-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:23 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अगले साल फिर झुलसा सकती है भीषण गर्मी, यूएन रिपोर्ट ने किया आगाह

Source: UN News: मंगलवार, 10 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
अगले साल फिर झुलसा सकती है भीषण गर्मी, यूएन रिपोर्ट ने किया आगाह
इस वर्ष, अप्रैल महीने में भारत में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया और 14 करोड़ से अधिक लोग भीषण गर्मी की चपेट में आ गए. संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, रिकॉर्ड-तोड़ गर्मी और चरम मौसम घटनाओं का यह सिलसिला 2027 में भी जारी रह सकता है. जलवायु प्रभाव 'अल नीन्यो' के शक्तिशाली होने की वजह से यह रुझान और गहराने की आशंका है. शुरुआती अनुमानों के अनुसार, इस वर्ष गर्मियों में योरोपीय देशों में सामान्य स्तर से 30 हज़ार से अधिक अतिरिक्त मौतें हुईं. इनमें से लगभग 16 हज़ार मौतें जून के अन्तिम सप्ताह में आई भीषण तापलहर के दौरान दर्ज की गईं.वहीं, अगस्त के अन्तिम दिनों में नेपाल के हिमालय क्षेत्र में हिमनद टूटने से विनाशकारी बाढ़ आई, जिसमें 1,400 से अधिक लोगों की जान गई.विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने अपने एक नए विश्लेषण में चेतावनी दी है कि रिकॉर्ड-तोड़ गर्मी, बर्फ़ पिघलने और समुद्री जलस्तर बढ़ने का सिलसिला अगले साल भी जारी रह सकता है. शक्तिशाली जलवायु प्रभाव, 'अल नीन्यो' के कारण 2027 में भी चरम मौसमी घटनाएँ (सूखा, तूफ़ान, बाढ़, ताप लहर) बढ़ने की आशंका है.मुख्य निष्कर्षग्रीनहाउस गैसें: वर्ष 2025 में इनका स्तर रिकॉर्ड ऊँचाई पर पहुँचा और 2026 में भी बढ़ता रहा. वर्ष 1750 की तुलना में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा 53 प्रतिशत, मीथेन की 167 प्रतिशत और नाइट्रस ऑक्साइड की 26 प्रतिशत बढ़ चुकी है.महासागर: वर्ष 2025 में महासागरों के तापमान ने नया रिकॉर्ड बनाया और 2026 में भी बढ़ता रहा. गर्म होने का यह रुझान सैकड़ों से हज़ारों वर्षों तक रह सकता है.समुद्र का जलस्तर: वर्ष 2026 में वैश्विक औसत समुद्री जलस्तर रिकॉर्ड ऊँचाई पर पहुँचा. इसके बढ़ने की रफ़्तार भी तेज़ हो रही है.समुद्र में जमा पानी: अंटार्कटिक क्षेत्र में सर्दियों के दौरान समुद्री बर्फ़ का अधिकतम फैलाव अब तक का तीसरा सबसे कम स्तर रहा. आर्कटिक में यह सबसे कम या दूसरे सबसे कम स्तर पर था.हिमनद: वर्ष 2025 में हिमनदों से 400 अरब टन से अधिक बर्फ़ पिघली. यह समुद्र के जलस्तर में लगभग एक मिलीमीटर वृद्धि के बराबर है.मीठे पानी के भंडार: वर्ष 2014 से धरती पर जमा मीठे पानी की मात्रा घट रही है. वर्ष 2025 में आकलन किए गए 42 प्रतिशत क्षेत्रों में जल भंडार सामान्य से कम था.स्वास्थ्य: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने पहली बार अल नीन्यो के सम्भावित स्वास्थ्य प्रभावों को स्वास्थ्य आपातस्थिति के रूप में वर्गीकृत किया है.खाद्य सुरक्षा: अल नीन्यो से खेती के ख़तरे बढ़ रहे हैं, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ खाद्य संकट गम्भीर है और खेती वर्षा पर निर्भर है.कॉप31 सम्मेलन यह चेतावनी, तुर्कीये में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (कॉप31) से पहले विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) द्वारा जारी नवीनतम वैश्विक जलवायु रिपोर्ट में दी गई है.रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 12 वर्ष अब तक के सबसे गर्म वर्षों में शामिल रहे हैं, जिनमें पिछले चार वर्ष सबसे गर्म थे. जनवरी से सितम्बर 2026 के बीच वैश्विक औसत तापमान, औद्योगिक काल से पहले के स्तर से लगभग 1.47 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.अगस्त से, 'अल नीन्यो' प्रभाव में तेज़ी आने की वजह से वर्ष के अन्त तक तापमान और बढ़ सकता है. दिसम्बर तक इसके अब तक का सबसे शक्तिशाली अल नीन्यो बनने की आशंका है. © WMO/Matthew Wilson अगस्त 2026 में वैश्विक समुद्री सतह का तापमान अब तक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया. महासागरों का बढ़ता तापमानग्रीनहाउस गैसों के कारण पृथ्वी पर जमा अतिरिक्त गर्मी का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा महासागर सोख लेते हैं. वर्ष 2026 लगातार दसवाँ ऐसा वर्ष बनने की ओर है, जब महासागरों में जमा गर्मी नया रिकॉर्ड बनाएगी.विश्व मौसम विज्ञान संगठन की महासचिव सेलेस्टे साउलो ने कहा, “अल नीन्यो पृथ्वी पर नई गर्मी पैदा नहीं करता, बल्कि महासागरों में जमा गर्मी को बाहर निकालता है. महासागर अब तक के सबसे गर्म स्तर पर हैं, इसलिए उनसे और अधिक गर्मी निकल सकती है.”इस बीच, समुद्र का जलस्तर रिकॉर्ड ऊँचाई पर पहुँच गया है. वर्ष 2026 में समुद्र की सतह के तापमान ने भी कई मासिक रिकॉर्ड तोड़े हैं.हिमनदों का पिघलना जारी है. वर्ष 2025 में इतनी बर्फ़ पिघली कि उससे पूरे साल हर सेकेंड ओलिम्पिक आकार के पाँच स्विमिंग पूल भरे जा सकते थे.चरम जलवायु का नया दौरसंयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने चेतावनी दी है कि, “हम चरम जलवायु के नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं. मानव गतिविधियों की वजह से पहले ही अत्यधिक गर्म हो चुकी पृथ्वी पर अब बेहद शक्तिशाली अल नीन्यो का असर पड़ रहा है.”उन्होंने कहा, “जलवायु रिकॉर्ड लगातार टूट रहे हैं और मानवीय नुक़सान बढ़ रहा है. इस संकट के लिए सबसे कम ज़िम्मेदार लोग ही सबसे पहले और सबसे अधिक पीड़ा झेल रहे हैं.”यूएन महासचिव ने विश्व नेताओं से ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में तेज़ कटौती और जीवाश्म ईंधन से स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव में तेज़ी लाने का आग्रह किया.उन्होंने जलवायु संकट के प्रति संवेदनशील देशों को आवश्यक वित्तीय सहायता और संरक्षण देने पर भी ज़ोर दिया. © WMO/Kazi Md Jahirul Islam बांग्लादेश के चटगाँव में बढ़ते ज्वार के दौरान तटरेखा डूबने की वजह से लोग पेड़ पर चढ़ गए. जलवायु ख़तरे बढ़ने की आशंकासेलेस्टे साउलो ने चेतावनी दी कि अल नीन्यो से जलवायु सम्बन्धी ख़तरे और बढ़ सकते हैं. तापलहरें, उष्णकटिबन्धीय चक्रवात और भीषण वर्षा की घटनाएँ पहले से अधिक गम्भीर हो सकती हैं.उन्होंने कहा, “इस वर्ष करोड़ों लोगों ने असहनीय गर्मी झेली. वहीं, नेपाल में बर्फ़ और चट्टानों के टूटने से आई विनाशकारी बाढ़ ने दिखाया कि जिन सम्वेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान बढ़ रहा है, वहाँ समुदायों को एक साथ कई ख़तरों का सामना करना पड़ रहा है.”'वैश्विक जलवायु की स्थिति 2026' पर अन्तिम रिपोर्ट मार्च 2027 में जारी होगी.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement