-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

क्या जलवायु परिवर्तन से बढ़ रहा है 'सुपरबग' का ख़तरा?

Source: UN News: बुधवार, 11 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
क्या जलवायु परिवर्तन से बढ़ रहा है 'सुपरबग' का ख़तरा?
जलवायु परिवर्तन की वजह से अब जीवनरक्षक दवाओं के प्रभावीपन पर भी ख़तरा मंडराने लगा है. वैज्ञानिकों के अनुसार, बढ़ता वैश्विक तापमान और चरम मौसम घटनाएँ ऐसे ख़तरनाक बैक्टीरिया के पनपने और फैलने में मदद कर सकती हैं, जिन पर एंटीबायोटिक दवाओं का असर नहीं होता. एक नए अध्ययन में साल्मोनेला बैक्टीरिया में बढ़ती दवा-प्रतिरोधक क्षमता और जलवायु परिवर्तन के बीच सम्बन्ध सामने आया है, जिससे इस स्वास्थ्य चुनौती के प्रति चिन्ता बढ़ गई है. कल्पना कीजिए, किसी आम संक्रमण के इलाज में एंटीबायोटिक दवाएँ बेअसर होने लगें, तो क्या होगा? वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि जलवायु परिवर्तन इस ख़तरे को बढ़ा सकता है. तुर्कीये के अन्ताल्या शहर में संयुक्त राष्ट्र के वार्षिक जलवायु सम्मेलन (कॉप31) से पहले सामने आए एक नए अध्ययन ने इस पहलू की ओर ध्यान खींचा है.इसका एक उदाहरण साल्मोनेला बैक्टीरिया है, जो कम से कम आठ हज़ार वर्षों से मनुष्यों में बीमारियों का कारण रहा है. इससे दस्त से लेकर जानलेवा रक्त संक्रमण तक हो सकते हैं.गम्भीर संक्रमणों के इलाज में एंटीबायोटिक दवाएँ कारगर रही हैं. मगर, बढ़ता तापमान इन बैक्टीरिया में दवा-प्रतिरोधक क्षमता के फैलाव को बढ़ावा दे सकता है, जिससे इलाज मुश्किल होने की आशंका है.The Lancet Planetary Health में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, जलवायु परिवर्तन का सम्बन्ध साल्मोनेला में दवाओं के प्रति प्रतिरोध पैदा करने वाले जीन की मात्रा में 10 प्रतिशत वृद्धि से पाया गया है.संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) की वरिष्ठ अधिकारी जैकलीन अल्वारेज़ ने चेतावनी दी है कि अनेक आम संक्रमणों पर दवाओं का असर पहले से कम हो रहा है. ऐसे संक्रमण लाखों लोगों की जान ले सकते हैं और जलवायु परिवर्तन इस संकट को और गहरा सकता है.रोगाणुरोधी प्रतिरोध का क्या मतलब है?रोगाणुरोधी प्रतिरोध (Antimicrobial Resistance या AMR) तब होता है, जब बैक्टीरिया, वायरस, फफूंद और अन्य सूक्ष्मजीवों पर उन्हें ख़त्म करने या बढ़ने से रोकने वाली दवाओं का असर कम हो जाता है या वे बेअसर हो जाती हैं.इस कारण आम संक्रमणों का इलाज मुश्किल और कभी-कभी असम्भव भी हो सकता है.वर्ष 2021 में दुनिया भर में लगभग 50 लाख लोगों की मौत ऐसे बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों से जुड़ी थी, जिन पर एंटीबायोटिक दवाओं का असर नहीं हो रहा था. © UNEP/Beverley McDonald कुछ अध्ययनों के अनुसार, जलवायु परिवर्तन कई तरीक़ों से सुपरबग का ख़तरा बढ़ा सकता है. रोगाणुरोधी प्रतिरोध ख़तरनाक क्यों है?रोगाणुरोधी प्रतिरोध दुनिया के सबसे गम्भीर सार्वजनिक स्वास्थ्य ख़तरों में से एक है.The Lancet पत्रिका में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2025 से 2050 के दौरान दवा-प्रतिरोधी बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमणों के कारण 3.90 करोड़ से अधिक लोगों की मौत हो सकती है. यानि हर मिनट लगभग तीन लोगों की जान जाने की आशंका है.विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि जीवनरक्षक दवाएँ बेअसर होने लगीं, तो मामूली चोट और आम संक्रमण भी जानलेवा साबित हो सकते हैं. इससे चिकित्सा क्षेत्र में दशकों की प्रगति को गहरा झटका लग सकता है.जलवायु परिवर्तन से रोगाणुरोधी प्रतिरोध कैसे बढ़ सकता है?वैज्ञानिक अभी इस सम्बन्ध का अध्ययन कर रहे हैं, मगर अब तक के शोध से संकेत मिले हैं कि जलवायु परिवर्तन तीन प्रमुख तरीक़ों से इस समस्या को बढ़ा सकता है.पहला, दवा-प्रतिरोधी सूक्ष्मजीवों का पनपना: गर्म और नम मौसम में कुछ प्रकार की फफूंद तेज़ी से फैल सकती है. इससे खेती में फफूंदनाशकों का इस्तेमाल बढ़ सकता है, जिससे इन दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित होने का ख़तरा भी बढ़ जाता है.दूसरा, दवा-प्रतिरोधक क्षमता का फैलाव: कुछ परिस्थितियों में बढ़ता तापमान बैक्टीरिया के बीच ऐसे जीन के आदान-प्रदान को बढ़ावा दे सकता है, जो उन्हें दवाओं के असर से बचाते हैं. इस प्रक्रिया को 'हॉरिज़ॉन्टल जीन ट्रांसफ़र' कहा जाता है.तीसरा, दवा-प्रतिरोधी रोगाणुओं का नए क्षेत्रों में पहुँचना: बाढ़ जैसी चरम मौसम घटनाओं के दौरान ये रोगाणु दूषित पानी के साथ रिहायशी इलाक़ों तक पहुँच सकते हैं, जिससे संक्रमण फैलने का ख़तरा बढ़ जाता है.क्या दवाओं के अत्यधिक इस्तेमाल के अलावा भी रोगाणुरोधी प्रतिरोध बढ़ने के अन्य कारण हैं?बिल्कुल. मनुष्यों, पशुओं और कृषि में रोगाणुरोधी दवाओं का अत्यधिक या ग़लत इस्तेमाल इसका एक प्रमुख कारण है, मगर अन्य वजह भी हैं.प्रदूषण और मिट्टी व पानी में दवाओं के अवशेष पहुँचने से भी सूक्ष्मजीवों में इन दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का ख़तरा बढ़ जाता है.यूएन पर्यावरण एजेंसी की जैकलीन अल्वारेज़ के अनुसार, यही वजह है कि सुपरबग को पनपने और फैलने से रोकने के प्रयासों में पर्यावरण संरक्षण पर भी ज़ोर दिया जा रहा है.क्या जलवायु परिवर्तन से 'सुपरबग' का फैलाव बढ़ने के उदाहरण हैं?हाँ. हाल के एक अध्ययन में 139 देशों और क्षेत्रों से साल्मोनेला बैक्टीरिया के 4.80 लाख से अधिक जीनोम का विश्लेषण किया गया.शोधकर्ताओं ने पाया कि जलवायु परिवर्तन का सम्बन्ध, इन बैक्टीरिया में एंटीबायोटिक दवाओं के प्रति प्रतिरोध पैदा करने वाले जीन की मात्रा में वैश्विक स्तर पर 10 प्रतिशत वृद्धि से है.अन्य शोध से भी संकेत मिले हैं कि बढ़ते तापमान के कारण कई ख़तरनाक रोगाणुओं का फैलाव नए इलाक़ों में हो सकता है.इनमें तटीय जल में पाया जाने वाला जानलेवा बैक्टीरिया 'विब्रियो वल्निफ़िकस', मलेरिया फैलाने वाला परजीवी 'प्लाज़्मोडियम' और अस्पतालों में गम्भीर संक्रमण का कारण बनने वाली दवा-प्रतिरोधी फफूंद 'कैंडिडा ऑरिस' शामिल हैं.हालाँकि, वैज्ञानिक अभी यह समझने का प्रयास कर रहे हैं कि इन रोगाणुओं के नए इलाक़ों में फैलने से दवा-प्रतिरोध का ख़तरा किस हद तक बढ़ सकता है. © UNEP/Beverley McDonald तापमान में और वृद्धि तथा संक्रामक बीमारियों पर उसके सम्भावित असर को सीमित करने के लिए ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती ज़रूरी है. जलवायु परिवर्तन के कारण किन क्षेत्रों में रोगाणुरोधी प्रतिरोध बढ़ सकता है?