-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:54 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

महँगी दवाओं और धन कटौती से HIV पर हासिल प्रगति को ख़तरा

Source: UN News: शनिवार, 01 अगस्त 2026 00:00 AM (IST)
महँगी दवाओं और धन कटौती से HIV पर हासिल प्रगति को ख़तरा
संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि प्रभावी दवाओं तक असमान पहुँच और वैश्विक सहायता में कटौती के कारण एड्स महामारी फिर फैल सकती है. यह रिपोर्ट ब्राज़ील के रियो डी जनेरो में 26वें अन्तरराष्ट्रीय एड्स सम्मेलन की शुरुआत से पहले, सोमवार को जारी की गई. यह क्यों महत्वपूर्ण हैवर्ष 2025 में 12 लाख लोग एचआईवी से संक्रमित हुए और एड्स से जुड़ी बीमारियों से पाँच लाख 70 हज़ार लोगों की मौत हुई.एचआईवी के साथ जी रहे 22 प्रतिशत लोगों को अब भी उपचार नहीं मिल रहा है.एचआईवी के लिए अन्तरराष्ट्रीय वित्तपोषण में 18 प्रतिशत की गिरावट आई, जो लगभग 20 वर्षों में सबसे बड़ी कमी है.लेनाकापाविर जैसी नई दवाएँ, एचआईवी संक्रमण की रोकथाम में लगभग 100 प्रतिशत प्रभावी हैं.नए संक्रमणों में उल्लेखनीय कमी लाने के लिए दो करोड़ लोगों तक एंटीरेट्रोवायरल-आधारित रोकथाम उपाय पहुँचाने की आवश्यकता है.लेनाकापाविर (lenacapavir) के जेनेरिक संस्करण की सालाना क़ीमत प्रति व्यक्ति केवल 40 डॉलर हो सकती है, लेकिन पेटेंट प्रतिबन्धों के कारण यह कम क़ीमत वाला संस्करण कई देशों तक नहीं पहुँच पाएगा.एक बड़ा विरोधाभास रियो डी जनेरो में 27 से 31 जुलाई तक हो रहे 26वें अन्तरराष्ट्रीय एड्स सम्मेलन के केन्द्र में एक बड़ा विरोधाभास है.इस दशक के अन्त तक 30 लाख से अधिक लोग एचआईवी से संक्रमित हो सकते हैं, जबकि संक्रमण रोकने के प्रभावी साधन पहले से मौजूद हैं. इनमें नई दवाएँ और समुदायों के नेतृत्व वाले ऐसे उपाय शामिल हैं, जो कारगर साबित हो चुके हैं. मगर इनके विस्तार के लिए पर्याप्त और निरन्तर धनराशि उपलब्ध नहीं है.UNAIDS की नई रिपोर्ट के अनुसार, धन की कमी के कारण कई देशों को ज़रूरी सेवाओं में कटौती करनी पड़ रही है और सामुदायिक संगठन बन्द हो रहे हैं. एजेंसी ने चेतावनी दी है कि तत्काल क़दम नहीं उठाए गए तो एड्स महामारी फिर तेज़ी से फैल सकती है.यही विरोधाभास 26वें अन्तरराष्ट्रीय एड्स सम्मेलन की चर्चाओं के केन्द्र में है.एक ओर, नई पीढ़ी की दवाएँ एचआईवी से वैक्सीन जैसी सुरक्षा दे रही हैं. दूसरी ओर, ऊँची क़ीमतों और पेटेंट प्रतिबन्धों के कारण इनके लाखों लोगों की पहुँच से बाहर रहने का ख़तरा है.ब्राज़ील को जेनेरिक दवा बनाने की अनुमति नहींयह विरोधाभास सम्मेलन की मेज़बानी कर रहे ब्राज़ील में सबसे स्पष्ट दिखाई देता है.लेनाकापाविर (lenacapavir) को बाज़ार में लाने वाले क्लिनिकल परीक्षणों में ब्राज़ील ने अहम भूमिका निभाई थी. इसके बावजूद, उसे इस दवा का कम क़ीमत वाला जेनेरिक संस्करण बनाने की अनुमति पाने वाले देशों की सूची से बाहर रखा गया.लेनाकापाविर एक लम्बे समय तक असर करने वाली दवा है, जिसे इंजेक्शन के ज़रिए दिया जाता है. नवीनतम अध्ययनों के अनुसार, साल में केवल दो इंजेक्शन एचआईवी संक्रमण से लगभग 100 प्रतिशत सुरक्षा दे सकते हैं. सार्वभौमिक पहुँच अब भी दूरब्राज़ीलियाई अन्तर्विषयी एड्स एसोसिएशन (ABIA) के उपाध्यक्ष वारियानो टेर्टो जूनियर ने कहा, “ऊँची क़ीमतों और कई देशों को स्वैच्छिक लाइसेंस समझौतों से बाहर रखे जाने के कारण लाखों लोगों के लिए इन दवाओं तक समान एवं सार्वभौमिक पहुँच अब भी दूर की बात है.”यह बात उन्होंने पुर्तगाली भाषी देशों के समुदाय (CPLP) द्वारा आयोजित सम्मेलन के एक सहायक कार्यक्रम में कही.उन्होंने कहा कि आवश्यक दवाओं पर पेटेंट से “एकाधिकार मज़बूत हो रहा है और सार्वजनिक ज्ञान का निजीकरण बढ़ रहा है.”सम्मेलन के सह-आयोजक ABIA के एक अध्ययन के अनुसार, ब्राज़ील प्रति मरीज़ सालाना लगभग 75 डॉलर की लागत से लेनाकापाविर का घरेलू उत्पादन कर सकता है.इसके विपरीत, पेटेंट वाली दवा की सालाना क़ीमत प्रति मरीज़ 20 हज़ार डॉलर से अधिक है, जिसे ब्राज़ील की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए वहन करना मुश्किल माना गया है.अन्याय का ख़तराUNAIDS की कार्यकारी निदेशक विनी ब्यानयिमा ने कहा कि सफलता का असली पैमाना केवल दवाओं का मौजूद होना नहीं, बल्कि यह है कि वे ज़रूरतमन्द लोगों को किफ़ायती दाम पर मिल सकें.उन्होंने कहा, “पहुँच के बिना नवाचार, नवाचार नहीं बल्कि अन्याय है.”UNAIDS के अनुसार, एचआईवी के नए संक्रमणों में उल्लेखनीय कमी लाने के लिए दो करोड़ लोगों तक एंटीरेट्रोवायरल-आधारित रोकथाम उपाय पहुँचाने होंगे. © UNDP पाकिस्तान के लाहौर में एक सुरक्षित एचआईवी/एड्स सहायता केन्द्र, जहाँ हाशिए पर रहने वाले समुदाय स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहयोग के लिए एकत्र होते हैं. वित्तीय सहायता के नए मॉडल की मांगएचआईवी संक्रमण और एड्स से जुड़ी मौतें तीन दशकों से अधिक समय के सबसे निचले स्तर पर हैं, लेकिन इससे निपटने की वैश्विक प्रणाली अब भी बेहद कमज़ोर है.वर्ष 2024 से 2025 के बीच एचआईवी के लिए अन्तरराष्ट्रीय वित्तीय सहायता में डेढ़ अरब डॉलर से अधिक, यानि 18 प्रतिशत की गिरावट आई. इससे यह लगभग दो दशकों के सबसे निचले स्तर पर पहुँच गया.पिछले वर्ष वैश्विक विकास सहायता भी 23 प्रतिशत घटी, जो अब तक की सबसे बड़ी वार्षिक गिरावट है. इसका गहरा असर स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर पड़ा, जिनमें एचआईवी से जुड़ी पहलें भी शामिल हैं.इस बीच, वर्ष 2025 में तीन क्षेत्रों और 21 देशों में एचआईवी के नए संक्रमण बढ़े.UNAIDS प्रमुख ने कहा कि अब देशों को अन्तरराष्ट्रीय सहायता पर निर्भर रहने के बजाय अपने स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए धन जुटाने के नए रास्ते तलाशने होंगे. उन्होंने सरकारी ऋण के पुनर्गठन जैसे उपायों पर आधारित एक नया वित्तीयॉ मॉडल अपनाने की मांग की, ताकि सरकारें “अपने लोगों के भविष्य” में निवेश कर सकें.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement