Advertisement
अफ़ग़ानिस्तान में 37 लाख बच्चों पर कुपोषण का बढ़ता जोखिम: UNICEF

इस स्थिति से पीड़ित बच्चे अपनी लम्बाई के अनुपात में बेहद दुबले हो जाते हैं. उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमज़ोर पड़ने से विकास में देरी, बीमारी और मृत्यु का ख़तरा बढ़ जाता है.गहराता संकट‘बहुत कम, बहुत देर से: अफ़ग़ानिस्तान में छोटे बच्चों के सामने आहार संकट’ (Too Little, Too Late: The Diet Crisis Facing Young Children in Afghanistan) नामक रिपोर्ट जुलाई से सितम्बर तक की उच्च जोखिम अवधि की शुरुआत में जारी की गई है. हाल के आँकड़े बताते हैं कि 2025 की तुलना में 34 में से 26 प्रान्तों में हालात बिगड़े हैं, जिससे संकेत मिलता है कि संकट अपेक्षा से पहले शुरू होकर तेज़ी से गहरा रहा है.अफ़ग़ानिस्तान में पहली बार UNICEF ने इतने व्यापक स्तर पर सभी प्रान्तों में एक ही समूह के बच्चों में कुपोषण का आकलन किया और यह भी समझा कि वे खाद्य व पोषण असुरक्षा का सामना किस तरह कर रहे हैं.इन निष्कर्षों का उद्देश्य जोखिम की समय रहते पहचान करना है, ताकि बच्चों के गम्भीर कुपोषण का शिकार होने और उन्हें तत्काल उपचार की ज़रूरत पड़ने से पहले सहायता पहुँचाई जा सके.अध्ययन के अनुसार, भोजन में विविधता की कमी, खाना न मिलना, ज़रूरत से कम खाना या भूखे रहना संकट के शुरुआती संकेत हैं. दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं. गम्भीर तीव्र कुपोषण के 83 प्रतिशत और मध्यम तीव्र कुपोषण के 77 प्रतिशत मामले इसी आयु वर्ग में दर्ज किए गए हैं.‘रोकथाम में निवेश ज़रूरी’अफ़ग़ानिस्तान में UNICEF के प्रतिनिधि डॉक्टर ताजुद्दीन ओयेवाले ने कहा, “कुपोषण के मामले बढ़ने का चरम दौर शुरू होने से पहले ही छोटे बच्चों पर इसका ख़तरा बढ़ गया है.”“जब परिवार भोजन की मात्रा घटाने या पौष्टिक आहार में कटौती करने लगते हैं, तो यह केवल कठिनाई का संकेत नहीं होता. यह चेतावनी भी है कि कोई बच्चा जल्द ही जानलेवा अत्यधिक दुबलेपन (wasting) का शिकार हो सकता है.”उन्होंने कहा कि उपचार से जीवन बचते हैं, लेकिन “हमें रोकथाम में भी निवेश करना चाहिए. इसकी शुरुआत सबसे छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पौष्टिक आहार से होनी चाहिए.”पानी और धन की कमी नए विश्लेषण के अनुसार, गम्भीर खाद्य संकट से जूझ रहे परिवारों के बच्चों में इस उच्च जोखिम अवधि के दौरान अत्यधिक दुबलेपन (wasting) का ख़तरा छह गुना तक बढ़ जाता है.UNICEF के अफ़ग़ानिस्तान पोषण समूह की नवीनतम चेतावनी बताती है कि इससे निपटने के प्रयास केवल पोषण सेवाओं तक सीमित नहीं रह सकते.बच्चों को पौष्टिक भोजन न मिलना और बढ़ती खाद्य असुरक्षा के साथ-साथ बीमारी के प्रकोप, टीकाकरण की कम दर, पानी, स्वच्छता एवं साफ़-सफ़ाई सेवाओं की कमी तथा धन व आवश्यक सामान की घटती उपलब्धता भी कुपोषण को बढ़ा रही है. इससे बच्चों का स्वास्थ्य कमज़ोर हो रहा है और उनमें अत्यधिक दुबलेपन (wasting) का ख़तरा बढ़ रहा है.‘कार्रवाई का अवसर सिमट रहा है’अत्यधिक दुबलेपन के मामले बढ़ने का मौसम नज़दीक आने के साथ, UNICEF ने छोटे बच्चों के लिए पौष्टिक भोजन सुनिश्चित करने और उन्हें कुपोषण से बचाने के लिए तत्काल निवेश का आहवान किया है.इसके तहत ‘शुरुआती भोजन पहल’ (First Foods Initiative) का विस्तार करने, छह से 23 महीने के बच्चों को प्राथमिकता देने, कुपोषण की रोकथाम से जुड़ी सेवाओं को मज़बूत करने और बच्चों की पोषण ज़रूरतों के अनुसार आवश्यक सेवाओं के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया गया है.UNICEF ने कहा, “कार्रवाई का अवसर सिमटता जा रहा है. चेतावनी के संकेत पहले ही दिखाई देने लगते हैं, इसलिए कार्रवाई भी समय रहते होनी चाहिए.”एजेंसी ने संकट के और गहराने से पहले परिवारों तक सहायता पहुँचाने के लिए तत्काल और लचीली वित्तीय सहायता की आवश्यकता पर बल दिया.
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


