-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

आर्कटिक की बर्फ़ में जमे जहाज़ से विश्व के लिए सन्देश: विज्ञान पर भरोसा कीजिए

Source: UN News: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
आर्कटिक की बर्फ़ में जमे जहाज़ से विश्व के लिए सन्देश: विज्ञान पर भरोसा कीजिए
ध्रुवीय अंधकार के बीच समुद्री मार्ग से गुज़रते समय, वैज्ञानिकों की एक टीम तेज़ी से बदल रहे आर्कटिक क्षेत्र पर जानकारी जुटा रही है. जैसे-जैसे समुद्री बर्फ़ खिसक रही है और तेल टैंकर इस क्षेत्र में आवाजाही बढ़ा रहे हैं, संयुक्त राष्ट्र महासचिव और एक वैज्ञानिक टीम के बीच हुई एक बातचीत ने यह स्पष्ट किया है कि जलवायु विज्ञान के लिए पुरज़ोर प्रयास, उत्तरी ध्रुव से परे तक मायने रखते हैं. आर्कटिक महासागर के अंधकार में 12 लोग अपने ओर्की नाम के एक कुत्ते के साथ जमे हुए समुद्र पर एक जहाज़ में सवार होकर कहीं जा रहे हैं. समुद्री धाराएँ उन्हें किस दिशा में ले जाएंगी, इस पर उनका पूरी तरह से नियंत्रण नहीं है. सर्दियों के दौरान उनका ठिकाना है, तारा पोलर स्टेशन. यह 26 मीटर लम्बा एक फ़्राँसीसी अनुसंधान पोत है, जो अगस्त में नॉर्वे से एक असाधारण उद्देस्य के साथ रवाना हुआ था: बर्फ़ मे जानबूझकर फँस जाना.2,500 मीटर से अधिक गहरे पानी के ऊपर, जमे हुए समुद्री जल की एक विशाल परत में जकड़ा यह स्टेशन, हवाओं और समुद्री धाराओं के साथ वहीं बहता रहता है. जहाँ भी ये धाराएँ ले जाएं. यहाँ न तो किसी निश्चित गंतव्य की ओर जहाज़ को मोड़ने का विकल्प है और न ही ध्रुवीय रात्रि के दौरान दिन बीतने का एहसास कराने के लिए सूर्य का प्रकाश.यह टीम तारा पोलारिस-I (Tara Polaris I) अभियान में हिस्सा ले रही है. आर्कटिक महासागर में हो रहे बदलावों का अध्ययन करने के लिए तैयार किए गए एक 20 वर्षीय अन्तरराष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित दस अभियानों में यह पहला है. इस अभियान के दौरान वैज्ञानिकों ने अब तक जो कुछ देखा है, उसने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश का ध्यान आकर्षित किया है.यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन (कॉप31) से पहले, महासचिव गुटेरेश ने इस सप्ताह वीडियो लिंक के माध्यम से अभियान के मुख्य वैज्ञानिक मैक्सिमे जियोफ़्रॉय से बातचीत की. उन्होंने उनसे पूछा कि विश्व नेताओं के सामने ऐसे आर्कटिक के बारे में क्या सन्देश दिया जाना चाहिए, जहाँ तापमान वैश्विक औसत की तुलना में तीन से चार गुना अधिक तेज़ी से बढ़ रहा है.यूएन प्रमुख ने कहा कि, “मुझे लगता है कि दुर्भाग्यवश, इस दुनिया का राजनीतिक नेतृत्व अभी तक पूरी तरह यह समझ नहीं पाया है कि स्थिति कितनी गम्भीर है.” वैज्ञानिक मैक्सिमे जियोफ़्रॉय का सन्देश बिल्कुल स्पष्ट था: “आर्कटिक में जो कुछ होता है, वह आर्कटिक तक सीमित नहीं रहता.”उन्होंने आगाह किया कि अभियान के दौरान वैज्ञानिकों के पाँवों के ठीक नीचे घटित हो रहे बदलाव दुनिया के महासागरों, जलवायु और जैवविविधता पर दूरगामी प्रभाव डाल सकते हैं. © Sébastien Devrient तारा पोलर स्टेशन पर सवार अभियान दल में शामिल, ओर्की, ध्रुवीय भालुओं पर नज़र रखता है. लुप्त हो रही एक दुनियाइस अभियान की प्रेरणा नॉर्वे के अन्वेषक फ़्रिड्टजॉफ़ नानसेन से मिली है, जिन्होंने वर्ष 1893 में अपने जहाज़ को जानबूझकर आर्कटिक की समुद्री बर्फ़ में जमने दिया था, ताकि वह समुद्री धाराओं के साथ बह सके.130 से अधिक वर्षों बाद, मैक्सिमे जियोफ़्रॉय और उनके सहयोगी उसी राह पर चल रहे हैं. हालांकि, दोनों अभियानों के बीच एक बड़ा अन्तर है: इस बार उनके रास्ते में आने वाली बर्फ़ की मात्रा काफ़ी कम है.अभियान दल ने हिमखंडनुमा बर्फ़ की चादर की तलाश करने के उद्देश्य से रूस के उत्तरी तट के आस-पास तीन सप्ताह तक यात्रा की. इसके बाद वे आर्कटिक के सघन समुद्री हिमक्षेत्र में दाख़िल हुए.वैज्ञानिक जियोफ़्रॉय ने बताया कि, “हम केवल खुले जलमार्गों से गुज़रते हुए 82 डिग्री उत्तरी अक्षांश तक पहुँच गए,” जिससे उनका मंतव्य समुद्री बर्फ़ की अलग-अलग चादरों के बीच मौजूद खुले पानी के मार्गों से था.पहले जब नानसेन ने अपनी यात्रा की थी, तब उनका जहाज इससे सैकड़ों किलोमीटर सुदूर दक्षिण में ही बर्फ़ में फँस गया था. इसके विपरीत, अब जलमार्ग के खुले विस्तार ने अभियान दल को बर्फ़ में फँसने से पहले कहीं अधिक दूरी तक पहुँचने का अवसर दिया है.लेकिन पीछे खिसकती जा रही समुद्री बर्फ़ इस पूरी कहानी का केवल एक हिस्सा है.पृथ्वी का ‘दर्पण’ पिघल रहा हैयूएन प्रमुख ने वैज्ञानिक दल के प्रमुख से भविष्य के प्रति उनकी सबसे बड़ी चिन्ताओं के बारे में सवाल किया.उन्होंने कहा कि, “जिन बातों ने मुझे सबसे अधिक चिन्तित किया है, उनमें से एक यह आशंका है कि आने वाले कुछ वर्षों में गर्मियों के दौरान आर्कटिक में बिल्कुल भी समुद्री बर्फ़ नहीं बचेगी.” आर्कटिक की समुद्री बर्फ़ पृथ्वी के तापमान को नियंत्रित करने और ग्रह को ठंडा बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. मुख्य वैज्ञानिक के अनुसार, “बर्फ़ की यह विशाल चादर, जिस पर हम बह रहे हैं, सूर्य के वापिस लौटने पर एक दर्पण की तरह काम करती है.”एक विशाल परावर्तक की तरह, सफेद बर्फ़ सूर्य की ऊर्जा के एक बड़े हिस्से को वापस अन्तरिक्ष में परावर्तित कर देती है. लेकिन जैसे-जैसे यह बर्फ़ पिघलती है, इसके नीचे मौजूद गहरे रंग का महासागरीय जल उस ऊर्जा को परावर्तित करने के बजाय अवशोषित करने लगता है. इससे पानी गर्म होता है और बर्फ़ के पिघलने की प्रक्रिया और तेज़ हो जाती है.इसके दूरगामी नतीजे होते हैं. महासागरीय धाराएँ ऊष्मा को उत्तरी ध्रुव से बहुत दूर तक पहुँचाती हैं और पूरे ग्रह के समुद्री पारिस्थितिकी तंत्रों और जलवायु पैटर्न को प्रभावित करती हैं.जैसे-जैसे आर्कटिक की बर्फ़ ग़ायब होती जाएगी, महासागरीय जल के बहाव की ये स्वाभाविक प्रणालियाँ बाधित हो सकती हैं. इसके परिणामों का सटीक अनुमान लगाने के लिए वैज्ञानिक अभी भी संघर्ष कर रहे हैं.मैक्सिमे जियोफ़्रॉय ने माना कि, “हमारे पास मॉडल हैं, लेकिन हम नहीं जानते कि इसके सटीक प्रभाव कब होंगे, किस तरह होंगे और वास्तव में क्या होंगे.”मध्य आर्कटिक क्षेत्र का अब भी पर्याप्त अध्ययन नहीं हुआ है. जलवायु मॉडलों को बेहतर बनाने और भविष्य में होने वाले बदलावों का अनुमान लगाने के लिए प्रत्यक्ष तौर पर वैज्ञानिक पड़ताल की जानी अहम है. © Sébastien Devrient तारा पोलर स्टेशन आर्कटिक समुद्री बर्फ़ में धाराओं के साथ बह रहा है, जिस पर सवार वैज्ञानिक तेज़ी से बदलते ध्रुवीय पर्यावरण का अध्ययन कर रहे हैं. प्राचीन जीवन से अनिश्चित भविष्य तकलेकिन इस टीम के शोध सम्बन्धी सवाल केवल जलवायु के पूर्वानुमानों तक सीमित नहीं हैं. वे मानवता के सबसे पुराने रहस्यों में से एक—जीवन की उत्पत्ति—तक पहुँचते हैं.क्या पृथ्वी पर जीवन की शुरुआत समुद्री बर्फ़ में हुई होगी?वैज्ञानिक जियोफ़्रॉय ने ऐसे जीवों का उल्लेख किया, जो ‘एंटीफ़्रीज़ प्रोटीन’ (हिमरोधी प्रोटीन) की मदद से अत्यधिक ठंड में भी जीवित रह सकते हैं. उन्होंने उस अवधारणा का उल्लेख किया जिसके अनुसार जमे हुए वातावरण ने पृथ्वी पर जीवन की शुरुआती उत्पत्ति में कोई भूमिका निभाई होगी.जहाज़ पर मौजूद अन्य शोधकर्ता एक अधिक व्यावहारिक रहस्य का पता लगाने में जुटे हैं : मध्य आर्कटिक महासागर में मछलियों की कितनी आबादी है?इस क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों के प्रति बढ़ती दिलचस्पी के बावजूद, शोधकर्ताओं को अभी तक यह नहीं पता है कि नाज़ुक पारिस्थितिकी तंत्रों को नुक़सान पहुँचाए बिना, यहाँ के जलक्षेत्र मत्स्य पालन को बनाए रखने में सक्षम हैं या नहीं.वैज्ञानिकों ने बताया कि, “जैव विविधता के पतन और उसके संरक्षण को समझने के लिए सबसे पहले यह जानना ज़रूरी है कि वहाँ वास्तव में क्या मौजूद है.”इस अनुसन्धान कार्यक्रम में 80 वैज्ञानिक और लगभग 220 अनुसन्धान प्रोटोकॉल शामिल हैं, जिनके माध्यम से समुद्री जीवों पर बढ़ते तापमान के प्रभाव से लेकर कार्बन के भंडारण में महासागर की भूमिका तक, अनेक विषयों का परीक्षण किया जा रहा है.जब मुख्य वैज्ञानिक ने इस अन्तरराष्ट्रीय अभियान को ‘आर्कटिक विज्ञान के लिए एक लघु संयुक्त राष्ट्र’ के रूप में बयाँ किया तो महासचिव गुटेरेश मुस्कुरा दिए. लेकिन जहाँ शोधकर्ता तेजी से ग़ायब हो रही बर्फ़ के रहस्यों को समझने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग पहले से ही उसके पीछे हटने से आर्थिक लाभ उठाने की तैयारी में जुटे हैं. नए समुद्री मार्ग, नए संघर्षउत्तर की ओर जाते समय वैज्ञानिकों का सामना बदलाव के एक और स्पष्ट संकेत से हुआ: रूस के आर्कटिक तट के साथ पूर्वोत्तर समुद्री मार्ग (Northeast Passage) से गुज़रते तेल टैंकर.समुद्री बर्फ़ के पीछे हटने से यह मार्ग जहाज़ों की आवाजाही के लिए अधिक सुलभ हो रहा है, लेकिन इससे प्रदूषण और दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ रहा है.मुख्य वैज्ञानिक ने कहा कि, “मैं आपको विश्वास दिला सकता हूँ कि हमने उस मार्ग से गुज़रते हुए बहुत सारे तेल टैंकर देखे. इसलिए यह केवल भविष्य का कोई पूर्वानुमान नहीं है. यह सब अभी हो रहा है.”इन जलक्षेत्रों में तेल का रिसाव विनाशकारी साबित हो सकता है. पेट्रोलियम पदार्थ लम्बे समय तक बर्फ़ में फँसे रह सकते हैं, जिससे समुद्री जीवों के लिए गम्भीर ख़तरा पैदा होता है और सफ़ाई अभियान कठिन हो जाता है. व्यावसायिक हित ही ऐसे एकमात्र कारक नहीं हैं, जिनका ध्यान अब उत्तरी क्षेत्र की ओर जा रहा है. यूएन प्रमुख ने ग्रीनलैंड पर बढ़ते तनाव और आर्कटिक के सामरिक महत्व की ओर भी ध्यान दिलाया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि देश इस क्षेत्र को लगातार सुरक्षा के नज़रिये से ही देखते रहेंगे, तो इससे उसी पर्यावरण के लिए ख़तरा पैदा हो सकता है, जिसे समझने का प्रयास वैज्ञानिक कर रहे हैं.वैज्ञानिक जियोफ़्रॉय के अभियान में 12 देशों के शोधकर्ता शामिल हैं. उनके सामने सवाल था कि क्या विज्ञान इन भू-राजनीतिक विभाजनों को पाटने में मदद कर सकता है? संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने जवाब दिया, “मुझे लगता है कि इस समय हमारे सामने यही एक प्रमुख संघर्ष है. सत्य के लिए संघर्ष और विज्ञान के लिए संघर्ष.”यूएन महासचिव ने क्षोभ जताया कि शक्तिशाली आर्थिक हित, विशेष रूप से जीवाश्म ईंधन (कोयला, तेल, गैस) से जुड़े हित, वैज्ञानिक साक्ष्यों को धुँधला करने और सार्वजनिक विमर्श में विज्ञान की भूमिका को कमज़ोर करने की कोशिश कर रहे हैं.मैक्सिमे जियोफ़्रॉय के अनुसार, “हम जलवायु परिवर्तन को नकारने के दौर से निकलकर अब जलवायु कार्रवाई में देरी करने और ‘ग्रीन हशिंग’ (हरित विकास के दावे से चुप कराना) के दौर में पहुँच गए हैं.”उन्होंने चिन्ता जताई कि दशकों से अनेक चेतावनियाँ दिए जाने के बावजूद जलवायु कार्रवाई राजनीतिक प्राथमिकताओं की सूची में लगातार नीचे खिसकती जा रही है. © Sébastien Devrient तारा पोलर स्टेशन पर अभियान दल को आर्कटिक ध्रुवीय रात के दौरान महीनों तक एकान्तवास का सामना करना पड़ता है. तात्कालिकता का एहसास और आक्रोशयूएन प्रमुख ने बातचीत समाप्त करने से पहले मुख्य वैज्ञानिक से यह कल्पना करने के लिए कहा कि यदि उन्हें कॉप31 सम्मेलन में एकत्र होने वाले विश्व नेताओं को सम्बोधित करने का अवसर मिले, तो वह क्या सन्देश देंगे.वैज्ञानिक का सन्देश स्पष्ट था: “विज्ञान के निष्कर्षों पर भरोसा किया जाना चाहिए, उनके अनुरूप कार्रवाई की जानी चाहिए और उन्हें आवश्यक समर्थन दिया जाना चाहिए.”महासचिव गुटेरेश के लिए यह चेतावनी व्यक्तिगत रूप से भी गहरे मायने रखती है. उन्होंने अंटार्कटिका और हिमालय क्षेत्र की अपनी यात्राओं को याद किया, जहाँ उन्होंने स्वयं ग्लेशियरों को खिसकते हुए देखा था.इन अनुभवों और कुछ राजनीतिक नेताओं द्वारा कार्रवाई करने से इनक़ार किए जाने के कारण उनके मन में केवल चिन्ता ही नहीं, बल्कि उससे कहीं अधिक क्षोभ की भावना पैदा हुई थी.“मुझे लगता है कि इन सभी बातों ने मेरे भीतर तात्कालिकता का एहसास पैदा किया है और सच कहूँ तो, आक्रोश की भावना भी. यह हमारे अस्तित्व की लड़ाई है.”आर्कटिक क्षेत्र में शोधकर्ता ध्रुवीय अंधकार के बीच अपनी धीमी यात्रा जारी रखेंगे और अपनी आँखों के सामने बदलते इस क्षेत्र से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाते रहेंगे.जब हज़ारों किलोमीटर दूर, विश्व नेता जलवायु संकट से निपटने के उपायों पर बातचीत करने के लिए तुर्कीये के अन्ताल्या शहर में कॉप 31 जलवायु सम्मेलन के लिए जुट रहे होंगे तो ओर्की, ध्रुवीय भालुओं पर नज़र रखेगा, जबकि वैज्ञानिक टीम समुद्री बर्फ़, पानी और वायुमंडल का मापन करती रहेगी. वैज्ञानिकों का इस बात पर तो कोई नियंत्रण नहीं है कि बर्फ़ उन्हें किस दिशा में बहाकर ले जाएगी, मगर वे जिस जानकारी को जुटा रहे हैं, उस पर आधारित निर्णयों से मानवता का भविष्य तय हो सकता है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement