-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

युद्ध और संकट के साए में छह विश्व धरोहर स्थल

Source: UN News: शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 00:00 AM (IST)
युद्ध और संकट के साए में छह विश्व धरोहर स्थल
दुनिया के कई प्राचीन नगर, ऐतिहासिक क़िले और महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहरें, हिंसक टकराव, असुरक्षा एवं पर्यावरणीय दबावों के कारण बढ़ते ख़तरे का सामना कर रहे हैं. इनमें दुनिया के सबसे बड़े वन्यजीव प्रवासों में से एक भी शामिल है. वैश्विक सकंटों के कारण बढ़ते ख़तरों को देखते हुए, संयुक्त राष्ट्र की साँस्कृतिक एजेंसी UNESCO ने छह स्थलों को ख़तरे में पड़ी विश्व धरोहरों की सूची में शामिल किया है.कोरिया गणराज्य के बुसान में बैठक कर रही विश्व धरोहर समिति ने रविवार को तीन नए स्थलों को आपात प्रक्रिया के तहत विश्व धरोहर का दर्जा दिया और उन्हें ख़तरे में पड़ी धरोहरों की सूची में शामिल किया. इसके अलावा, पहले से विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त तीन अन्य स्थलों को भी ख़तरे की सूची में डाल दिया गया.UNESCO ने कहा कि ये फ़ैसले दिखाते हैं कि सशस्त्र टकराव, जलवायु परिवर्तन और अन्य संकट, दुनिया की अपूरणीय साँस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों के लिए “गम्भीर ख़तरा” बनते जा रहे हैं.हिंसक टकराव की चपेट में तीन नए स्थलों को आपात प्रक्रिया के तहत विश्व धरोहर सूची में शामिल करने के बाद, ख़तरे में पड़ी धरोहरों की सूची में भी डाल दिया गया.इनमें दक्षिणी लेबनान के माउंट आमेल के पाँच क़िले शामिल हैं, जो क्रूसेडर, इस्लामी और उस्मानी काल की विरासत को दर्शाते हैं.अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून के तहत इन क़िलों को पहले से विशेष संरक्षण प्राप्त है, लेकिन जारी हिंसक टकराव में इन्हें व्यापक नुक़सान पहुँचा है. समिति के अनुसार, “जारी सशस्त्र टकराव से इस स्थल के संरक्षण को सीधे ख़तरा है और तत्काल हस्तक्षेप की आवश्यकता है.”आपात प्रक्रिया के तहत शामिल दूसरा स्थल, क़ब्ज़े वाले पश्चिमी तट का सेबास्तिया है, जहाँ दो हज़ार वर्ष से अधिक पुराने पुरातात्विक अवशेष मौजूद हैं. © UNESCO/MoTA फ़लस्तीन के पश्चिमी तट पर सेबास्तिया गाँव में स्थित रोमन रंगमंच. UNESCO ने कहा कि मध्य पूर्व में जारी हिंसा, विकास गतिविधियों और प्रस्तावित राष्ट्रीय उद्यान की योजना से इस फ़लस्तीनी स्थल पर दबाव बढ़ रहा है. प्रस्तावित उद्यान से धरोहर स्थल दो हिस्सों में बँट सकता है.वन्यजीवों पर बढ़ता ख़तराआपात प्रक्रिया के तहत शामिल तीसरा स्थल दक्षिण सूडान का बोमा-बाडिंगिलो प्रवासी परिदृश्य है. यहाँ भूमि पर रहने वाले स्तनधारियों का दुनिया में अब तक दर्ज सबसे बड़ा प्रवास होता है. इस क्षेत्र के सामने बढ़ते ख़तरे दिखाते हैं कि मानवीय संकट प्राकृतिक धरोहरों को भी नुक़सान पहुँचा रहे हैं. © UNESCO/Gael R.Vande weghe दक्षिण सूडान का बोमा-बाडिंगिलो प्रवासी परिदृश्य. UNESCO के अनुसार, यह क्षेत्र साँस्कृतिक और भाषाई विविधता से समृद्ध है. यहाँ के कई जातीय समुदाय सदियों, बल्कि हज़ारों वर्षों से पशुपालन, खेती और मत्स्य पालन के ज़रिए इस भूभाग की देखभाल करते आए हैं. Tweet URL मगर व्यावसायिक शिकार, वन्यजीवों की तस्करी, बुनियादी ढाँचे का विस्तार व लगातार जारी असुरक्षा इस पारिस्थितिकी तंत्र पर दबाव बढ़ा रहे हैं और संरक्षण प्रयासों में बाधा डाल रहे हैं.पहले से सूचीबद्ध स्थल भी ख़तरे मेंसमिति ने विश्व धरोहर सूची में पहले से शामिल तीन अन्य स्थलों को भी ख़तरे में पड़ी धरोहरों की सूची में डाल दिया है.यूक्रेन में, रूस के अस्थाई क़ब्ज़े वाले क्रीमिया में स्थित टॉरिक चेरसोनीज़ के प्राचीन नगर और उसके आसपास के ऐतिहासिक क्षेत्र की स्थिति बिगड़ी है. UNESCO और संयुक्त राष्ट्र उपग्रह केन्द्र (UNOSAT) ने वहाँ नए निर्माण और बड़े पैमाने पर खुदाई के मामले दर्ज किए हैं, जिनसे स्थल की मूल पहचान और ऐतिहासिक स्वरूप को ख़तरा है.लेबनान के प्राचीन नगर टायर को भी इस सूची में शामिल किया गया है, क्योंकि जारी हिंसा भूमध्यसागर क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल को ख़तरे में डाल रही है.सूरीनाम में नए निर्माण कार्यों के कारण पारामारिबो के ऐतिहासिक शहरी स्वरूप में बड़े बदलाव आए हैं. इसके बाद उसके ऐतिहासिक भीतरी नगर को भी ख़तरे की सूची में डाल दिया गया.स्मारकों से परेख़तरे में पड़ी विश्व धरोहरों की UNESCO सूची का उद्देश्य गम्भीर ख़तरों का सामना कर रहे स्थलों के संरक्षण के लिए अन्तरराष्ट्रीय सहयोग और तकनीकी सहायता जुटाना है.इस वर्ष के निर्णय एक व्यापक सच्चाई को उजागर करते हैं - सशस्त्र टकराव, जलवायु परिवर्तन और विकास का दबाव केवल साँस्कृतिक व प्राकृतिक धरोहरों को ही नहीं, बल्कि उनसे जुड़े समुदायों, पारिस्थितिकी तंत्रों एवं इतिहास को भी ख़तरे में डाल रहे हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement