-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

'सब कुछ छोड़कर जान बचाने के लिए भागे': युद्धग्रस्त यमन में माँ बनने की जद्दोजहद

Source: UN News: बुधवार, 25 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
'सब कुछ छोड़कर जान बचाने के लिए भागे': युद्धग्रस्त यमन में माँ बनने की जद्दोजहद
यमन के ताइज़ शहर के नज़दीक जब दो महीने पहले लड़ाई में अचानक तेज़ी आई, तो दाई के तौर पर काम करने वाली अनीसा फ़दल के पास जान बचाकर भागने के लिए सामान बाँधने का भी समय नहीं था. उन्हें अपने घर और क्लीनिक को उसी हाल में छोड़कर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिन्हें लूटपाट के बाद फिर बर्बाद कर दिया गया. उन्होंने बताया कि, “मैंने अपने मेडिकल उपकरण और सामान को बाँध लिया होता, लेकिन पूरा गाँव उसी दिन वहाँ से भाग गया. कोई परिवहन साधन नहीं था और हम केवल अपने जीवन के साथ ही वहाँ से निकल पाए.”अनीसा फ़दल ने यूएन जनसंख्या कोष (UNFPA) के साथ अपने क्लीनिक के बारे में बात करते हुए कहा कि हर चीज़ को लूट लिया गया. “ग़द्दे, कुर्सी, इलैक्ट्रॉनिक उपकरण लूट लिए गए, यहाँ तक कि वे बिस्तर भी जिन पर मरीज़ों की जाँच की जाती है.”वर्ष 2014 से, ईरान द्वारा समर्थित हूथी लड़ाकों (अंसार अल्लाह गुट) का सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकार से टकराव रहा है. हूथी अलगाववादियों का राजधानी सना समेत अन्य इलाक़ों पर क़ब्ज़ा है, जबकि अन्तरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त यमनी सरकार अदन में स्थित है.हाल के महीनों में हिंसक टकराव में फिर आई तेज़ी की वजह से, इस वर्ष अगस्त महीने से अब तक 3.2 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं, जिनमें केवल अक्टूबर में 80,000 से अधिक विस्थापन के लिए मजबूर हुए हैं.वहीं, संयुक्त राष्ट्र के प्रवासन संगठन (IOM) के अनुसार, इस वर्ष पहले से ही 2.2 करोड़ से अधिक लोगों के लिए मानवीय सहायता का अनुमान लगाया गया था.महिलाएँ सबसे अधिक असुरक्षितहिंसक टकराव और विस्थापन की इन घटनाओं के दौरान महिलाएँ सबसे अधिक असुरक्षा की चपेट में आई हैं, जिन्हें यौन हिंसा का भी सामना करना पड़ा है. गर्भवती महिलाओं व माताओं के लिए हालात विशेष रूप से गम्भीर हैं.विस्थापितों में छह हज़ार से अधिक गर्भवती महिलाएँ हैं. संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) का अनुमान है कि इस महीने लगभग 600 महिलाओं को बुनियादी स्वच्छता या चिकित्सा सुविधाओं के बिना ही प्रसव से गुज़रना होगा.लगभग 1,500 महिलाओं को सम्भावित जटिलताओं के कारण आपातकालीन प्रसूति एवं नवजात शिशु देखभाल की आवश्यकता पड़ सकती है, जबकि दो-तिहाई से भी कम स्वास्थ्य केन्द्र पूरी तरह से काम कर पा रहे हैं.यमन, इस क्षेत्र में सबसे अधिक मातृ मृत्यु दरों वाले देशों में से एक है, जहाँ हर दिन तीन महिलाओं की मौत गर्भावस्था से जुड़ी उन जटिलताओं के कारण होती है, जिनकी रोकथाम की जा सकती है. © UNFPA/Human Access UNFPA की टीम द्वारा यमन के अदन में विस्थापित शिविरों में महिलाओं और लड़कियों को प्रजनन स्वास्थ्य सम्बन्धी सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं. सुरक्षा की तलाश के साथ सेवा भीभीषण गर्मी, परिवहन के साधनों की कमी और सुरक्षित पेयजल की क़िल्लत के बावजूद, अनीसा फ़दल ने पलायन के दौरान भी ज़रूरतमन्दों की देखभाल जारी रखी है.उन्होंने बताया कि, “मेरी प्राथमिकता बच्चों व गर्भवती महिलाओं को आराम पहुँचाना था. पैदल चलते समय एक मालवाहक ट्रक वहाँ से गुज़रा. हमने कुछ गर्भवती महिलाओं, बुज़ुर्ग महिलाओं और बच्चों को उसमें बैठा दिया.”अपने गाँव से भागकर अदन में बसने के महज़ दो दिन बाद ही उन्होंने अपना काम शुरू कर दिया.आवश्यक दवाओं की गम्भीर क़िल्लत है, मेडिक सामान की आपूर्ति अत्यधिक सीमित है, लेकिन इसके बावजूद वह अलग-अलग विस्थापन शिविरों में जाती हैं, बच्चों के जन्म में मदद करती हैं. इसके अलावा, प्रसव-पूर्व व प्रसव के बाद आवश्यक जाँच के साथ माताओं को स्तनपान, शिशु पोषण और स्वच्छता के बारे में सलाह भी देती हैं.वह उन महिलाओं और लड़कियों को मनोसामाजिक सहायता व परिवार नियोजन सेवाएँ भी प्रदान करती हैं, जिनकी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच में लम्बे समय से रुकावटें रही हैं.अनीसा फ़दल के अनुसार, “कम उम्र में विवाह की प्रथा व्यापक रूप से प्रचलित है. 20 वर्ष की लड़कियों के अक्सर पहले से ही दो बच्चे होते हैं, जबकि उन्हें कभी भी बच्चों के जन्म के बीच उचित अन्तर रखने की सलाह या परिवार नियोजन सेवाएँ नहीं मिली होती हैं.”विकट परिस्थितियों का सामनाअनीसा फ़दल ने जिन लोगों की मदद की, उनमें उम मोहम्मद भी हैं, जो गर्भवती होने के बावजूद ताइज़ में जारी लड़ाई से बचने के लिए अपने छोटे बच्चों के साथ चिलचिलाती धूप में पैदल ही भाग गई थीं.उन्होंने UNFPA को बताया कि, “मुझे इस बात का बहुत डर था कि कहीं मेरा गर्भ न गिर जाए, गोलाबारी में मुझे चोट न लग जाए या मेरे बच्चों के साथ कोई भयानक घटना न हो जाए.”सुरक्षित स्थान पर पहुँचने के बाद, परिवार को एक मेज़बान परिवार के यहाँ आश्रय मिल गया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उम मोहम्मद को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. अनीसा फ़दल, उस समय पास में ही शरण लिए हुए विस्थापितों की भीड़ में मौजूद थीं, और वह तुरन्त मदद के लिए आगे आईं.“उन्होंने बिना किसी उपकरण के ही सहजता से मेरा प्रसव कराया. उन्होंने मेरे बच्चे की गर्भनाल को आटे की बोरी के एक धागे से बाँधा और फिर पड़ोसी से उधार ली गई एक रेज़र ब्लेड से उसे काट दिया.”उम मोहम्मद के अनुसार, “यह मेरे जीवन का सबसे कठिन प्रसव था. ऐसा केवल शारीरिक पीड़ा के कारण नहीं था, बल्कि डर और चिन्ता की वजह से भी था.” © UNFPA/Human Access यमन के अदन में विस्थापित लोगों के एक शिविर में दाई अनीसा फ़दल एक गर्भवती महिला की देखभाल कर रही हैं. वित्तीय संसाधनों की क़िल्लतयूएन जनसंख्या कोष ने कई वर्ष पहले, अनीसा फ़दल को एक दाई के रूप में प्रशिक्षित किया था और उनकी सेवाएँ शुरू करने के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने में मदद की थी.30 अक्टूबर तक, यूएन एजेंसी ने आपातकालीन प्रजनन स्वास्थ्य देखभाल और संरक्षण सेवाओं के माध्यम से लगभग 1.8 लाख लोगों तक सहायता पहुँचाई है. इसके लिए मोबाइल स्वास्थ्य दल तैनात किए गए, विशेषज्ञ स्वास्थ्य केन्द्रों में रेफ़रल की व्यवस्था की गई और सामुदायिक दाइयों को भी सक्रिय किया गया.वर्ष 2026 में, UNFPA ने महिलाओं और लड़कियों के लिए अपनी महत्वपूर्ण सहायता जारी रखने के उद्देश्य से 7.19 करोड़ अमेरिकी डॉलर की धनराशि जुटाने की अपील की थी, लेकिन अब तक इस रक़म का केवल एक-चौथाई हिस्सा ही जुटा पाना सम्भव हुआ है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement