-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:51 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संक्षेप में: नौका हादसों में 56 लोगों की मौत; ग़ाज़ा में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें

Source: UN News: बुधवार, 11 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
संक्षेप में: नौका हादसों में 56 लोगों की मौत; ग़ाज़ा में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें
सेनेगल और ग्रीस के तटीय इलाक़ों में बीते सप्ताहांत, सिलसिलेवार ढंग से नौकाएँ डूब जाने की घटनाएँ हुई हैं, जिनमें कम से कम 56 प्रवासियों के मारे जाने की जानकारी है. अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने आगाह किया है कि ये नौका हादसे फिर ध्यान दिलाते हैं कि अटलांटिक और भूमध्यसागर जलमार्गों पर सफ़र कर रहे प्रवासी किन जोखिमों का सामना कर रहे हैं.शुक्रवार, 6 नवम्बर को, पश्चिमोत्तर सेनेगल के तट के नज़दीक, राजधानी डाकार और सेंट लुइस के बीच जलक्षेत्र में हुई एक नाव दुर्घटना में कम से कम 34 प्रवासियों की जान गई है. सेनेगल प्रशासन ने बताया कि एक व्यक्ति को जीवित बचा लिया गया है, मगर अब भी बड़ी संख्या में लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है.ग्रीस के क्रीट के तट के पास, पूर्वी लीबिया से रवाना हुई दो नावों के हादसे का शिकार हो जाने की वजह से कम से कम 22 लोगों की जान गई है. ग्रीक प्रशासन के अनुसार, एक घटना में 28 सूडान प्रवासियों को बचा लिया गया. आठ शव बरामद हुए हैं और अनेक व्यक्ति अब भी लापता हैं.वहीं, दूसरे हादसे में 18 लोगों को जीवित बचाया गया, और 14 शव बरामद हुए हैं.यूएन प्रवासन एजेंसी ने क्षोभ जताया है कि प्रवासन मार्गों पर हो रही इन दुर्घटनाओं की एक विशाल मानवीय क़ीमत चुकानी पड़ रही है. पूर्वी लीबिया से ग्रीस के क्रीट द्वीप तक ले जाने वाले मार्ग के ज़रिए इन जोखिम भरी यात्राएँ करने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है, जबकि हादसे की स्थिति में बचाव एवं तलाश क्षमता कम है. IOM के अनुसार इस वर्ष 26 अक्टूबर तक, पश्चिमी अफ़्रीका से अटलांटिक जलमार्ग पर कम से कम 454 लोगों के मारे जाने या लापता होने की जानकारी जुटाई गई है. वास्तविक आँकड़ा इससे कहीं अधिक होने की आशंका है, चूँकि अक्सर हादसे का शिकार होने वाली नौकाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाती है.पश्चिमोत्तर अफ़्रीकी अटलांटिक समुद्री मार्ग मोरक्को, मॉरिटेनिया, सेनेगल, गाम्बिया, गिनी से स्पेन के कैनेरी द्वीपों तक जाता है, जबकि पूर्वी भूमध्यसागर जलमार्ग लीबिया और कुछ हद तक लेबनान व सीरिया को ग्रीस व साइप्रस से जोड़ता है.ग़ाज़ा: भारी बारिश से आश्रय स्थल बर्बाद, पाँच की मौत UN News ग़ाज़ा के डेयर अल बलाह में बारिश से भीगे ग़द्दों और कम्बलों के पास अपने तम्बू में फ़लस्तीनी बच्चे. ग़ाज़ा में मूसलाधार बारिश की वजह से टैंट से बने आश्रय स्थलों पर रेत का एक टीला ढह जाने से कम से कम तीन बच्चों समेत पाँच लोगों की जान गई हैं. बारिश की वजह से जमा हुए पानी में एक नवजात शिशु के डूबने की भी ख़बर है. यूएन मानवतावादी कार्यालय ने बताया कि हज़ारों परिवारों ने अपने आश्रय स्थल, सामान खो दिए हैं. शुक्रवार की रात से ही तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो रही है, जिससे विस्थापितों के लिए बनाए गए केन्द्रों में जल भराव की स्थिति हो गई है. क्षतिग्रस्त इमारतें ध्वस्त हो रही हैं और ग़ाज़ा के सभी पाँच गवर्नरेट में आवश्यक सेवाओं में व्यवधान आया है.डेयर अल बलाह में रेत का टीला ढहने से हुए हादसे में तीन बच्चों के साथ दो महिलाओं के भी मारे जाने की ख़बर है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है.यूएन मानवीय सहायता एजेंसियों ने कहा है कि बारिश को नहीं टाला जा सकता है, मगर सम्वेदनशील परिस्थितियों में रह रहे लोगों की रक्षा के लिए और अधिक प्रयास किए जाने होंगे. ग़ाज़ा की कुल आबादी का लगभग 65 फ़ीसदी, 14 लाख लोग टैंट या अस्थाई आश्रय स्थलों में रहने के लिए मजबूर हैं.8 नवम्बर तक, यूएन के साझेदार संगठनों ने बताया कि 26 हज़ार घर-परिवारों ने मदद का अनुरोध किया है, जिनके घर, सामान व आश्रय स्थल बारिश में क्षतिग्रस्त हो गए हैं. कुछ इलाक़ों में 1.5 मीटर तक जल भराव हो गया है, 55 हज़ार बच्चों के लिए पढ़ने-लिखने के 55 केन्द्रों में भी बाढ़ की स्थिति है, और अनेक स्वास्थ्य केन्द्रों को भी सेवाएँ रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा है.संयुक्त राष्ट्र एजेंसियाँ अपने साझेदार संगठनो के साथ मिलकर जल की निकासी करने, रेत की बोरी जुटाने, आश्रय स्थलों की मरम्मत और आपाता सामान की आपूर्ति में जुटी हैं. मगर, ग़ाजा में टैंट, तिरपाल, कम्बल और कपड़ों की आपूर्ति की भी कमी महसूस की जा रही है.यूएन एजेंसियों ने ग़ाज़ा में मानवीय सहायता की आपूर्ति पर थोपी गई पाबन्दियों को हटाने और राहत कार्य में देरी को दूर करने का आग्रह किया है. फ़िलहाल, सहायता संगठनों के लिए वहाँ भारी मशीनरी, इंजन तेल, कल-पुर्ज़े, टैंट, प्लास्टिक शीट, वैक्यूम ट्रक समेत अन्य सामान को पहुँचा पाना कठिन है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement