खाड़ी संकट गहराया, यूएन प्रमुख ने 'तत्काल बातचीत बहाल' करने की अपील की
Source: UN News: शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 00:00 AM (IST)
खाड़ी क्षेत्र में ईरान और अमेरिका के बीच तेज़ हुए हमलों और जवाबी हमलों से एक बार फिर पूर्ण युद्ध छिड़ने का ख़तरा बढ़ गया है. इस बीच, वॉशिंगटन ने तेहरान के उस दावे को ख़ारिज किया है कि उसने रविवार को होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) बन्द कर दिया था.
अमेरिका ने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय जलमार्ग से गुज़र रहे एक जहाज़ पर ईरानी सेना के हमले के जवाब में उसने शनिवार को क़रीब 140 ठिकानों को निशाना बनाया.ख़बरों के अनुसार, ईरान ने रविवार को जॉर्डन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर कई हमले किए. संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, ओमान और कुवैत ने भी कहा है कि उन पर ईरान की ओर से मिसाइल व ड्रोन दागे गए.‘गहरी चिन्ता’संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने बढ़ते तनाव पर गहरी चिन्ता जताते हुए सभी हमले तत्काल रोकने का आग्रह किया है.उनके प्रवक्ता द्वारा जारी वक्तव्य में सभी पक्षों से “अधिकतम संयम बरतने, तनाव बढ़ाने वाली नई कार्रवाई से बचने और स्थिति को तुरन्त शान्त करने के लिए क़दम उठाने” की अपील की गई है.महासचिव ने चेतावनी दी कि पूर्ण स्तर पर हिंसक टकराव शुरू होने से क्षेत्र के लोगों और उससे बाहर भी विनाशकारी परिणाम होंगे. इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी गम्भीर असर पड़ेगा.पिछले महीने हुआ नाज़ुक युद्धविराम टूटने और हिंसा बढ़ने के बाद ऊर्जा क़ीमतों में उछाल आया है. ईरान और ओमान के बीच स्थित 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' से जहाज़ों की आवाजाही भी एक बार फिर लगभग ठप हो गई है.नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने का आहवानमौजूदा स्थिति के कारण क़रीब 6,000 नाविक अब भी अनेक जहाज़ों पर फँसे हुए हैं. संयुक्त राष्ट्र के अन्तरराष्ट्रीय समुद्री संगठन, IMO के प्रमुख ने 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' से जहाज़ों की आवाजाही से बचने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि यह पाबन्दी “तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक आवश्यक सुरक्षा परिस्थितियाँ बहाल नहीं हो जातीं.”यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने कहा कि 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' में “नौवहन की पूर्ण स्वतंत्रता” बहाल की जानी चाहिए. तेहरान और वॉशिंगटन के बीच 17 जून को हुआ समझौता ज्ञापन लागू होने के बावजूद, पिछले मंगलवार को तीन व्यापारी जहाज़ों पर कथित रूप से हमले हुए थे.यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा, “महासचिव ने ईरान और अमेरिका से तत्काल वार्ता फिर शुरू करने तथा बाक़ी मुद्दों का समाधान कूटनीति के ज़रिए करने का आग्रह किया है.”