इसका सटीक अनुमान लगाना अभी मुश्किल है.मगर, अफ़्रीका, एशिया और लातिन अमेरिका के कई हिस्सों में चरम मौसमी घटनाओं और रोगाणुरोधी प्रतिरोध, दोनों का ख़तरा बढ़ रहा है.विशेषज्ञों के अनुसार, इन क्षेत्रों में जलवायु परिवर्तन के कारण दवा-प्रतिरोधी संक्रमणों का फैलाव तेज़ होने की आशंका है.इसका सबसे अधिक असर ग़रीब और वंचित समुदायों पर पड़ सकता है, जहाँ स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त सुविधाएँ उपलब्ध नहीं हैं.रोगाणुरोधी प्रतिरोध का ख़तरा कम करने के लिए देश क्या क़दम उठा सकते हैं?संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के अनुसार, इस ख़तरे से निपटने के लिए जलवायु परिवर्तन पर अंकुश लगाने के साथ-साथ दवा-प्रतिरोधी संक्रमणों का फैलाव रोकना भी ज़रूरी है.इसके लिए कुछ प्रमुख उपाय हैं:वैश्विक तापमान वृद्धि सीमित रखने के लिए ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती.पर्यावरण की निगरानी बढ़ाने और सम्बन्धित नियमों को मज़बूती.वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने और उसके निष्कर्षों के आधार पर प्रभावी नीतियों पर अमल.दवा निर्माण, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्रों से एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के अवशेष मिट्टी और पानी में पहुँचने की रोकथाम.दवाओं के सही और ज़िम्मेदार इस्तेमाल के बारे में जागरूकता प्रसार.क्या आम लोग भी रोगाणुरोधी प्रतिरोध रोकने में मदद कर सकते हैं?इसकी मुख्य ज़िम्मेदारी सरकारों और उद्योगों की है, मगर कुछ सावधानियाँ अपनाकर आम लोग भी इस ख़तरे को कम कर सकते हैं.UNEP ने इसके लिए कुछ अहम सुझाव दिए हैं:एंटीबायोटिक और अन्य रोगाणुरोधी दवाएँ केवल स्वास्थ्यकर्मियों की सलाह पर लें.अपनी दवाएँ दूसरों के साथ साझा न करें.संक्रमण से बचने के लिए नियमित रूप से साबुन और साफ़ पानी से हाथ धोएँ.ऐसे खाद्य उत्पाद चुनें, जिनके उत्पादन में रोगाणुरोधी दवाओं का सीमित और ज़िम्मेदार इस्तेमाल हुआ हो.बची हुई दवाओं को सुरक्षित निपटान के लिए दवा विक्रेताओं या अधिकृत केन्द्रों पर लौटाएँ.अनावश्यक एंटीबैक्टीरियल सफ़ाई उत्पादों से बचें. सामान्य सफ़ाई के लिए साबुन और डिटर्जेंट पर्याप्त हैं.यूएन जलवायु सम्मेलन (COP31) से पहले सामने आए ये शोध निष्कर्ष, जलवायु परिवर्तन के एक और सम्भावित ख़तरे की ओर इशारा करते हैं. बढ़ता तापमान उन जीवनरक्षक दवाओं की प्रभावशीलता को भी कमज़ोर कर सकता है, जिन पर लाखों लोगों का जीवन निर्भर है.विशेषज्ञों के अनुसार, 'सुपरबग' के बढ़ते ख़तरे से निपटने के लिए दवाओं का सही इस्तेमाल और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ ही काफ़ी नहीं हैं. प्रदूषण रोकने और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए ठोस कार्रवाई भी ज़रूरी है.यह लेख पहले यहाँ प्रकाशित हुआ.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement