-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:03 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

AI, जलवायु और युद्ध: महासभा के लिए महासचिव की प्रमुख प्राथमिकताएँ

Source: UN News: शनिवार, 19 सितम्बर 2026 00:00 AM (IST)
AI, जलवायु और युद्ध: महासभा के लिए महासचिव की प्रमुख प्राथमिकताएँ
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने दुनिया के मौजूदा हालात पर गहरी चिन्ता जताते हुए कहा है कि दुनिया “गहरी अनिश्चितता के दौर” से गुज़र रही है. महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह से ठीक पहले उन्होंने सरकारों से वैश्विक ख़तरों का सामना करने के लिए अन्तरराष्ट्रीय सहयोग मज़बूत करने का आहवान किया. विश्व नेताओं के न्यूयॉर्क में जुटने से छह दिन पहले, पत्रकारों से बातचीत में यूएन प्रमुख ने “अस्तित्व के लिए तीन बड़े ख़तरों” का ज़िक्र किया: बेलगाम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), जलवायु संकट और बढ़ती असमानता.उन्होंने मध्य पूर्व में दो-राष्ट्र समाधान और रूस-यूक्रेन के बीच युद्धविराम की अपील भी दोहराई. Tweet URL महासचिव ने माना कि संयुक्त राष्ट्र समेत वैश्विक संस्थाओं में सुधार की ज़रूरत है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि शान्ति बनाए रखने और मानवाधिकारों की रक्षा के प्रति संगठन की प्रतिबद्धताएँ वही रहेंगी.उन्होंने कहा, “हमारी व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने का अर्थ हमारे सिद्धान्तों से पीछे हटना नहीं है. बल्कि उन सिद्धान्तों को और अधिक दृढ़ता के साथ लागू करना है.”शान्ति की ज़रूरतमहासचिव ने कहा कि आज पहले से कहीं अधिक ज़रूरी है कि सदस्य देश संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन करें, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून एवं मानवाधिकारों की रक्षा करें, सतत विकास में निवेश करें और शान्ति के लिए प्रयास तेज़ करें.उन्होंने ग़ाज़ा में भारी तबाही और रूस-यूक्रेन युद्ध पर गहरी चिन्ता जताई और नेताओं से इन हिंसक टकरावों को समाप्त करने के लिए “तनाव कम करने, कूटनीति और संवाद” का रास्ता अपनाने का आग्रह किया.महासचिव ने कहा, “मध्य पूर्व के इस अहम मोड़ पर, तनाव कम करना पहली, दूसरी और तीसरी – हर प्राथमिकता यही होनी चाहिए.”उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में सभी पक्षों को होर्मुज़ और बाब अल-मन्देब जलडमरूमध्य में नौवहन अधिकारों का सम्मान करना चाहिए और आम नागरिकों को नुक़सान पहुँचाने से बचना चाहिए.महासचिव ने ग़ाज़ा में फ़लस्तीनी लोगों की पीड़ा की ओर भी ध्यान दिलाया और कहा कि पश्चिमी तट का “धीरे-धीरे (इसराइल में) विलय” रुकना चाहिए.महासचिव ने कहा कि यूक्रेन पर रूस के पूर्ण पैमाने के आक्रमण के चार साल से अधिक समय बाद भी युद्ध का “अन्त नज़र नहीं आ रहा है.” उन्होंने तत्काल युद्धविराम की अपील करते हुए इसे “न्यायसंगत, स्थाई और व्यापक शान्ति” की दिशा में पहला क़दम बताया.अगले सप्ताह महासभा में इन दोनों हिंसक टकरावों पर चर्चा होने की उम्मीद है.AI विकास के लिए सुरक्षा उपायमहासचिव ने अपने सम्बोधन का लगभग आधा हिस्सा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के तेज़ विकास और उससे जुड़े जोखिमों पर केन्द्रित किया.उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और जलवायु जैसे क्षेत्रों में AI की “अपार सम्भावनाओं” को स्वीकार किया. लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि AI का विकास उसके जोखिमों को समझने की हमारी क्षमता से कहीं तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इस चिन्ता को नज़रअन्दाज़ नहीं किया जा सकता.महासचिव ने कहा कि सरकारों को अपने नागरिकों को AI से जुड़े जोखिमों से बचाना होगा और इसके लिए “वैश्विक सहयोग अनिवार्य है.”अमेरिका और चीन के बीच AI में वर्चस्व की बढ़ती होड़ को लेकर चिन्ताओं के बीच, महासचिव ने “भू-राजनैतिक विभाजनों” का उल्लेख किया और कहा कि AI विकास पर स्वैच्छिक रोक तभी कारगर होगी, जब वह केवल कुछ देशों तक सीमित न रहे.उन्होंने कहा, “आपसी प्रतिस्पर्धा में आगे निकलने की होड़, AI से जुड़े नियमों और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखने की वजह नहीं बननी चाहिए.”महासचिव ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा स्थापित 'AI पर स्वतंत्र अन्तरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल' का भी उल्लेख किया. यह पैनल एआई के अवसरों और जोखिमों पर उपलब्ध सर्वोत्तम प्रमाण सामने रखकर वैश्विक चर्चा को दिशा देगा.इन चुनौतियों के समाधान पर होने वाली चर्चा की तैयारियों के बीच, महासचिव ने ऐसे सुरक्षा उपायों की ज़रूरत पर ज़ोर दिया, जो भरोसा बढ़ाएँ और “मानवीय गरिमा को केन्द्र में रखते हुए AI को सुरक्षित, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाएँ.”महासचिव ने कहा, “अन्तरराष्ट्रीय सहयोग की ज़रूरत, अब पहले से कहीं अधिक है.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement