-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:08 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पश्चिमी सहारा: MINURSO मिशन समाप्त, 'शान्ति प्रयासों के लिए समर्थन जारी रहेगा'

Source: UN News: मंगलवार, 03 नवम्बर 2026 00:00 AM (IST)
पश्चिमी सहारा: MINURSO मिशन समाप्त, 'शान्ति प्रयासों के लिए समर्थन जारी रहेगा'
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने कहा है कि पश्चिमी सहारा क्षेत्र में यूएन शान्तिरक्षा मिशन (MINURSO) के समाप्त होने के बाद भी, संयुक्त राष्ट्र शान्ति प्रयासों को समर्थन देने के लिए तत्पर है. उन्होंने स्थानीय आबादी के आत्मनिर्णय के अधिकार पर आधारित एक न्यायसंगत, स्थाई और सभी पक्षों को स्वीकार्य राजनैतिक समाधान के लिए संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबद्धता दोहराई है. बीते शुक्रवार को सुरक्षा परिषद में मिशन के भविष्य पर सहमति नहीं बन पाने के बाद, शनिवार मध्यरात्रि को उसका अधिदेश (mandate) समाप्त हो गया.अमेरिका ने मिशन के भविष्य पर एक मसौदा प्रस्ताव पेश किया, लेकिन रूस ने उसे वीटो कर दिया. वहीं, रूस के वैकल्पिक प्रस्ताव को पारित करने के लिए 15 सदस्य देशों वाली सुरक्षा परिषद में आवश्यक नौ मत नहीं मिल सके.यूएन प्रमुख ने अपने वक्तव्य में स्पष्ट किया कि संयुक्त राष्ट्र मिशन (MINURSO) का अन्त होने के बावजूद, पश्चिमी सहारा के लोगों को अपना भविष्य स्वयं तय करने का अधिकार बना रहेगा. साथ ही, सभी पक्षों से वहाँ के लोगों के अधिकारों का सम्मान और संरक्षण करने की अपील की है.MINURSO मिशनयूएन मिशन की स्थापना वर्ष 1991 में सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 690 के तहत हुई थी. इससे पहले, 1988 में मोरक्को और पोलिसारियो फ़्रंट (Frente POLISARIO) ने संयुक्त राष्ट्र व अफ़्रीकी एकता संगठन की शान्ति योजना स्वीकार की थी.इस योजना के तहत पश्चिमी सहारा में जनमत संग्रह कराया जाना था, ताकि वहाँ के लोग स्वयं तय कर सकें कि वे अपने लिए एक स्वतंत्र देश चाहते हैं या फिर मोरक्को का हिस्सा बने रहना. हालाँकि, यह जनमत संग्रह कभी नहीं हो सका, लेकिन MINURSO अपने अन्य दायित्व निभाता रहा.वर्ष 2007 में मोरक्को ने एक नया प्रस्ताव पेश किया, जिसके तहत पश्चिमी सहारा को मोरक्को का हिस्सा रहते हुए अपने आन्तरिक मामलों में स्वशासन देने की बात कही गई थी.इस मिशन का मुख्यालय लाअयुन शहर में स्थित है, और हाल के वर्षों में इसका दायित्व, पश्चिमी सहारा क्षेत्र में शान्ति व स्थिरता के लिए योगदान देना, हालात की निगरानी करना और दोनों पक्षों के बीच तनाव घटाना रहा है.मिशन की समाप्ति के बावजूद, संयुक्त राष्ट्र, महासचिव के निजी दूत स्टाफ़ान डी मिस्तूरा के माध्यम से विवाद के शान्तिपूर्ण समाधान के प्रयास जारी रखेगा. Li Li पश्चिमी सहारा में यूएन मिशन में तैनात एक शान्तिरक्षक अपने वाहन में गश्त लगा रहा है. व्यवस्थित वापसीमहासचिव ने पश्चिमी सहारा में सुरक्षा हालात और हिंसक टकराव बढ़ने की आशंका पर चिन्ता व्यक्त करते हुए सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और ऐसे क़दमों से बचने की अपील की है, जिनसे तनाव बढ़े या क्षेत्रीय स्थिरता के लिए ख़तरा पैदा हो.यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने कहा कि वर्ष 1991 से युद्धविराम की निगरानी और राजनैतिक समाधान के लिए अनुकूल माहौल बनाने में MINURSO की अहम भूमिका रही है.उन्होंने मिशन के सभी कर्मचारियों का आभार जताया, विशेष रूप से विशेष प्रतिनिधि ऐलेक्ज़ेन्डर इवान्को का, जिन्होंने वर्ष 2020 में हिंसक टकराव दोबारा शुरू होने के बाद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिशन का नेतृत्व किया.यूएन प्रमुख ने मिशन के 35 वर्षों के दौरान जान गँवाने वाले 20 शान्तिरक्षकों को भी श्रद्धाँजलि दी. MINURSO में 35 से अधिक देशों के लगभग 200 असैनिक और सैन्य कर्मी कार्यरत थे. बारूदी सुरंगें हटाने के लिए एक विशेष दल भी तैनात था.रविवार, 1 नवम्बर, से मिशन का कामकाज समेटने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. संयुक्त राष्ट्र के परिचालन सहायता विभाग के अधीन एक छोटा दल उपकरणों के निपटान की देखरेख करेगा.महासचिव ने सभी पक्षों से सहयोग की अपील की है, ताकि मिशन की वापसी जल्द और व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके. सुरक्षा परिषद में मतभेदशुक्रवार को सुरक्षा परिषद में अमेरिकी प्रतिनिधि ने कहा कि उनके द्वारा लाया गया प्रस्ताव पश्चिमी सहारा के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार का समर्थन करता था और 50 वर्ष पुराने विवाद के समाधान का रास्ता खोल सकता था. उन्होंने मौजूदा गतिरोध को अस्वीकार्य बताया.वहीं, रूसी प्रतिनिधि ने वीटो का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिकी प्रस्ताव के ज़रिए एकतरफ़ा समाधान थोपने की कोशिश की जा रही थी. उन्होंने इसे एक तरह से 'जीवनरक्षक वीटो' क़रार दिया.रूस ने MINURSO का शासनादेश 31 अक्टूबर 2027 तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा, लेकिन 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद में इसे पारित करने के लिए आवश्यक नौ मत हासिल नहीं हो सके.महासचिव ने दोहराया कि MINURSO का अभियान समाप्त होने के बावजूद, संयुक्त राष्ट्र बातचीत और विवाद के शान्तिपूर्ण समाधान के प्रयासों को समर्थन देता रहेगा.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement