-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नादिया मुराद: ‘धीरे-धीरे, मैंने ज़िन्दगी की बागडोर फिर अपने हाथों में ली’

Source: UN News: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
नादिया मुराद: ‘धीरे-धीरे, मैंने ज़िन्दगी की बागडोर फिर अपने हाथों में ली’
नोबेल शान्ति पुरस्कार विजेता नादिया मुराद ने बीते कई वर्षों से दुनिया के सामने अपनी व्यथा और उन अत्याचारों को बयाँ किया है, जिन्हें आतंकवादी संगठन 'आईसिल' (ISIL) ने उनके और यज़ीदी समुदाय के अन्य लोगों के विरुद्ध अंजाम दिया था. मगर, नादिया मुराद अब अपने अनुभवों को केवल अत्याचारों से बच निकलने तक सीमित नहीं रखना चाहतीं. उन्होंने हिंसक टकराव के दौरान यौन हिंसा से जुड़े तथाकथित सामाजिक कलंक को चुनौती दी है. लगभग दो वर्ष पहले, उन्होंने मानव तस्करी के शिकंजे से बचे लोगों की गरिमा के लिए संयुक्त राष्ट्र की पहली सदभावना दूत के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया था.उन्होंने संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ एवं अपराध निरोधक कार्यालय (UNODC) के साथ आठ वर्षों के दौरान ज़ोर दिया कि हिंसा के भुक्तभोगियों को केवल पीड़ित नहीं, बल्कि बदलाव का नेतृत्व करने में सक्षम व्यक्तियों के रूप में भी देखा जाए.बीते सप्ताह, वह न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुँचीं, जहाँ यूएन पुस्तक केन्द्र में उनके नए संस्मरण ‘मैं अपनी नई शुरुआत स्वयं चुनती हूँ’ (I Choose My Beginning) पर चर्चा हुई. उन्होंने इस पुस्तक में दर्दनाक अतीत से उबरकर अपनी ज़िन्दगी नए सिरे से सँवारने का सफ़र साझा किया है.जीवन का नया अध्यायअगस्त 2014 में आतंकवादी संगठन 'आईसिल' (दाएश) ने उत्तरी इराक़ के सिंजार क्षेत्र में यज़ीदी समुदाय का जनसंहार शुरू किया था. यह क्षेत्र यज़ीदी समुदाय की ऐतिहासिक मातृभूमि है.नादिया मुराद की पहली पुस्तक ‘वो आख़िरी लड़की: मेरी क़ैद की कहानी और इस्लामिक स्टेट के ख़िलाफ़ मेरा संघर्ष’ (The Last Girl: My Story of Captivity and My Fight Against the Islamic State) उसी जनसंहार और उनके साथ हुए अत्याचारों पर केन्द्रित थी.उस दौरान उनके छह भाइयों की हत्या कर दी गई और उन्हें मोसुल शहर में यौन दासता के लिए बन्दी बना लिया गया. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, नादिया समेत छह हज़ार से अधिक यज़ीदी महिलाओं को बन्दी बनाया गया था. तीन महीने बाद वह इस क़ैद से बचकर भाग निकलने में सफल रहीं और वहाँ से कुर्दिस्तान के एक शिविर तक पहुँचीं. बाद में उन्हें जर्मनी में बसाया गया.हालांकि, अपनी नई पुस्तक में नादिया अपने जीवन का एक अलग पहलू सामने लाना चाहती हैं. इसमें उन्होंने दर्दनाक अनुभवों से उबरने, रिश्तों, प्रेम और नए सिरे से भविष्य सँवारने की कहानी साझा की है.उन्होंने मानवाधिकारों के लिए अपनी लड़ाई के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, “मैं बस एक और कहानी थी, दुनिया भर में बलात्कार से बचे पुरुषों, महिलाओं और बच्चों में से एक.”नादिया को लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों और साक्षात्कारों में अपनी आपबीती सुनाते हुए लगने लगा था कि इस लड़ाई में उनकी अपनी पहचान खो रही है. उन्हें महसूस हुआ कि खेतों में, एक बड़े परिवार के बीच पली-बढ़ी वह लड़की अब कहीं गुम हो गई है. “मैं शारीरिक रूप से भी कमज़ोर पड़ रही थी. मेरे बाल झड़ रहे थे, वज़न घट रहा था. न नींद आती थी, न खाने का मन करता था.”मगर उनकी भतीजी और सबसे अच्छी दोस्त अब भी आतंकवादियों की क़ैद में थी. उसे बचाने की उम्मीद ने नादिया को अपनी लड़ाई जारी रखने की हिम्मत दी. लेकिन जब उनकी भतीजी कैथरीन की हत्या कर दी गई, तो पहली बार उनका मानवता से विश्वास उठ गया. उन्होंने कहा, “अब मुझसे यह सब और नहीं हो पा रहा था.” © UN Publications/Steven Bornholtz न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के पुस्तक केन्द्र में अपना दूसरा संस्मरण ‘मैं अपनी नई शुरुआत ख़ुद चुनती हूँ’ प्रस्तुत करतीं नादिया मुराद. ‘दुनिया ने मुझे निराश किया’नादिया मुराद के परिवार ने उन्हें फिर से सुरक्षित महसूस करने, पढ़ाई करने और मानवाधिकारों की लड़ाई से इतर अपनी ज़िन्दगी सँवारने का हौसला दिया. “प्यार मिलने से भी मेरी ज़िन्दगी बदल गई.”अपनी पुस्तक में वह लिखती हैं कि पहली बार अपनी आपबीती सुनाते हुए उन्हें लगा, जैसे अपनी ही कहानी पर उनका अधिकार नहीं रहा. “हर दिन, थोड़ा-थोड़ा करके मैंने अपनी कहानी पर फिर से अधिकार हासिल किया और उसे नए सिरे से गढ़ा.”उन्होंने आईसिल के तीन वर्षों के आतंक को याद करते हुए कहा, “उन्होंने हमारे साथ जो किया, वही उनकी विरासत थी.” उनके अनुसार, यौन हिंसा शरीर और मन पर गहरे ज़ख़्म छोड़ जाती है, जिनका असर जीवन भर रह सकता है.नादिया ने बताया कि हिंसा से बचे लोगों की कोई ग़लती नहीं होती, फिर भी उन्हें दर्दनाक यादों से जूझना पड़ता है. “मैंने कुछ भी ग़लत नहीं किया था. दुनिया ने मुझे निराश किया.”न्याय की लड़ाईवर्ष 2015 में नादिया मुराद ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई थी. उन्होंने यज़ीदी समुदाय पर हुए अत्याचारों का ब्यौरा देते हुए मानव तस्करी और हिंसक टकराव के दौरान यौन हिंसा के विरुद्ध अन्तरराष्ट्रीय कार्रवाई की मांग की थी.संयुक्त राष्ट्र ने हिंसक टकराव के दौरान यौन हिंसा को केवल युद्ध का परिणाम नहीं, बल्कि एक गम्भीर अपराध माना है, जिसकी रोकथाम और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाना ज़रूरी है.नादिया का मानना है कि प्रयास यहीं तक सीमित नहीं रहने चाहिए. हिंसा से उबरे लोगों को केवल पीड़ित नहीं, बल्कि अपने अनुभवों और विचारों से बदलाव लाने में सक्षम व्यक्तियों के रूप में भी देखा जाना चाहिए.उन्होंने ऐसे लोगों को नीतिगत चर्चाओं में विशेषज्ञों और नेतृत्वकर्ताओं के रूप में शामिल करने पर बल दिया.नादिया ने कहा, “अगर हम उन्हें केवल पीड़ित मानते रहेंगे और यह सोचेंगे कि वे कभी इस सदमे से उबर नहीं पाएँगे, तो ऐसी हिंसा को दोबारा होने से नहीं रोक सकेंगे.”दूसरों के लिए प्रेरणाऑस्कर पुरस्कार विजेता अभिनेत्री और मानव तस्करी के विरुद्ध संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ एवं अपराध निरोधक कार्यालय (UNODC) की सदभावना दूत मीरा सोर्विनो भी कार्यक्रम में मौजूद थीं.उन्होंने नादिया मुराद की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हिंसा से उबरे लोगों को केवल उनके दर्दनाक अतीत के आधार पर देखने की सोच को चुनौती दी है, और अपनी पीड़ा व सदमे को दूसरों के लिए साहस और प्रेरणा का स्रोत बना दिया है.“नादिया ने अपने दर्दनाक अनुभवों और उन पर लोगों के ध्यान को एक नई दिशा देकर, अपनी कहानी का रुख़ ही बदल दिया है.”मीरा के अनुसार, नादिया की कहानी केवल उनके साथ हुए अत्याचारों की नहीं, बल्कि उनसे उबरकर अपनी ज़िन्दगी पर फिर से अपना अधिकार हासिल करने और उसे सँवारने की है.“दुर्भाग्य से, नादिया की वह उम्मीद अब तक पूरी नहीं हुई है कि वह ऐसे अत्याचार झेलने वाली आख़िरी लड़की होंगी. दुनिया में हिंसक टकराव और यौन अत्याचार अब भी जारी हैं, मगर इसका मतलब यह नहीं कि इनके ख़िलाफ़ लड़ाई छोड़ दी जाए.”मीरा ने यौन हिंसा से उबरने का अपना अनुभव भी साझा करते हुए बताया कि नादिया के साहस से उन्हें अपनी आपबीती खुलकर बताने की हिम्मत मिली.अपनी नई पुस्तक में नादिया लिखती हैं, “हिंसा से उबरे लोग अब बदल रहे हैं. हम अधिक साहसी हो रहे हैं और खुलकर अपनी आवाज़ उठा रहे हैं. बलात्कार से जुड़े सामाजिक कलंक के कारण अब हम ख़ामोशी से अँधेरे में छिपकर रहने को तैयार नहीं हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement