-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

विध्वंस के घावों से उबर रही है प्रकृति, मगर पुनर्बहाली की गति बढ़ाना ज़रूरी

Source: UN News: शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 00:00 AM (IST)
विध्वंस के घावों से उबर रही है प्रकृति, मगर पुनर्बहाली की गति बढ़ाना ज़रूरी
वन, नदी, आर्द्रभूमि और महासागर, हमारे दैनिक जीवन में भोजन, जल, आजीविका समेत कई अहम योगदान देते हैं, लेकिन प्रकृति के ये रूप और इनकी छांव में पोषित होने वाले पौधे व जीव लम्बे समय से अपने अस्तित्व पर संकट से जूझते रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र का एक नया अध्ययन दर्शाता है कि बहुत से स्थानों पर तस्वीर बदल रही है, प्रकृति फिर से संवर और जीवन्त भी हो रही है, लेकिन इन संरक्षण प्रयासों में तेज़ी लाई जानी आवश्यक है. यूएन पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) और साझेदार संगठनों ने आर्मीनिया की राजधानी येरेवान में यूएन जैवविविधता सम्मेलन (कॉप17) के दौरान गुरूवार को अपनी यह रिपोर्ट प्रकाशित की है.इसके अनुसार, कैनेडा में सैल्मन मछली के प्रजनन स्थलों से लेकर इंडोनेशिया में प्रवाल भित्तियों (coral reefs) तक, विश्व भर में पारिस्थितिकी तंत्रों की पुनर्बहाली में अभूतपूर्व तेज़ी आ रही है.149 देशों में लगभग 25.2 करोड़ हैक्टेयर भूमि व समुद्री क्षेत्र में प्रकृति फिर से अपने मूल स्वरूप में लौट रही है. यह क्षेत्र, कज़ाख़्स्तान के आकार का है और इतिहास में यह सबसे बड़ा संरक्षण प्रयास बताया गया है.अभी तक, इस प्रक्रिया में 10 लाख से अधिक हरित रोज़गारों का भी निर्माण किया गया है.संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की कार्यकारी निदेशक इन्गेर ऐंडरसन ने कहा कि अभी तक के दर्ज इतिहास में, आज हम प्रकृति को बचाने के लिए सबसे बड़ी मुहिम को देख रहे हैं. हालांकि, यूएन एजेंसियों ने सचेत किया है कि वैश्विक स्तर पर प्रकृति की पुनर्बहाली के लिए स्थापित लक्ष्यों को 2030 तक की समयसीमा में हासिल करने के लिए अभी और प्रयास किए जाने होंगे. 2022 में हुए कुनमिंग-मॉन्ट्रियल जैवविविधता फ़्रेमवर्क के अन्तर्गत, क्षति का शिकार स्थलीय, ताज़ा जल, समुद्री और तटीय पारिस्थितिकी तंत्रों की, 2030 तक कम से कम 30 प्रतिशत बहाली की जाएगी. साथ ही, एक अरब हैक्टेयर क्षेत्र की बहाली का भी संकल्प लिया गया है, जोकि मोटे तौर पर चीन का आकार है.इसके तहत, न केवल प्रकृति आधारित समाधानों की गति बढ़ाई जानी होगी बल्कि पुनर्बहाली प्रयासों के लिए वार्षिक धनराशि, 64 अरब डॉलर से बढ़ाकर 296 अरब डॉलर किए जाने की आवश्यकता है. इस निवेश के ज़रिए, 2030 तक 3.2 करोड़ रोज़गारों को सृजित किया जा सकता है. © UNEP/Todd Brown ब्राजील के सेराडो में पुनर्बहाली प्रयासों के लिए प्राकृतिक रूप से फिर उगने, प्रत्यक्ष बीज बोने और देशी प्रजातियों के साथ कृषि वानिकी जैसे तौर-तरीक़े अपनाए गए हैं. पुनर्बहाली कारगर हैजल व खाद्य सुरक्षा, जलवायु सुदृढ़ता, रोज़गार व हमारे कल्याण के लिए यह ज़रूरी है कि हम प्रकृति को विध्वंस से उबारने में मदद करें. शोध दर्शाते हैं कि विश्व भर में, प्रकृति के संरक्षण के लिए जिन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, उनमें केवल 15 फ़ीसदी हिस्से की पुनर्बहाली से 60 प्रतिशत प्रजातियों के लुप्त होने को टाला जा सकता है. यह रिपोर्ट, यूएन पर्यावरण एजेंसी के साथ खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) और जैवविविधता मामलों पर यूएन सचिवालय ने साझा रूप से प्रकाशित की है.FAO महानिदेशक डोंग्यू क्यू ने कहा कि असल चुनौती प्रकृति की पुनर्बहाली को, भूमि, जल व प्राकृतिक संसाधनों के सतत प्रबन्धन का अटूट हिस्सा बनाना है. साथ ही, कृषि-खाद्य प्रणालियों में भी बड़े बदलाव करने होंगे. अध्ययन के अनुसार, प्रकृति की पुनर्बहाली के मामले में अलग-अलग पारिस्थितिकी तंत्रों व देशों में भिन्न-भिन्न स्थिति है. उदाहरण के लिए, स्थलीय पारिस्थितिकी तंत्रों (terrestrial ecosystems) के 30 फ़ीसदी हिस्से की पुनर्बहाली का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से लगभग आधा हासिल कर लिया गया है, लेकिन समुद्री और तटीय पुनर्बहाली में सीमित प्रगति ही हुई है.रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि पुनर्बहाली प्रयासों को लम्बे समय तक जारी रखना होगा, ताकि जैवविविधता को फिर से पोषित किए जाना सम्भव हो और समुदायों तक स्थाई लाभ पहुँचाना भी.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement