एकजुटता से ठोस बदलाव तक: साझा विकास लक्ष्यों के लिए दो दशक की यात्रा
Source: UN News: मंगलवार, 24 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
विकासशील देशों में निर्धनता व भूख की चुनौती से निपटने और सतत विकास को बढ़ावा देने के इरादे से भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ़्रीका ने वर्ष 2004 में एक कोष (IBSA) की स्थापना की थी, जिसमें स्थानीय विकास आवश्यकताओं के अनुसार समर्थन मुहैया कराया जाता है. इस पहल के दो दशक पूरे होने के सिलसिले में शुक्रवार को यूएन मुख्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग यहाँ देखी जा सकती है.
‘ब्रिक्स’ देशों के समूह में शामिल तीन देशों – भारत, ब्राज़ील, दक्षिण अफ़्रीका – के ‘इब्सा कोष’ (IBSA Fund) के ज़रिए जिन परियोजनाओं को समर्थन दिया जाता है, उन्हें 'दक्षिण-दक्षिण सहयोग' के लिए यूएन कार्यालय (UNOSSC) के समर्थन से लागू किया जाता है. यह विकासशील देशों के बीच ऐसी विकास साझेदारी है, जिसमें साझा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए ज्ञान, कौशल व संसाधनों का आदान-प्रदान किया जाता है.IBSA कोष यूएन एजेंसियों के साथ मिलकर विकास परियोजनाओं को वित्तीय समर्थन मुहैया कराता है. अब तक 40 से अधिक देशों में, साढ़े पाँच करोड़ डॉलर की धनराशि से लगभग 50 परियोजनाओं को समर्थन दिया गया है. शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम की थीम थी: तीन साझेदार, दो दशक, एक साझा संकल्प – व्यक्तियों व समुदायों की ज़रूरतों को पूरा करने के लिए दक्षिण-दक्षिण एकजुटता. इस दौरान, साझेदारी के संस्थापक देशों के प्रतिनिधियों, यूएन संगठनों के अधिकारियों ने विकास परियोजनाओं में IBSA कोष की भूमिका व योगदान पर बातचीत में हिस्सा लिया.
UN Office for Partnerships
यूएन विकास कार्यक्रम के प्रशासक ऐलेक्ज़ेंडर डे क्रू.
बदलाव लाने में भूमिकाकार्यक्रम की संचालक, यूएन न्यूज़ में पुर्तगाली भाषा टीम की प्रमुख मोनिका ग्रेली ने इस परिचर्चा की शुरुआत यूएन विकास कार्यक्रम (UNDP) के प्रशासक ऐलेक्ज़ेंडर डे क्रू से की, जिनका संगठन आरम्भ से ही इस पहल का हिस्सा रहा है.यूएन विकास कार्यक्रम प्रमुख ने कहा कि भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ़्रीका ने दो दशक पहले अपने तीन संसाधनों को एक साथ लाने का निर्णय लिया था: उनका ज्ञान, उनके लोग, उनके अनुभव. उसके बाद से अब तक लगभग 52 परियोजनाओं को लागू किया गया है, जिनमें से 32 यानि 60 फ़ीसदी में यूएन विकास कार्यक्रम की भूमिका रही है.“मेरे विचार में, 20 वर्ष पहले जो कुछ शुरू हुआ था, वह विकास पर एक नज़रिया था: विकास केवल बातचीत करने के बारे में नहीं है बल्कि इसे कार्रवाई में बदलने की ज़रूरत है. इस बारे में कि आप लोगों के जीवन में किस तरह से बदलाव ला सकते हैं.”उन्होंने कहा कि यह छोटा या बड़ा बदलाव, कुछ भी हो सकता है. UNDP प्रशासक ने मोज़ाम्बीक़ में एक परियोजना का उल्लेख किया, जोकि जल प्रबन्धन में स्थानीय किसानों को समर्थन देने के लिए ब्राज़ील के ज्ञान पर आधारित है. उनके अनुसार, इसे एक लघु स्तर पर होने वाला परिवर्तन देखा जा सकता है, फिर दूसरी ओर विशाल पैमाना है, जैसेकि सौर ऊर्जा में भारत के ज्ञान व अनुभव पर आधारित सौर एलायंस.ऐलेक्ज़ेंडर डे क्रू ने कहा कि धनराशि या मीडिया में आई ख़बरों के बजाय, विकास को लोगों के जीवन में आए बदलाव से आंका जाना होगा कि किन नतीजों को हासिल किया गया और लोगों के जीवन में सुधार आया या नहीं.
UN Office for Partnerships
IBSA कोष के दो दशक पूरे होने पर यूएन मुख्यालय में आयोजित एक परिचर्चा में दक्षिण-दक्षिण सहयोग कार्यालय की प्रमुख दीमा अल ख़तीब, और यूनीसेफ़ में निदेशक मंदीप ओ ब्रिएन.
सर्वोत्तम उपायों पर ध्यान इस कोष की देखरेख का दायित्व, दक्षिण-दक्षिण सहयोग के लिए यूएन कार्यालय (UNOSSC) के पास है, जिसकी निदेशक दीमा अल ख़तीब ने कहा कि तीन देशों की एकजुटता के साथ शुरू की गई यह पहल, पारस्परिक सहयोग की भावना को ही दर्शाती है.उन्होंने ध्यान दिलाया कि इस कोष के समर्थन से, स्थानीय सरकारों की देखरेख में उनकी प्राथमिकताओं के आधार ही परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाता है. इस प्रक्रिया में यूएन प्रणाली द्वारा तकनीकी सहयोग, विशेषज्ञता व सेवा प्रदान की जाती है.दीमा अल ख़तीब ने बताया कि सितम्बर महीने में, दक्षिण-दक्षिण सहयोग पर एक वैश्विक पहल की शुरुआत हुई है, जिसका उद्देश्य व्यापक साझेदारियों को प्रोत्साहन देना है ताकि विकास पथ पर सर्वश्रेष्ठ उपायों को अपनाया जा सके. इसके लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों, शिक्षा जगत और निजी सैक्टर सभी हितधारकों को एक साथ लेकर चला जाएगा.सहायता का संकल्पसंयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई प्रतिनिधि, राजदूत पी. हरीश ने बताया कि इस कोष की स्थापना तीन बड़े, विकासशील देशों ने की थी, जो बहुजातीय, सांस्कृतिक विविधता से परिपूर्ण और अलग-अलग महाद्वीपों में स्थित हैं. “हमारी अपनी विशिष्ट विकास यात्रा रही है और हमने बहुत अलग विकास चुनौतियों का सामना किया है, हम उनसे उबरे हैं और कुछ से पार पाने की प्रक्रिया में हैं.”राजदूत पी. हरीश के अनुसार, इस कोष के लिए समर्थन में हमारे साथी विकासशील देशों के लिए सहायता का संकल्प है. एशिया व अफ़्रीका में औपनिवेशवाद के अन्त, ऐतिहासिक अनुभवों से मित्रता का यह भाव मज़बूत हुआ है.उन्होंने कहा कि दो दशक पहले, जब विकसित देशों द्वारा आधिकारिक विकास सहायता (ODA) का बोलबाला था, तब IBSA कोष स्थापित हुआ था, चूँकि यह महसूस किया गया कि कुछ अनूठा योगदान किया जा सकता है. “अब 20 वर्ष बाद, हम उसी संकल्प व उद्देश्य के साथ खड़े हुए हैं, जब ODA के बहाव में कमी आई है.”ब्राज़ील के राजदूत सर्गियो फ़्राँका डेनेस ने कहा कि ब्राज़ील, भारत और दक्षिण अफ़्रीका, ‘ब्रिक्स’ समूह का हिस्सा हैं और जी20 समूह में भी शामिल हैं. इन साझेदारियों का उपयोग, दक्षिण-दक्षिण सहयोग के तहत इन पहल को समर्थन देने के लिए किया जाता है.“जैसेकि, भारत ने अपनी जी20 अध्यक्षता के दौरान ग्लोबल साउथ में एक पोषण कार्यक्रम को शुरू किया.” ब्राज़ील ने भी ऐसा ही किया. यह निरन्तरता को दर्शाता है.राजदूत सर्गियो फ़्राँका डेनेस ने कहा कि उनके देश के पास अनुभवों के आधार पर कुछ चुनौतियों के समाधान हैं, जिन्हें हम साथी देशों के साथ साझा करने के लिए इच्छुक हैं, ताकि उन्हें विकास पथ पर आगे बढ़ाया जा सके. दक्षिण अफ़्रीका के स्थाई प्रतिनिधि म्क्सओलिसि सीज़ो न्कोसी ने कहा कि यह एकजुटता का भाव है, और दान या परोपकार पर आधारित नहीं है. उन्होंने कहा कि यह दानदाताओं की प्राथमिकताओं के आधार पर नहीं है और न ही विकास सहयोग की पारम्परिक पद्धतियों के अनुरूप है. यहाँ परियोजनाओं वाले देशों के लिए कोई शर्तें नहीं हैं. “हम अपने साझेदारों की सम्प्रभुता का सम्मान करते हैं, यह निर्णय लेने में कि किन क्षेत्रों में विकास व सहयोग की आवश्यकता है...और इसका अर्थ उन्हें हमेशा निर्भर बनाए रखना भी नहीं है.” दक्षिण अफ़्रीका के राजदूत के अनुसार, विचार यह है कि कौशल, संसाधन, सशक्तिकरण के साथ उनमें आत्म-निर्भरता के एहसास को पोषित किया जाए.
विकास परियोजनाएँइस कार्यक्रम में अंगोला, मोज़ाम्बीक़, सेंट लूशिया, फ़लस्तीन और तिमोर लेस्ते के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की और IBSA समर्थित परियोजनाओं पर अपने अनुभवों को साझा किया.अलग-अलग देशों की भिन्न-भिन्न चुनौतियाँ हैं, लेकिन उनसे निपटने के लिए एक साझा दृष्टि है. चंद परियोजनाओं के उदाहरण:कोमोरोस में खाद्य उत्पादन व ग्रामीण आजीविकाओं को मज़बूती देने के इरादे से एक हज़ार से अधिक किसानों को कृषि के बेहतर तौर-तरीक़ों में प्रशिक्षण दिया गया है.बोलिविया में पानी की बेहतर आपूर्ति के लिए 20 जल कुँए तैयार किए गए हैं, जिनकी खुदाई के लिए भारत की विशेषज्ञता को स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर अपनाया गया.काबो वर्दे में जल शोधन सम्बन्धी ढाँचे के ज़रिए 12 हज़ार से अधिक लोगों के लिए सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था के प्रयास किए गए हैं.वियतनाम में, धान की खेती के लिए बीजों को समर्थन दिया गया है, ताकि कृषि उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिल सके है और डिजिटल लर्निंग से स्वास्थ्य देखभाल के कौशल विकास पर भी काम हुआ है.कम्बोडिया में, स्वास्थ्य देखभाल केन्द्र के ज़रिए, विशेष ज़रूरतों वाले दो हज़ार बच्चों के लिए सेवाएँ मुहैया कराई गई हैं.सिएरा लियोन में, डिजिटल वित्तीय सेवाओं को हज़ारों नए उपभोक्ताओं तक पहुँचाया गया है, और बचत, क़र्ज़ व बीमा सुविधाओं के दायरे में विस्तार किया गया है.लाइबेरिया में प्रशिक्षण व ठोस सामुदायिक सम्पर्क की बुनियाद पर महिलाओं के नेतृत्व व सार्वजनिक निर्णय-निर्धारण में उनकी भागेदारी को प्रोत्साहन दिया जा रहा है.