होर्मुज़, बाब अल-मन्दब जलडमरूमध्य में पसरे तनाव पर चिन्ता, कूटनीतिक प्रयासों की अपील
Source: UN News: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
मध्य पूर्व क्षेत्र में लगभग 9 महीने भड़के हिंसक टकराव की वजह से होर्मुज़ जलडमरूमध्य और बाब अल-मन्दब जलक्षेत्र में अब भी तनाव व्याप्त हैं, कमर्शियल जहाज़ों की आवाजाही के लिए जोखिम है, और वैश्विक शान्ति व अर्थव्यवस्था के लिए ख़तरे बने हुए हैं. यूएन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सुरक्षा परिषद की बैठक में आग्रह किया कि जहाज़ों पर हमलों को तुरन्त रोकना होगा और सुरक्षित आवाजाही बहाल की जानी होगी.
मध्य पूर्व, एशिया व प्रशान्त क्षेत्र के लिए यूएन सहायक महासचिव ख़ालेद ख़िएरी ने शुक्रवार को सुरक्षा परिषद की बैठक को सम्बोधित किया, जिसे बहरीन के अनुरोध पर बुलाया गया था. इस बैठक में क्षेत्रीय व समुद्री आवाजाही की सुरक्षा पर चर्चा हुई.उन्होंने कहा कि हर दिन नई घटनाओं की जानकारी मिल रही है. कमर्शियल जहाज़ों को अलग-अलग प्रकार के हमलों को निशाना बनाया जा रहा है.“अनेक कमर्शियल जहाज़ और नाविक दल के सदस्य, फ़ारस की खाड़ी में कई महीनों से फँसे हुए हैं. समुद्री नौवहन पर पाबन्दियों की वजह से अनिश्चितता और बढ़ी है.”यूएन सहायक महासचिव के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा निर्यात की मात्रा में बहुत हद तक सुधार हुआ है, लेकिन अभी हालात को पूरी तरह से सामान्य क़रार नहीं दिया जा सकता है. समुद्री मार्ग से रवाना होने वाली खेप की मात्रा, अभी टकराव के पहले के स्तर से नीचे है.“फ़रवरी 2026 के बाद से अब तक, अक्टूबर में कमर्शियल जहाज़ों के विरुद्ध सबसे अधिक संख्या में मामले दर्ज किए गए. 11 नवम्बर तक, अन्तरराष्ट्रीय समुद्री संगठन ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य और व्यापक मध्य पूर्व समुद्री क्षेत्र में 134 घटनाओं की पुष्टि की है. 25 नाविकों की जान गई है और अनेक अन्य घायल हुए हैं.”उन्होंने कहा कि इन घटनाओं व हमलों को स्वीकार नहीं किया जा सकता है. नागरिक व कमर्शियल जहाज़ों को कभी भी निशाना नहीं बनाया जाना होगा.
जलमार्ग पर थमी आवाजाहीफ़ारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ने वाले होर्मुज़ जलडमरूमध्य से होकर जहाज़ों की आवाजाही, हिंसक टकराव से पहले की स्तर की तुलना में 65 फ़ीसदी कम है. वहीं बाब अल-मन्दब जलडमरूमध्य – लाल सागर को अदन की खाड़ी व हिन्द महासागर से जोड़ने वाला मार्ग - में 25 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जहाँ हूथी लड़ाकों ने सऊदी अरब से सम्बन्धित जहाज़ों की नाकेबन्दी की घोषणा की थी. 28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर बमबारी शुरू की थी, जिसके बाद ईरान ने जवाबी ड्रोन व मिसाइल हमले किए और इसराइल के साथ-साथ खाड़ी क्षेत्र में स्थित देशों को निशाना बनाया. इसके बाद से पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र एक गहरे संकट में धँस गया था. इस टकराव के दौरान, होर्मुज़ जलमार्ग पर जहाज़ों की आवाजाही ठप हो गई, जिससे बड़े पैमाने पर तेल, गैस, उर्वरक व अन्य सामान की आपूर्ति पर गहरा असर हुआ. यह समुद्री मार्ग तेल व द्रव्यीकृत प्राकृतिक गैस की आपूर्ति के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और इस व्यवधान की वजह से अनेक देशों में अर्थव्यवस्था पर भीषण असर हुआ और महंगाई में उछाल दर्ज किया गया.कूटनीति पर बलसहायक महासचिव ख़ालेद ख़िएरी ने कहा कि क्षेत्र में स्थित देशों ने समुद्री मार्ग में सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए विकल्पों की तलाश की है, जोकि महत्वपूर्ण हैं और इन्हें राजनैतिक प्रक्रिया के समानान्तर आगे बढ़ाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय देश, भरोसा बहाल करने के प्रयासों में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं, जिससे कूटनैतिक सम्पर्क बनाए रखने, तनाव घटाने और समझौते में मदद मिलेगी.ख़ालेद ख़िएरी ने सचेत किया कि यदि हिंसक टकराव फिर से भड़का तो उसके ईरान, पूरे क्षेत्र और उससे परे तक भयावह नतीजे होंगे.“इस क्षेत्र के लोग और व्यापक अन्तरराष्ट्रीय समुदाय, विश्व में रणनैतिक रूप से सबसे अहम जलमार्ग में लम्बे समय तक खिंचने वाले टकराव का जोखिम मोल नहीं ले सकता है.”इसके मद्देनज़र, यूएन सहायक महासचिव ने कूटनीति, समझौते और राजनैतिक साहस का आग्रह किया है, जोकि स्थाई शान्ति की दिशा में जाने वाला एकमात्र मार्ग है.