यमन: हूथी लड़ाकों की हिरासत में यूएन कर्मचारी की मौत, पारदर्शी जाँच की मांग
Source: UN News: गुरुवार, 05 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने यमन में पिछले दो वर्षों से बन्दी बनाकर रखे गए एक यूएन कर्मचारी की मौत पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए इस मामले की स्वतंत्र जाँच कराए जाने का आग्रह किया है. यूएन मानवाधिकार कार्यालय में सेवारत मोहम्मद अल शमी को तथ्यत: (de facto) हूथी प्रशासन ने 6 जून 2024 को मनमाने ढंग से हिरासत में लिया था.
मृतक कर्मचारी के परिजन का कहना है कि उनकी मौत लगभग एक महीने पहले हो गई थी, लेकिन इसकी जानकारी कुछ ही दिन पहले दी गई.यूएन महासचिव ने पीड़ित परिवारजन, यूएन मानवाधिकार कार्यालय के सहकर्मियों के प्रति अपनी गहरी सम्वेदना व्यक्त की है और हिरासत में रखे गए सभी यूएन कर्मचारियों और परिजन के प्रति एकजुटता व्यक्त की है.संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, यमन में 71 कर्मचारियों को हूथी लड़ाकों ने अपनी हिरासत में रखा हुआ है. इससे पहले, फ़रवरी 2025 में विश्व खाद्य कार्यक्रम के एक अन्य कर्मचारी की हिरासत के दौरान मौत हो गई थी. मोहम्मद अल शमी समेत 13 यूएन कर्मचारियों को जून 2024 में हूथी लड़ाकों ने हिरासत में ले लिया था.उसके बाद से ही, हूथी प्रशासन ने उनकी सलामती या जीवित होने के बारे में कोई जानकारी मुहैया नहीं कराई, जबकि यूएन ने अनेक बार इसका आग्रह किया था. संयुक्त राष्ट्र ने हूथी लड़ाकों से यह बताने के लिए कहा है कि मोहम्मद अल शमी की मौत किन परिस्थितियों में हुई.यूएन मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने भी इस घटना की स्वतंत्र व पारदर्शी जाँच की मांग की है. उन्होंने हूथी प्रशासन से कहा कि सभी प्रासंगिक मेडिकल व हिरासत सम्बन्धी रिकॉर्ड मुहैया कराने होंगे, सबूत बचाकर रखने होंगे और मौत की वजह की स्वतंत्र समीक्षा करनी होगी. परिवारजन को सच जानने का अधिकार है और ग़लत हरकत की जवाबदेही तय की जानी होगी.बन्दी बनाया जाना अस्वीकार्य हैमहासचिव गुटेरेश ने कहा कि यह घटना ध्यान दिलाती है कि यूएन और मानवीय सहायताकर्मी कितने जोखिमों का सामना करते हुए अपने दायित्व निभा रहे हैं. बड़ी संख्या में कर्मचारियों को कई वर्षों से हिरासत में रखा गया है.“उन्हें बन्दी के रूप में रखा जा रहा है और इस स्थिति का जारी रहना अस्वीकार्य है, जिसकी वजह से उन्हें और उनके परिवारजन को अपार पीड़ा हो रही है.”उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि बन्दी बना कर रखे गए लोगों के साथ मानवीय बर्ताव किया जाना होगा, और उनकी गरिमा व मानवाधिकारों का ख़याल रखना होगा. इस दौरान उन्हें संरक्षण, चिकित्सा देखभाल और शारीरिक व मनोसामाजिक समर्थन मुहैया कराना ज़रूरी है. यूएन प्रमुख ने संयुक्त राष्ट्र के 70 कर्मचारियों, पाँच पूर्व कर्मचारियों और अन्य नागरिक समाज संगठनों के कर्मचारियों को बन्धक बनाकर रखे जाने पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है और उन्हें बिना किसी शर्त के तुरन्त रिहा किए जाने की मांग की है.हिंसक टकराव की चपेट मेंवर्ष 2014 से, ईरान द्वारा समर्थित हूथी लड़ाकों का सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकार से टकराव रहा है. हूथी अलगाववादियों का राजधानी सना समेत अन्य इलाक़ों पर क़ब्ज़ा है, जबकि अन्तरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त यमनी सरकार अदन में स्थित है.यूएन की मध्यस्थता में फ़रवरी 2022 में संघर्षविराम हुआ था, जिसके बाद देश में अपेक्षाकृत शान्ति व्याप्त हुई थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में टकराव फिर तेज़ हुआ है. सितम्बर में हूथी लड़ाकों ने यमन के लाल सागर तट पर अपना दबदबा बढ़ाते हुए कुछ इलाक़ों को अपने क़ब्ज़े में ले लिया था, जिसके बाद, सरकारी सुरक्षा बलों ने राजधानी सना और अन्य इलाक़ों को अपने नियंत्रण में लेने के लिए जवाबी अभियान छेड़ा है. सऊदी अरब ने हवाई कार्रवाई के ज़रिए इसे अपना समर्थन दिया, मगर, इसके जवाब में हूथी लड़ाकों ने सऊदी अरब पर मिसाइल व ड्रोन हमले किए हैं.