिलाएँ अपने किसी क़रीबी व्यक्ति के साथ अपनी आपबीती साझा तो करती हैं, लेकिन केवल 14 प्रतिशत महिलाएँ ही पुलिस के पास जाती हैं.डेटा ब्रीफ़ के अनुसार, विश्व भर में दर्ज किए गए मामलों में से 63 से 97 प्रतिशत मामलों में दोषसिद्धि नहीं हो पाती है. ऐसे मामले न्याय प्रणाली से बाहर हो जाते हैं; हिंसा से बची महिलाओं को बार-बार पूछताछ और डराने-धमकाने का सामना करना पड़ता है; और अपराधियों को शायद ही कभी जवाबदेह ठहराया जाता है.अनेक मामलों में सत्ता और प्रभावशाली पदों पर बैठे लोगों को उनके अपराधों के लिए कभी दोषी नहीं ठहराया जाता, जिससे दंडमुक्ति की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है.यही स्थिति ऑनलाइन जगत में भी देखने को मिल रही है. सार्वजनिक जीवन में ऑनलाइन हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं में से केवल 25 प्रतिशत ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है.अपराधियों को दंडित करने के बजाय, महिलाओं को ही डिजिटल प्लैटफ़ॉर्म से बाहर होने, उनकी आवाज़ दबाए जाने और सार्वजनिक जीवन में हिस्सेदारी के उनके अधिकार से वंचित किए जाने के लिए मजबूर किया जाता है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement