यूक्रेन: सर्द मौसम में बिजली, जल आपूर्ति नैटवर्क पर हमले, ज़िन्दगियों पर जोखिम
Source: UN News: मंगलवार, 24 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
यूक्रेन में सर्द मौसम की शुरुआत के साथ, देश के ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर रूसी सैन्य बलों द्वारा किए गए हमलों से आम लोगों के लिए तापन (heating) व जल व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है. साथ ही, हमलों की वजह से काला सागर जलमार्ग से खाद्य सामान की आपूर्ति में भी व्यवधान आया है, जिसके असर दूर तक महसूस किए जा सकते हैं. इस पृष्ठभूमि में, सोमवार को सुरक्षा परिषद की एक बैठक में बिगड़ते हालात पर गहरी चिन्ता व्यक्त की गई है.
यूक्रेन मुद्दे पर सोमवार को सुरक्षा परिषद की बैठक, नवम्बर महीने के लिए सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष देश लातविया ने लाइबेरिया और पनामा के समर्थन से बुलाई है. 23 नवम्बर को, यूक्रेन के दोनेत्स्क, ख़ारकीव, ज़ैपोरिझझिया और सूमी क्षेत्रों में हमले हुए हैं, जिनमें कम से कम पाँच लोगों की जान गई है. बीते सप्ताहांत हुए हमलों में आबादी वाले केन्द्रों को निशाना बनाया गया था.यूएन में राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों की प्रमुख रोज़मैरी डीकार्लो ने कहा कि यूक्रेन में व्यापक स्तर पर हमले जारी हैं, जिनमें आम ज़िन्दगियाँ तबाह रही हैं और बुनियादी ढाँचे को नुक़सान पहुँच रहा है. उन्होंने 15 सदस्य देशों वाली सुरक्षा परिषद को स्थिति से अवगत कराते हुए कहा कि लाखों लोग इस आशंका में जीवन गुज़ार रहे हैं कि उनके घरों, स्कूलों, और प्रियजन पर कभी भी हमला हो सकता है.“जैसे-जैसे सर्दियाँ आ रही हैं, आम परिवार एक बार फिर से बिना बिजली, जल और तापन व्यवस्था के गुज़र-बसर के लिए तैयार हो रहा है.” इस बीच, यूक्रेन से इतर, काला सागर जलक्षेत्र में भी हमले जारी हैं, जिनकी वजह से समुद्री मार्ग से खाद्य सामान के निर्यात में व्यवधान आया है, जिसका असर इस क्षेत्र से दूर तक हो सकता है.अवर महासचिव डीकार्लो ने कहा कि इस वर्ष ऊर्जा सम्बन्धी बुनियादी ढाँचे को व्यवस्थागत ढंग से निशाना बनाया गया है, जिसके सर्दी के मौसम में गहरे नतीजे हो सकते हैं.“अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून स्पष्ट है. आम नागरिकों व बुनियादी प्रतिष्ठानों के विरुद्ध हमले निषिद्ध हैं. ऊर्जा व अन्य नागरिक प्रतिष्ठानों पर बार-बार हमलों से मानवीय सहायता आवश्यकताओं में उछाल आ रहा है, जबकि तापन व्यवस्था, बिजली और जल आपूर्ति पर असर से लोग प्रभावित हो रहे हैं.”उन्होंने यूएन प्रमुख की अपील दोहराते हुए कहा है कि देश में जल्द से जल्द, बिना किसी शर्त के युद्धविराम लागू किया जाना होगा, जोकि व्यापक शान्ति की दिशा में लिया गया क़दम होगा.
UN Photo/Eskinder Debebe
यूएन में राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों की अवर महासचिव रोज़मैरी डीकार्लो.
हमलों में तेज़ीयूक्रेनी एजेंसियों के अनुसार, बीते सप्ताहांत राजधानी कीव क्षेत्र में रूसी हमलों में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है. वहीं, यूक्रेन ने लीबिया के बेनग़ाज़ी में रूस के एक छोटे आकार के युद्धपोत (corvette) को नौसेना ड्रोन के ज़रिए डुबोने और रूसी मालवाहक जहाज़ को निशाना बनाए जाने की बात कही है.लीबिया में यूएन मिशन (UNSMIL) ने इस घटना की स्वतंत्र जाँच कराए जाने का आग्रह किया है.इससे पहले, कालिनिग्राड जा रहे एक रूसी मालवाहक जहाज़ पर फ़िनलैंड की खाड़ी में ड्रोन हमला हुआ था, जिसके लिए फ़िनलैंड के प्रतिरक्षा बलों ने यूक्रेन के ज़िम्मेदार होने की आशंका ज़ाहिर की है.यूएन मानवाधिकार निगरानी मिशन के अनुसार, इस वर्ष अक्टूबर में कम से कम 372 आम नागरिक मारे गए हैं, और पिछले वर्ष इस अवधि की तुलना में हताहतों का आँकड़ा 95 फ़ीसदी अधिक है.
ऊर्जा संकट, विकास चुनौती भीयूएन विकास कार्यक्रम (UNDP) के प्रशासक ऐलेक्ज़ेंडर डे क्रू ने सुरक्षा परिषद में कहा कि यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में बार-बार हो रहे हमलों से तापन व्यवस्था, बिजली, जल और स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं पर संकट बढ़ रहा है, जोकि आम नागरिकों की गुज़र-बसर के लिए आवश्यक हैं.उन्होंने कहा कि लड़ाई के अग्रिम मोर्चे का दायरा, रणभूमि से कहीं दूर तक फैला हुआ है. देश में ऊर्जा व जल आपूर्ति प्रतिष्ठानों को व्यापक पैमाने पर निशाना बनाया गया है, जिसे लड़ाई में अक्सर अनजाने में हो जाने वाली क्षति नहीं समझा जा सकता है.अक्टूबर के बाद से अब तक, हमलों में हाई वोल्टेज सब-स्टेशन, पारेषण लाइन (transmission lines) को निशाना बनाए जाने की घटनाएँ बढ़ी हैं, जिनसे बड़े शहरों को आपूर्ति की जाती है. यूएन विकास कार्यक्रम के प्रमुख के अनुसार, यह बुनियादी ढाँचे से कहीं बढ़कर है, और मानवतावादी चुनौती होने के साथ-साथ एक विकास चुनौती भी है. उन्होंने बताया कि यूएन विकास कार्यक्रम, यूक्रेनी प्रशासन के साथ मिलकर प्रयासों में जुटा है ताकि बिजली आपूर्ति को बहाल किया जा सके और साथ ही दीर्घकाल में देश को उबारने की भी कोशिशें हो रही हैं.UNDP ने बिजली ग्रिड को बहाल करने के लिए ट्राँसफ़ॉर्मर की आपूर्ति की है और जनरेटर व पावर स्टेशन की भी व्यवस्था की गई, ताकि स्थानीय स्तर पर बिजली मुहैया कराई जा सके. इससे 24 क्षेत्रों में 65 लाख से अधिक लोगों तक मदद पहुँची है.
UN Photo/Eskinder Debebe
UNDP प्रशासक ऐलेक्ज़ेंडर डे क्रू ने यूक्रेन में शान्ति व सुरक्षा बनाए रखने के विषय पर सुरक्षा परिषद की बैठक में जानकारी दी.