Advertisement
सड़क सुरक्षा पर नया संकल्प, अमेरिका ने किया विरोध

अमेरिका की आपत्ति अमेरिकी प्रतिनिधि ने आरोप लगाया कि घोषणा में सड़क सुरक्षा के मुद्दे का दायरा अनावश्यक रूप से बढ़ाया गया है, जिससे संयुक्त राष्ट्र की विश्वसनीयता कमज़ोर होती है. उन्होंने विशेष रूप से सड़क सुरक्षा को जलवायु और पर्यावरण नीतियों से जोड़ने वाले प्रावधानों का विरोध किया.उन्होंने कहा, “सड़क सुरक्षा इंजीनियरिंग, नशे में वाहन न चलाने और व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी से जुड़ा एक व्यावहारिक मुद्दा है.”उनका कहना था कि सड़क सुरक्षा की आड़ में वैश्विक जलवायु समझौते या ऊपर से थोपी गई पर्यावरणीय पाबन्दियाँ लागू करके लोगों की आवाजाही की स्वतंत्रता सीमित नहीं की जानी चाहिए.अन्य देशों ने भी कुछ आपत्तियाँ दर्ज कराते हुए घोषणा का समर्थन किया.अर्जेंटीना ने कहा कि वह इसे अपने राष्ट्रीय क़ानून के अनुसार लागू करेगा. उसने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की भूमिका पर भी अपना रुख़ सुरक्षित रखा.पैराग्वे ने स्पष्ट किया कि घोषणा और उसकी आगे की प्रक्रिया, दोनों स्वैच्छिक एवं ग़ैर-बाध्यकारी हैं.‘हिंसक टकरावों में हुई मौतों से भी अधिक’बैठक की शुरुआत में संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने उस सवाल का ज़िक्र किया, जो उनके अनुसार बहुत से लोग पूछते हैं - जब दुनिया युद्धों और संकटों से जूझ रही है, तो संयुक्त राष्ट्र सड़क सुरक्षा को इतनी अहमियत क्यों दे रहा है?उन्होंने कहा कि इसका जवाब सड़क दुर्घटनाओं से होने वाले भारी नुक़सान में है. हर वर्ष इनमें 12 लाख से अधिक लोगों की मौत होती है और लगभग पाँच करोड़ लोग घायल होते हैं. यह संख्या प्रत्यक्ष हिंसक टकरावों, हत्याओं या मलेरिया से होने वाली मौतों से भी अधिक है.उन्होंने प्रतिनिधियों से कहा, “जब से मैंने बोलना शुरू किया है, कई और परिवारों को ऐसी ख़बर मिल चुकी होगी, जिससे उनका जीवन हमेशा के लिए बदल गया होगा.”उन्होंने प्रतिनिधियों से अपनी रोज़मर्रा की यात्राओं के बारे में सोचने को कहा - वे काम, स्कूल या घर कैसे पहुँचते हैं. उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय तक “चाहे आप कार से आए हों, साइकिल से या पैदल”, हर कोई न्यूयॉर्क की जटिल यातायात व्यवस्था का हिस्सा रहा है.यह विषय उनके लिए निजी भी है. उनकी एक रिश्तेदार की ट्राम की चपेट में आने से मौत हो गई थी. उन्होंने कहा कि इस हादसे का असर वर्षों तक बना रहा और पूरे परिवार को गहरे दुःख से गुज़रना पड़ा.अभी बहुत काम बाक़ीघोषणापत्र के साथ जारी विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के नए आँकड़ों के अनुसार, 2011 से 2025 के बीच दुनिया भर में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों की दर 21 प्रतिशत घटी, जबकि इस दौरान सड़कों पर एक अरब से अधिक नए वाहन उतरे.इसके बावजूद, 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 11 लाख 60 हज़ार लोगों की जान गई. पाँच से 29 वर्ष के बच्चों और युवजन की मौत का यह अब भी सबसे बड़ा कारण है.विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक डॉक्टर टैड्रॉस एडहेनॉम घेबरेयेसस ने अपनी टिप्पणी की शुरुआत प्रतिनिधियों से यह पूछकर की कि उनमें से क्या कोई कभी सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ है, या किसने ऐसी दुर्घटना में किसी परिचित को खोया अथवा किसी को घायल होते देखा है. उन्होंने ऐसे सभी लोगों से खड़े होने को कहा.उन्होंने कहा, “मुझे लगता है, हममें से लगभग हर किसी का ऐसा अनुभव रहा है. सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली हर मौत को रोका जा सकता है, इसलिए एक भी मौत स्वीकार्य नहीं है.”हालाँकि, दुनिया के सभी क्षेत्रों में एक जैसी प्रगति नहीं हुई है. योरोप में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में 36 प्रतिशत और पश्चिमी प्रशान्त क्षेत्र में 15 प्रतिशत की कमी आई. दक्षिण-पूर्व एशिया में यह कमी केवल दो प्रतिशत रही. अमेरिकी क्षेत्र में मौतों की संख्या में कोई बदलाव नहीं आया, जबकि अफ़्रीका में इनमें 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई.2011 से मोटरसाइकिल सवारों की संख्या तीन गुना से अधिक बढ़ी है. अब सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली लगभग एक-तिहाई मौतें मोटरसाइकिल सवारों की होती हैं. WHO के अनुसार, प्रमाणित हेलमेट पहनने से मौत का ख़तरा छह गुना से भी अधिक कम हो सकता है.सड़क सुरक्षा पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष दूत ज्याँ टॉड ने चेतावनी दी, “पुराने ढर्रे पर चलते रहना, मौत का कारोबार है.”
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


