-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अफ़ग़ानिस्तान: संसाधनों की कमी से, चरमरा रही हैं अहम स्वास्थ्य सेवाएँ

Source: UN News: गुरुवार, 05 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
अफ़ग़ानिस्तान: संसाधनों की कमी से, चरमरा रही हैं अहम स्वास्थ्य सेवाएँ
लम्बे समय से आर्थिक कठिनाइयों, मानवीय आवश्यकताओं और घटती अन्तरराष्ट्रीय सहायता से जूझ रहे अफ़ग़ानिस्तान में स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं पर भी बोझ बढ़ रहा है. यूएन मानवतावादी कार्यालय (OCHA) ने आगाह किया है कि धनराशि की क़िल्लत की वजह से स्वास्थ्य केन्द्र बन्द हो रहे हैं या फिर उपलब्ध सेवाओं में कटौती करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. इन परिस्थितियों का महिलाओं, बच्चों और दूर-दराज़ के इलाक़ों में रहने वाली आबादी पर अधिक असर होने की आशंका है, जिन्हें स्वास्थ्य देखभाल के लिए अब लम्बी, ख़तरनाक यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है. अति-आवश्यक चिकित्सा सामान व सेवाओं के अभाव से मातृत्व व बाल स्वास्थ्य, आपात उपचार सुविधा प्रभावित हो सकते हैं, साथ ही उन बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की सम्भावना है, जिनकी आसानी से रोकथाम की जा सकती है.संयुक्त राष्ट्र ने ध्यान दिलाया है कि स्थानीय आबादी की आवश्यकताओं के अनुरूप, पोषण के लिए समय रहते उपचार, सुरक्षित जल, बीमारियों की रोकथाम समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ मुहैया कराई जानी अहम हैं, विशेष रूप से अधिक जोखिम झेल रहे लोगों के लिए.मगर, वित्तीय संसाधनों के अभाव की वजह से अति-आवश्यक सेवाओं पर भीषण दबाव उपजा है. देश में स्वास्थ्य देखभाल के लिए 19.1 करोड़ डॉलर की अपील जारी की गई थी, लेकिन फ़िलहाल 44 प्रतिशत धनराशि का ही प्रबन्ध हो पाया है.आपात राहत मामलों में समन्वय के लिए यूएन कार्यालय (OCHA) ने बताया है कि धन कटौतियों की वजह से महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केन्द्रों को बन्द किया जा रहा है, या वहाँ उपलब्ध सेवाओं के दायरे को घटाया जा रहा है. © UNICEF अफ़ग़ानिस्तान के हेरात में एक क्लीनिक में शिशु की कुपोषण की जाँच की जा रही है. कठिनाइयों से जूझते लोग यूएन कार्यालय ने अपने एक अलर्ट में बताया है कि अफ़ग़ानिस्तान के सुदूर पूर्वोत्तर हिस्से में स्थित बदख़्शाँ प्रान्त में दूर-दराज़ के इलाक़ों में रहने वाली आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लम्बी, ख़तरनाक यात्राएँ करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.OCHA की प्रवक्ता ओल्गा चेरेवको ने किशिम ज़िला अस्पताल में हालात को बयाँ करते हुए कहा कि मेडिकल कर्मचारियों को हर दिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. ज़रूरी दवाओं, उपकरणों, संसाधनों की कमी लगातार महसूस की जा रही है और कुपोषण मामलों के प्रति चिन्ता भी बढ़ रही है. “देश के अनेक हिस्सों में आवश्यकताएँ हैं, गम्भीर और चरम ज़रूरतें और वे बढ़ती जा रही हैं.”यूएन कार्यालय की अधिकारी ने बताया कि अस्पतालों के पास मरीज़ों को पर्याप्त सेवा व समर्थन मुहैया कराने के लिए संसाधनों का अभाव है. “अक्सर लोगों के पास जाने के लिए कोई अन्य जगह ही नहीं बची है.” © UNICEF/Muzamel Azizi अफ़ग़ानिस्तान के कुनार प्रान्त के एक गाँव में एक परिवार नदी से पानी भरते हुए. अनेक मोर्चों पर संकट अफ़ग़ानिस्तान को विश्व में सबसे गम्भीर मानवीय संकटों में देखा जाता है, जहाँ लगभग 2.2 करोड़ लोग सहायता पर निर्भर हैं. अगस्त 2021 में तालेबान द्वारा सत्ता हथिया लिए जाने के बाद से मानवीय संकट व आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है. अफ़ग़ानिस्तान की महिलाओं पर पाबन्दियाँ थोपी गई हैं और उन्हें अपने दैनिक जीवन के हर पहलु में अंकुशों का सामना करना पड़ रहा है.पिछले कुछ वर्षों में, अन्य देशों में शरण लेने वाले लाखों अफ़ग़ान नागरिक, ईरान और पाकिस्तान से अपनी वतन वापसी के लिए मजबूर हुए हैं, जिससे स्थानीय समुदायों व तंत्र पर बोझ बढ़ा है.हाल ही में जारी हुए एक विश्लेषण के अनुसार, अफ़ग़ानिस्तान में, 1.59 करोड़ लोग खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हैं. 34 लाख लोग, आपात स्तर पर भोजन की कमी से जूझ रहे हैं, जोकि अकाल से पहले की स्थिति है. नवम्बर 2026 से अगले वर्ष अप्रैल के दौरान स्थिति बद से बदतर हो सकती है जब भूख से पीड़ितों की संख्या 1.9 करोड़ तक पहुँच सकती है

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement