-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:51 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अफ़ग़ानिस्तान, सीरिया, लेबनान, यूक्रेन में 90 लाख ज़रूरतमन्दों के लिए अपील

Source: UN News: मंगलवार, 03 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
अफ़ग़ानिस्तान, सीरिया, लेबनान, यूक्रेन में 90 लाख ज़रूरतमन्दों के लिए अपील
सर्दी का मौसम अपने साथ उन लाखों लोगों के लिए एक नया संकट लेकर आता है, जो हिंसक टकराव के कारण अपने घर से विस्थापित होने के लिए मजबूर हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी संगठन (UNHCR) ने यूक्रेन, सीरिया, लेबनान, अफ़ग़ानिस्तान में सबसे ज़रूरतमन्द, 90 लाख लोगों के लिए पाँच करोड़ डॉलर की सहायता अपील जारी की है, ताकि सर्दी के मौसम के दौरान उनके लि समुचित व्यवस्था की जा सके. बीते कई वर्षों व दशकों से हिंसक टकराव, विस्थापन और सहायता धनराशि में कटौतियों का दंश झेल रही विस्थापित आबादी के लिए सर्दी के मौसम में अपनी बुनियादी ज़रूरतें - अस्थाई आश्रय स्थल, खाना पकाने और शरण स्थलों को गर्म रखने के लिए ईंधन, गर्म कपड़े, कम्बल – पूरा कर पाना एक बड़ी चुनौती बन जाता है.संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी, युद्ध व हिंसा से प्रभावित देशों में ज़रूरतमन्दों के लिए मानवीय सहायता आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए निरन्तर प्रयासरत है. मगर, वित्तीय संसाधनों की क़िल्लत और ऊर्जा क़ीमतों में आए उछाल से यह चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है.इसके मद्देनज़र, यूएन एजेंसी ने चार देशों में सबसे ज़रूरतमन्द, 90 लाख लोगों की आवश्यकताओं पर ध्यान केन्द्रित किया है और अतिरिक्त व्यवस्था करने के इरादे से एक अपील जारी की है.UNHCR ने बताया है कि बजट में गहरी कटौतियों के असर को कम करने के लिए, पाँच करोड़ डॉलर की आवश्यकता होगी ताकि सर्दी के मौसम में ज़रूरी समर्थन दिया जा सके. यह धनराशि, पिछले वर्ष जुटाई गई रक़म की तुलना में 30 लाख डॉलर अधिक है, जिसके तहत व्यक्तियों और निजी सैक्टर से योगदान का अनुरोध किया गया था.यूएन एजेंसी ने कहा कि इस अपील के ज़रिए जुटाई गई धनराशि से अफ़ग़ानिस्तान में हीटर, सीरिया व लेबनान में थर्मल कम्बल ख़रीदे जाएंगे, और यूक्रेन में बमबारी में क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत की व्यवस्था होगी. यूएन एजेंसी में बाहरी सम्बन्धों के लिए निदेशक डोमिनक़ हाइड ने बताया कि सर्दी के आगमन से पहले संसाधन कम हैं और क़ीमतें बढ़ती जा रही हैं. “इन नाज़ुक, युद्ध प्रभावित देशों में लाखों लोगों के लिए, सर्दी का सामना बिना पर्याप्त बचाव उपायों के ही करने का जोखिम है. उन्हें पहले की तुलना में कहीं अधिक सार्वजनिक समर्थन की आवश्यकता है. और हमें यह ढाल जल्द ही मुहैया कराने की ज़रूरत है.” © UNICEF/Oleksii Filippov यूक्रेन की राजधानी कीव में हीटिंग के लिए तैयार किए गए एक तम्बू में लोगों ने कठोर सर्दी से बचने के लिए शरण ली है. चुनौतीपूर्ण हालातयूक्रेन में जारी युद्ध के दौरान यह सर्दी का पाँचवा मौसम है. रूसी सैन्य बलों के हमलों के बीच तापमान अक्सर शून्य से 20 डिग्री नीचे लुढ़क जाता है. हमलों की वजह से हीटिंग व बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है. 40 लाख लोग, यूक्रेन की सीमाओं के भीतर विस्थापित हुए हैं. UNHCR योजना के तहत, यहाँ तीन लाख से अधिक लोगों को नक़दी और 80 हज़ार के लिए आश्रय सम्बन्धी समर्थन दिया जाएगा. अफ़ग़ानिस्तान में लगभग 40 लाख लोग पिछले कुछ वर्षों में ईरान और पाकिस्तान से वापिस लौटे हैं, जबकि जीवन को फिर से पटरी पर वापिस लाने के लिए सीमित संसाधन हैं. यूएन के अनुसार, 2026 में 42 लाख लोगों को आश्रय समर्थन की दरकार होगी, जबकि एक-तिहाई घरों में गर्म कपड़े पर्याप्त संख्या में नहीं है. धन कटौती की वजह से वापिस लौटे अफ़ग़ान नागरिकों के लिए नक़दी सहायता में कमी आई है और कम्बल, हीटर व मरम्मत के सामान की कमी है.सीरिया में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के पतन के बाद पिछले दो वर्षों में लाखों लोग स्वदेश लौटे हैं, लेकिन यदि घरों की मरम्मत, गर्म कपड़ों और तापन व्यवस्था के लिए ईंधन जैसी बुनियादी आवश्यकताएँ पूरी नहीं हुईं तो उनका जीवन फिर से अनिश्चितता में घिर सकता है. सीरिया के सम्वेदनशील क्षेत्रों में लगभग 24 लाख लोगों को मदद की ज़रूरत होगी, हालांकि यूएन एजेंसी 2.30 लाख आबादी तक ही मदद पहुँचा पाने की उम्मीद कर रही है.लेबनान में क़रीब तीन लाख लोगों को सर्दी के दौरान मानवीय सहायता की ज़रूरत होने का अनुमान है, मगर धन की क़िल्लत के कारण इनमें से लगभग 50 फ़ीसदी लोगों तक ही सहायता पहुँचने की सम्भावना है. बढ़ती महंगाई और आसमान छूती ईंधन क़ीमतों ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. डीज़ल के दाम लगभग दोगुने हो चुके हैं और पहले जिस सहायता से वे पूरी सर्दी गुज़ार सकते थे, अब वह कुछ सप्ताह में ही ख़त्म हो जाती है. © WFP/Philip Vinter सीरिया में, एक ध्वस्त इमारत के मलबे के बीच बैठे बच्चे.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement