-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बड़े युद्ध का ख़तरा सबसे बड़ी वैश्विक चिन्ता - यूएन सर्वेक्षण

Source: UN News: सोमवार, 21 सितम्बर 2026 00:00 AM (IST)
बड़े युद्ध का ख़तरा सबसे बड़ी वैश्विक चिन्ता - यूएन सर्वेक्षण
संयुक्त राष्ट्र की नई वैश्विक जोखिम रिपोर्ट के अनुसार, पूर्ण पैमाने का युद्ध छिड़ने का ख़तरा अब वैश्विक जोखिमों का आकलन करने वाले विशेषज्ञों की सबसे बड़ी चिन्ता बन गया है. दो साल पहले तक इसे एक दूर की आशंका माना जाता था. यह अध्ययन सरकारों, अन्तरराष्ट्रीय संगठनों, नागरिक समाज, निजी क्षेत्र और शिक्षा जगत से जुड़े 1,300 लोगों की राय पर आधारित है, जो दुनिया के सभी क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं.इसमें 28 राजनैतिक, आर्थिक, पर्यावरणीय, सामाजिक और तकनीकी ख़तरों का आकलन इस आधार पर किया कि उनके होने की कितनी सम्भावना है, वे कितना नुक़सान पहुँचा सकते हैं और उनसे निपटने के लिए दुनिया कितनी तैयार है.युद्ध का बढ़ता ख़तरा2024 की तुलना में बड़े पैमाने पर युद्ध का ख़तरा 16 पायदान ऊपर आ गया है. सूची में किसी भी अन्य जोखिम के मुक़ाबले यह सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी है. सर्वेक्षण में शामिल 36 प्रतिशत लोगों का मानना है कि अगले एक साल में इसका असर दुनिया की आबादी के एक बड़े हिस्से पर पड़ सकता है. वहीं, 76 प्रतिशत लोगों ने अगले सात वर्षों में ऐसा होने की सम्भावना जताई.सर्वेक्षण से यह भी पता चला कि दुनिया इस तरह के युद्ध से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार नहीं है. जोखिमों का आकलन उनकी अहमियत, उनके कितनी जल्दी सामने आने की आशंका है, दूसरे ख़तरों से उनके जुड़ाव और उनसे निपटने के लिए संस्थानों की तैयारी के आधार पर किया गया. बड़े पैमाने पर युद्ध का ख़तरा इन चारों ही पहलुओं में शीर्ष छह चिन्ताओं में रहा.दो साल पहले पर्यावरणीय ख़तरे, ग़लत सूचना और महामारियाँ प्रमुख चिन्ताओं में थीं. अब भू-राजनैतिक तनाव, युद्ध और क़ानून के शासन का कमज़ोर पड़ना प्रमुख चिन्ताओं में आ गए हैं.महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने रिपोर्ट की प्रस्तावना में लिखा, “यह निष्कर्ष गम्भीर चिन्ता पैदा करते हैं. राजनैतिक जोखिम अब सबसे आगे आ गए हैं. दो साल पहले की तुलना में अब बड़े पैमाने पर युद्ध की आशंका को कहीं अधिक अहम और कहीं अधिक तात्कालिक माना जा रहा है.”उन्होंने कहा, “साथ ही, इन ख़तरों से निपटने के लिए जिन संस्थानों से कार्रवाई की उम्मीद की जाती है, उनकी क्षमता को लेकर भरोसा भी घटा है.”कोई भी क्षेत्र अछूता नहींयह बदलाव दुनिया के हर क्षेत्र में दिख रहा है. सर्वेक्षण में शामिल सातों क्षेत्रों में विशाल पैमाने पर युद्ध और भू-राजनैतिक तनाव अब शीर्ष 10 ख़तरों में शामिल हैं, जबकि छह क्षेत्रों में वे शीर्ष पाँच ख़तरों में हैं.दो साल पहले ये दोनों ख़तरे केवल एक क्षेत्र में शीर्ष पाँच ख़तरों में थे.व्यापक विनाश के हथियारों का ख़तरा भी मध्य और दक्षिणी एशिया, उप-सहारा अफ़्रीका व ओशिनिया में शीर्ष 10 जोखिमों में पहुँच गया है.पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया में वैश्विक वित्तीय संकट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े जोखिम और तकनीकी कम्पनियों की बढ़ती ताक़त भी बड़ी चिन्ता बनकर उभरे हैं.AI से जुड़े जोखिम भी योरोप और उत्तरी अमेरिका में शीर्ष 10 जोखिमों में शामिल हो गए हैं.इसके उलट, महामारियाँ और जैविक ख़तरे अब किसी भी क्षेत्र के शीर्ष 10 जोखिमों में नहीं हैं. दो साल पहले पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया, लातिन अमेरिका और कैरीबियाई क्षेत्र तथा उप-सहारा अफ़्रीका में इन्हें प्रमुख ख़तरों में गिना जाता था.परस्पर जुड़े ख़तरेरिपोर्ट के अनुसार, कोई भी जोखिम अकेले नहीं उभरता. प्राकृतिक संसाधनों की कमी, आर्थिक बिखराव, ग़लत सूचना और कमज़ोर पड़ती बहुपक्षीय संस्थाएँ, भू-राजनैतिक तनाव को बढ़ाती हैं, जिससे बड़े पैमाने पर युद्ध का ख़तरा भी बढ़ता है.सर्वेक्षण में अलग-अलग जोखिमों के बीच 705 सम्बन्धों की पहचान की गई. इनमें भू-राजनैतिक तनाव और युद्ध के बीच सबसे मज़बूत सम्बन्ध पाया गया.AI को लेकर बढ़ती चिन्तारिपोर्ट में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़े ख़तरों पर विशेष ध्यान दिया गया है. पिछले दो वर्षों में AI, अन्य उभरती तकनीकों और इनके कारण कुछ कम्पनियों या संस्थाओं के हाथों में बढ़ती शक्ति को लेकर चिन्ता काफ़ी बढ़ी है. वहीं, सर्वेक्षण में शामिल लोगों के अनुसार, तकनीकी ख़तरों से निपटने के लिए बहुपक्षीय व्यवस्था पर्याप्त रूप से तैयार नहीं है.हालाँकि, जलवायु परिवर्तन को लेकर चिन्ता कम नहीं हुई है. इस पर पर्याप्त कार्रवाई न होना अब भी सबसे अहम जोखिम माना गया है. संसाधनों की कमी के साथ-साथ जलवायु परिवर्तन भी हर क्षेत्र में प्रमुख ख़तरों में शामिल है.रिपोर्ट के लेखकों ने आगाह किया है कि कुछ पर्यावरणीय जोखिमों का सूची में नीचे खिसकना यह नहीं दर्शाता कि वे कम ख़तरनाक हो गए हैं. इसका मतलब केवल इतना है कि अब उन पर कम ध्यान दिया जा रहा है. और जिन मुद्दों पर ध्यान कम होता है, उनके लिए वित्तीय सहायता भी अक्सर घट जाती है.साथ मिलकर काम करना ज़रूरीतो, इससे निपटने के लिए क्या किया जाए? सर्वेक्षण में शामिल लोगों के अनुसार, जोखिमों से निपटने में सबसे बड़ी बाधाएँ कमज़ोर शासन और समन्वय, राजनैतिक सहमति की कमी तथा घटता भरोसा एवं जवाबदेही हैं. इसके अलावा, प्राथमिकताएँ तय करने में कमज़ोरी, जनता, राजनेताओं या व्यवसायों का विरोध और पर्याप्त आँकड़ों की कमी भी बड़ी चुनौतियाँ हैं.86 प्रतिशत लोगों ने यह भी कहा कि जोखिमों को कम करने के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता पर्याप्त नहीं है. रिपोर्ट में ख़ासतौर पर प्राकृतिक आपदाओं और बहुपक्षीय संस्थाओं के विफल होने के जोखिम से निपटने के लिए, धन की कमी की ओर ध्यान दिलाया गया है.यह कोई भविष्यवाणी नहींसंयुक्त राष्ट्र ने स्पष्ट किया है कि यह रिपोर्ट भविष्यवाणी नहीं करती, बल्कि मौजूदा समय में विभिन्न जोखिमों को लेकर लोगों की सोच और चिन्ताओं की तस्वीर पेश करती है. सर्वेक्षण में शामिल लोगों का मानना है कि इन ख़तरों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय यह है कि सरकारें साथ मिलकर काम करें. कोई भी देश, कम्पनी या संस्था इन जोखिमों का अकेले सामना नहीं कर सकती.महासचिव ने कहा, “2026 की वैश्विक जोखिम रिपोर्ट उन तथ्यों और प्रमाणों को सामने रखती है, जिन्हें हमारे फ़ैसलों का आधार बनना चाहिए. वर्तमान एवं भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम इस जानकारी का समझदारी से इस्तेमाल करें और समय रहते मिलकर कार्रवाई करें, ताकि दुनिया को अधिक सुरक्षित दिशा में ले जाया जा सके.”उन्होंने कहा, “फ़ैसला हमारे हाथ में है.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement