-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:42 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कॉप31: अन्ताल्या में जुटे विश्व नेताओं से, 'जलवायु न्याय' समझौते का आग्रह

Source: UN News: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
कॉप31: अन्ताल्या में जुटे विश्व नेताओं से, 'जलवायु न्याय' समझौते का आग्रह
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन, कॉप31 के दौरान बुधवार को एक नए वैश्विक जलवायु न्याय समझौते की पुकार लगाते हुए आग्रह किया है कि जीवाश्म ईंधन कम्पनियों पर टैक्स थोपा जाना होगा. उन्होंने कहा कि जो देश जलवायु परिवर्तन के लिए ज़िम्मेदार नहीं हैं, मगर उसके दुष्प्रभावों की चपेट में हैं, उन तक मदद पहुँचाने के लिए यह क़दम उठाया जाना आवश्यक है. यूएन के शीर्षतम अधिकारी की यह अपील, तुर्कीये के अन्ताल्या शहर में जारी की गई जहाँ विश्व भर से नेता कॉप31 सम्मेलन में शिरकत करने के लिए एकत्र हुए हैं. बदलती जलवायु के प्रभावों से निपटने के लिए वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था करने और भविष्य में जीवाश्म ईंधन (कोयला, तेल, गैस) के इस्तेमाल में कमी लाने से जुड़े अनेक सवाल अभी अनसुलझे हैं, जोकि वार्ता के केन्द्र में हैं.कॉप31 में आज: नेताओं की शिखर बैठक: यूएन प्रमुख ने जलवायु न्याय और बड़ी तेल कम्पनियों पर टैक्स लगाने का आग्रह किया.जलवायु वार्ता: बदलती जलवायु के अनुरूप ढलने और समुदायों को तैयार करने के लिए वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था पर मतभेद क़ायम हैं.शून्य अपशिष्ट दिवस: मीथेन उत्सर्जन में कमी लाने और नवाचारी समाधानों पर भी चर्चा हुई.यूएन महासचिव ने प्रदूषण फैलाने के लिए ज़िम्मेदार कम्पनियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिस तेज़ी से जलवायु संकट गहरा रहा है, उतनी रफ़्तार से इसे रोकने के लिए प्रयास नहीं हो रहे हैं.“हमारी पृथ्वी गर्म हो रही है. समय बीतता जा रहा है. यह बनने या बिगाड़ने का समय है.” उन्होंने विश्व नेताओं को ध्यान दिलाया कि यदि मौजूदा राष्ट्रीय योजनाओं को पूरी तरह से लागू भी कर दिया जाता है तो भी इस सदी के अन्त तक, पृथ्वी 2.5 डिग्री सेल्सियस तापमान वृद्धि की दिशा में बढ़ रही है.उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान वृद्धि की सीमा से आगे बढ़ जाने का अर्थ, हार मान लेना नहीं है. “विज्ञान हमें आत्मसमर्पण करने के लिए नहीं कह रहा है. यह हमें और अधिक मेहनत से लड़ाई के लिए कह रहा है.” © UN News/Laura Quinones तुर्कीये के अन्ताल्या शहर में यूएन के वार्षिक जलवायु सम्मेलन के आयोजन स्थल पर सूर्योदय का दृश्य. नए समझौते का आहवानइस पृष्ठभूमि में, यूएन महासचिव ने विकासशील देशों को जीवाश्म ईंधनों (कोयला, तेल, गैस) पर निर्भरता घटाने में मदद करने के साथ-साथ, एक ‘जलवायु न्याय कॉम्पैक्ट’ (Climate Justice Compact) का प्रस्ताव पेश किया है. इसका उद्देश्य, पहले से ही जलवायु परिवर्तन का दंश झेल रहे आबादी के लिए सहायता सुनिश्चित करना है.उन्होंने कहा कि, “हम देशों से यह मांग नहीं कर सकते हैं कि वे अपनी अर्थव्यवस्थाओं में बदलाव करें, जबकि उन्हें ऐसा करने के साधनों से वंचित रखा जाए.” प्रस्तावित समझौता निम्न चार प्राथमिकताओं पर आधारित है:जीवाश्म ईंधनों से दूर जाने की प्रक्रिया में तेज़ी लाने के लिए ऐसी राष्ट्रीय योजनाओं को अपनाना, जिनसे नवीकरणीय ऊर्जा (सौर, पवन) का विस्तार हो और श्रमिकों व समुदायों की रक्षा भी.समय पूर्व चेतावनी प्रणालियों, ठोस अनुकूलन उपायों को अमल में लाना और जलवायु आपदाओं के बाद सम्वेदनशील स्थिति में रह रही आबादी तक त्वरित सहायता पहुँचाना.वहन करने योग्य (affordable) वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराना, जिसमें धनी देश अपनी प्रतिबद्धताएँ पूरी करें और अधिक निवेश विकासशील देशों तक पहुँच सके.व्यापारिक बाधाओं, टैक्नॉलॉजी के क्षेत्र में असमानताओं और भू-राजनीतिक प्रतिद्वंद्विताओं को दूर करने के लिए अन्तरराष्ट्रीय सहयोग को मज़बूती देना.प्रदूषकों को क़ीमत चुकानी होगीयूएन प्रमुख ने जीवाश्म ईंधन से जुड़े हितों पर निशाना साधते हुए उन पर विज्ञान को तोड़ने-मरोड़ने और जलवायु कार्रवाई में देरी करने का आरोप लगाया.उन्होंने कहा कि, “जीवाश्म ईंधनों को डायनासोर की तरह विलुप्त हो जाना चाहिए. डायनासोर्स की कोई लॉबी नहीं थी. जीवाश्म ईंधनों की लॉबी है.”महासचिव गुटेरेश ने दुनिया की नौ सबसे बड़ी तेल कम्पनियों द्वारा एक तिमाही में अर्जित 95 अरब डॉलर की तुलना उस अन्तरराष्ट्रीय कोष में जुटाए गए लगभग 60 करोड़ डॉलर से की, जो जलवायु परिवर्तन के कारण हुई हानि व क्षति (Loss and Damage) से उबरने में प्रभावित देशों की मदद करता है.उन्होंने कहा कि यह राशि उन कम्पनियों को हुए मुनाफ़े के केवल 14 घंटों के बराबर थी. उन्होंने देशों की सरकारों से भारी मुनाफ़े पर टैक्स लगाने का आग्रह किया है. “प्रदूषण फैलाने वालों को इसकी क़ीमत चुकानी होगी.”अधूरे वादों की चुनौतीतुर्कीये के राष्ट्रपति रैचप तैयप ऐरदोआन ने कहा कि जलवायु मुद्दे पर पर तीन दशकों की वार्ताएँ भी पर्याप्त नतीजे देने में विफल रही हैं. तुर्कीये, ऑस्ट्रेलिया के साथ मिलकर अन्ताल्या में कॉप31 सम्मेलन की सह-मेज़बानी कर रहा है.उन्होंने कहा कि “विचारों के स्तर पर मिली सफलता के बाद कार्यान्वयन के स्तर पर वैसे ही परिणाम हासिल नहीं हुए हैं.” उन्होंने विकासशील देशों को और अधिक सहायता मुहैया कराए जाने की मांग की.वहीं, कॉप30 के मेज़बान देश, ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने चेतावनी दी कि युद्धों और व्यापारिक विवादों के कारण वैश्विक तापमान वृद्धि के विरुद्ध लड़ाई असर हुआ है और अन्तरराष्ट्रीय एजेंडे में जलवायु परिवर्तन का महत्व कम होता जा रहा है.“हमने भावी पीढ़ियों के अस्तित्व की तुलना में हथियारों और शुल्कों के बारे में अधिक बात करना शुरू कर दिया है.” उन्होंने कहा कि ब्राज़ील जीवाश्म ईंधनों पर अपनी निर्भरता कम करने और वनों की कटाई समाप्त करने के लिए राष्ट्रीय कार्ययोजनाएँ तैयार करेगा. यह पहल पिछले वर्ष ऐमेज़ोन में, आयोजित कॉप30 के दौरान लिए गए संकल्पों को आगे बढ़ाएगी. UN News/Laura Quinones जलवायु कार्यकर्ताओं का एक समूह, अन्ताल्या में सम्मेलन आयोजन स्थल पर प्रदर्शन कर रहा है. मीथेन से निपटना होगामीथेन एक अदृश्य गैस है, जो 20 वर्षों की अवधि में कार्बन डाइऑक्साइड की तुलना में 80 गुना से अधिक ऊष्मा को रोककर रखती है. बुधवार को ‘शून्य कचरा’ (zero waste) थीम के दौरान यह चर्चा के केन्द्र में थी.जीवाश्म ईंधन से जुड़ी गतिविधियों, कृषि और सड़ते हुए कचरे से निकलने वाली मीथेन गैस, अब तक वैश्विक तापमान में हुई वृद्धि के लगभग एक-तिहाई के लिए ज़िम्मेदार है.यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) से तेल व गैस क्षेत्र से होने वाले मीथेन उत्सर्जन को लगभग शून्य तक लाने के लिए एक वैश्विक मानक विकसित करने का आग्रह किया है. यूएन एजेंसी पहले से ही उपग्रहों और कृत्रिम बुद्धिमता के उपयोग के ज़रिए, अन्तरिक्ष से ही बड़े रिसावों पर नज़र रख रहा है. इसके माध्यम से उत्सर्जन को मापा जाता है और सरकारों व कम्पनियों को सतर्क किया जाता है.UNEP की अन्तरराष्ट्रीय मीथेन उत्सर्जन वेधशाला (International Methane Emissions Observatory) की प्रमुख जूलिया फ़ेरिनी ने यूएन न्यूज़ को बताया कि इस प्रणाली की मदद से, 13 देशों में 45 मामलों में उत्सर्जन में कमी लाना सम्भव हुआ है.उन्होंने इराक़ के एक मामले का उल्लेख किया, जहाँ दो वर्षों से एक क्षतिग्रस्त गैस पाइपलाइन से मीथेन का रिसाव हो रहा था: लगभग 3.5 लाख कारों से होने वाले उत्सर्जन के बराबर. जंग लगी पाइपलाइन पर एक परत चढ़ाकर इस रिसाव को रोक दिया गया.उन्होंने कहा कि, जलवायु आपात स्थिति से निपटने के लिए मीथेन हमारा एक ब्रेक है. इस गैस के उत्सर्जन में कटौती करके अपेक्षाकृत कम समय में तापमान वृद्धि की गति को धीमा किया जा सकता है. इससे कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम करने के लिए और समय मिल सकेगा.कचरे का बेहतर उपयोगतुर्कीये के अन्ताल्या में जुटे प्रतिनिधि, जलवायु कार्रवाई में तेज़ी लाने के तरीक़ों पर माथापच्ची कर रहे हैं, वहीं युवा उद्यमी पहले से ही उनमें से कुछ उपायों को व्यवहार में अपना रहे हैं.बोत्सवाना में मकवेना म्वेसी पाँच लाख से अधिक केंचुओं के इस्तेमाल से खाद्य अपशिष्ट (Food Waste) की समस्या से निपट रही हैं.उनकी कम्पनी, वीवा ऑर्गेनिका (Viva Organica), खाद्य विक्रेताओं से जैविक कचरा एकत्र करती है और ‘Vermicomposting’ (केंचुआ खाद बनाने की प्रक्रिया) नामक विधि के माध्यम से उसे उर्वरक में बदल देती है. इससे कचरे को निपटान केन्द्र में जाने से रोका जा सकता है और साथ ही मिट्टी की सेहत में सुधार होता है.जीवविज्ञानी मकवेना म्वेसी ने बताया कि बदलती जलवायु के अनुकूल समाधानों का आर्थिक रूप से व्यावहारिक होना भी ज़रूरी है. “कोई किसान सुबह उठकर यह नहीं सोचता कि मैं हवा से इतनी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड को अलग करने में मदद के लिए क्या करने जा रहा हूँ.”उन्होंने कहा कि इसके बजाय, किसान यह जानना चाहते हैं कि वे कितना खाद्यान्न उगा सकते हैं, अपनी फ़सल की पैदावार किस तरह से बेहतर बना सकते हैं, और क्या वे उन उत्पादों को ख़रीदने का ख़र्च उठा सकते हैं, जो इस काम में उनकी मदद कर सकते हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement