-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नेपाल की ‘प्रलयकारी’ बाढ़: हिमालय में बढ़ते जलवायु ख़तरे का संकेत

Source: UN News: बुधवार, 23 सितम्बर 2026 00:00 AM (IST)
नेपाल की ‘प्रलयकारी’ बाढ़: हिमालय में बढ़ते जलवायु ख़तरे का संकेत
हाल ही में उत्तरी नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ में पूरे के पूरे गाँव बह गए और भारी तबाही हुई. यह हिमालयी क्षेत्र में बढ़ते जलवायु ख़तरे का संकेत है, और आशंका है कि जलवायु परिवर्तन के कारण ऐसी बाढ़ नेपाल या हिमालय के अन्य हिस्सों में फिर आ सकती है. यह चेतावनी संयुक्त राष्ट्र परियोजना सेवा कार्यालय (UNOPS) की क्षेत्रीय निदेशक सारा नेटज़र ने दी है. UNOPS दुनिया भर में बुनियादी ढाँचे, ख़रीद और परियोजना प्रबन्धन से जुड़ी सेवाएँ देता है.हाल ही में नेपाल से लौटीं सारा नेटज़र ने जिनीवा में पत्रकारों को तबाही की व्यापकता, राहत प्रयासों और पुनर्निर्माण की चुनौतियों के बारे में बताया.उन्होंने कहा, “आमतौर पर किसी आपदा के दो से तीन सप्ताह बाद पुनर्निर्माण शुरू हो जाता है. लेकिन नेपाल के इन इलाक़ों में फिलहाल ऐसा सम्भव नहीं है.”समुदाय ‘पूरी तरह तबाह’अगस्त के अन्त में हिमनद ढहने से आई अचानक बाढ़ और भूस्खलनों में 1,200 से अधिक लोगों की मौत हुई. कई घर अपनी जगह से 150 मीटर तक दूर बह गए.सारा नेटज़र ने सबसे अधिक प्रभावित इलाक़ों का दौरा किया. लगभग 400 घरों और 1,200 लोगों वाले एक समुदाय का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पानी और कीचड़ की तेज़ धारा ने “सब कुछ पूरी तरह तबाह कर दिया.”उन्होंने कहा, “यह प्रलय जैसा दिखता है.” कुछ जगहों पर मलबा पाँच से आठ मीटर तक गहरा है.मौत, तबाही और मलबासारा नेटज़र ने कहा, “मलबे में चश्मे, स्कूल की किताबें, जूते, कम्बल और सम्भवतः लोगों के प्रियजनों के अवशेष तक दिखाई दे रहे हैं.”उन्होंने बताया कि विस्थापित लोग फिलहाल ‘अस्थाई आश्रय केन्द्रों’ में रह रहे हैं, जहाँ स्वच्छ पानी और साफ़-सफ़ाई की तत्काल ज़रूरत है.कई लोगों ने स्कूलों में शरण ली है, जिन्हें प्रशासन दोबारा खोलना चाहता है. ऐसे में अस्थाई आश्रयों की भी तत्काल आवश्यकता है.सारा नेटज़र ने कहा कि यह विशेष रूप से उन बच्चों के लिए अहम है, जिन्होंने अपने प्रियजनों को अपनी आँखों के सामने बहते देखा है.“इनमें से कई बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है. जितनी जल्दी वे सामान्य जीवन और स्कूल लौट सकें, उतना ही बेहतर होगा.”दलदली, अस्थिर ज़मीन पर पुनर्निर्माणपुनर्निर्माण भी बड़ी चुनौती है. सारा नेटज़र ने कहा कि नदी ने अपना रास्ता पूरी तरह बदल लिया है, इसलिए यह तय करना मुश्किल है कि लोगों के लिए कहाँ लौटना और दोबारा बसना सुरक्षित होगा.उन्होंने ज़मीन को बेहद अस्थिर और “जेली जैसी” बताया. ज़मीन अब तक पूरी तरह बैठी नहीं है, इसलिए पुनर्निर्माण शुरू करना भी मुश्किल है.UNOPS ने इंजीनियरिंग आकलन, बुनियादी ढाँचे के जोखिम मानचित्रण और पुलों की सुरक्षा जाँच के लिए धन जुटाया है.इलाक़े के 40 पुलों में से केवल एक बचा है, जिससे कई समुदाय पूरी तरह कट गए हैं. विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) को जीवनरक्षक सहायता पहुँचाने के लिए हेलीकॉप्टरों का सहारा लेना पड़ रहा है.सारा नेटज़र ने कहा, “इस संकट की मानवीय और बुनियादी ढाँचे, दोनों स्तरों पर भारी क़ीमत चुकानी पड़ रही है.”हाल के इस साक्षात्कार में सारा नेटज़र ने बताया कि इस बार की तबाही नेपाल में 2015 के भूकम्प के बाद देखी गई तबाही से भी कहीं अधिक व्यापक है.फिर दोहराए जाने का ख़तरासारा नेटज़र ने बताया कि कुछ प्रभावित लोग एक दशक पहले आए विनाशकारी भूकम्प में भी विस्थापित हुए थे. UNOPS टीम से बातचीत में उन्होंने पुनर्निर्माण और गहरे मानसिक आघात को लेकर चिन्ता जताई.उन्होंने कहा कि लोगों ने “सब कुछ खो दिया है”, अपने प्रियजनों को भी. इनमें कई परिवारों के मुख्य कमाऊ सदस्य थे, जबकि अनेक लोग अब भी लापता हैं.सारा नेटज़र ने कहा, “जलवायु परिवर्तन के कारण नेपाल जैसी आपदा हिमालय के अन्य हिस्सों में भी दोहराई जा सकती है.”“आज यह संकट नेपाल को प्रभावित कर रहा है, लेकिन भविष्य में कोई अन्य समुदाय या देश भी इसकी चपेट में आ सकता है.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement