-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

वेनेज़ुएला भूकम्प: संयुक्त राष्ट्र ने बचाव एवं राहत दल किए तैनात

Source: UN News: रविवार, 28 जून 2026 00:04 AM (IST)
वेनेज़ुएला भूकम्प: संयुक्त राष्ट्र ने बचाव एवं राहत दल किए तैनात
वेनेज़ुएला में गुरूवार को आए दो शक्तिशाली भूकम्पों से जान-माल की भीषण हानि हुई है, जिसके बाद संयुक्त राष्ट्र एजेंसियाँ प्रभावित आबादी तक मानवीय सहायता पहुँचाने के लिए तैयारियों में जुट गई हैं. इस आपदा में कम से कम 164 लोगों की जान गई है, बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं, राजधानी कराकस समेत अन्य इलाक़ों में बड़े पैमाने पर इमारतों व बुनियादी ढाँचों को नुक़सान पहुँचा है और मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका है. आपात राहत मामलों के लिए यूएन अवर महासचिव टॉम फ़्लैचर ने कहा कि यह समय जल्द से जल्द कार्रवाई का है, और “हम समर्थन, एकजुटता में लोगों की संख्या को बढ़ाएंगे.”रिक्टर पैमाने पर इन भूकम्पों की तीव्रता क्रमश: 7.2 और 7.5 आंकी गई, जिसके बाद देश में फ़िलहाल आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है. वेनेज़ुएला के विभिन्न हिस्सों में अग्रिम पंक्ति के राहतकर्मियों को तैनात किया जा रहा है. ब्राज़ील, चीन, मैक्सिको समेत दुनिया भर से अन्य देशों ने मदद का प्रस्ताव दिया है. और अन्तरराष्ट्रीय सहायता का पहुँचना शुरू हो गया है. Tweet URL अवर महासचिव टॉम फ़्लैचर ने बताया कि वह कराकस में अपनी टीम के साथ निरन्तर सम्पर्क में हैं, जिसकी अगुवाई मानवतावादी समन्वयक ग्यानलूका रामपोला कर रहे हैं. यूएन एजेंसी स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल में तात्कालिक आवश्यकताओं का आकलन करने और प्राथमिकताओं को तय करने में जुटी है, जिसके बाद आवश्यकताओं के अनुसार सहायता का स्तर बढ़ाया जा सके.समर्थन का सन्देशपरियोजना सेवाओं के लिए यूएन कार्यालय (UNOPS), यूएन शरणार्थी एजेंसी (UNHCR), विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP), अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) समेत यूएन एजेंसियों ने घातक भूकम्प के बाद वेनेज़ुएला की जनता के प्रति एकजुटता व समर्थन का सन्देश दिया है. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि स्थानीय प्रशासन के समन्वय में वे जल्द से जल्द आपात राहत प्रयासों के लिए तैयार हैं.इस बीच, वेनेज़ुएला में यूएन मानवाधिकार मिशन ने सरकार से आग्रह किया है कि अपार त्रासदी के इस समय में, राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय प्रयासों के दौरान मानवाधिकारों के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्धता दर्शाई जानी होगी.वेनेज़ुएला में स्वतंत्र अन्तरराष्ट्रीय तथ्य-खोजी मिशन ने अपने एक वक्तव्य में कहा कि पहले क़दम के तौर पर यह ज़रूरी होगा कि देश में दूरसंचार नियामक द्वारा सोशल मीडिया व अन्य मीडिया संगठनों पर लगाई गई पाबन्दियों को दूर किया जाए. “आगामी घंटों व दिनों में, सूचना की सुलभता जीवन व मृत्यु का प्रश्न बन जाएगी. तत्काल [संचार व्यवस्था को बहाल] करने में विफलता के लिए कोई बहाना नहीं बनाया जा सकता है.”बचाव टीम की लामबन्दीबचाव एवं तलाश अभियान के तहत अन्तरराष्ट्रीय दलों की तैनाती के लिए भी समन्वय स्थापित किया गया है और ज़मीनी स्तर पर अभियान संचालन के लिए अतिरिक्त कर्मचारी रवाना किए गए हैं. टॉम फ़्लैचर ने क्षेत्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर एकजुटता का स्वागत किया है, मगर चिन्ता भी जताई है कि देश पहले से ही कठिन स्थिति से जूझ रहा था और अब इस आपदा के बाद मानवीय आवश्यकताओं में और वृद्धि होगी. वेनेज़ुएला में 80 लाख लोगों को पहले से ही मानवीय सहायता की ज़रूरत थी.सैटेलाइट एजेंसी मुस्तैदसंयुक्त राष्ट्र सैटेलाइट केन्द्र (UNOSAT) ने सोशल मीडिया पर अपने सन्देश में बताया है कि 24 जून 2026 को आए भूकम्प के बाद संगठन सक्रिय है ताकि आपात अभियान को समर्थन मुहैया कराया जा सके. यूएन मानवतावादी कार्यालय ने UNOSAT को अनुरोध भेजा था, जिसके बाद से ही वेनेज़ुएला में विशाल सहायता प्रयासों के लिए समर्थन सुनिश्चित किया गया है.यूएन सैटेलाइट एजेंसी द्वारा तस्वीरों का विश्लेषण किया जाता है और यूएन संस्थाओं व सदस्य देशों के लिए प्रशिक्षण व क्षमता विकास की भी व्यवस्था है. संगठन ने बताया है कि मानवीय सहायता अभियान, सतत विकास और सहनसक्षमता निर्माण के लिए भौगोलिक सूचना प्रौद्योगिकी का सहारा लिया जाता है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement