-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

HIV/AIDS पर हासिल प्रगति को ख़तरा, ‘नाज़ुक दौर’ की चेतावनी

Source: UN News: गुरुवार, 25 जून 2026 00:01 AM (IST)
HIV/AIDS पर हासिल प्रगति को ख़तरा, ‘नाज़ुक दौर’ की चेतावनी
एचआईवी/एड्स के वैश्विक संकट के रूप में सामने आने के चार दशक बाद, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में जुटे विश्व नेताओं, कार्यकर्ताओं और सामुदायिक प्रतिनिधियों ने इस स्वास्थ्य संकट पर क़ाबू पाने के वैश्विक प्रयासों में प्रगति की रफ़्तार धीमी पड़ रही है, जबकि वित्तीय दबाव और घटता समर्थन, दशकों की उपलब्धियों को उलटने का ख़तरा उत्पन्न कर रहे हैं. साल 2001 से एचआईवी/एड्स पर हर 5 वर्ष में आयोजित होने वाली उच्च-स्तरीय बैठक में, सोमवार को वक्ताओं ने देशों की सरकारों से अपील की कि वे 2030 तक, एड्स को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य ख़तरे के रूप में समाप्त करने के लक्ष्य के प्रति, फिर से प्रतिबद्ध हों और वैश्विक प्रतिक्रिया को दिशा देने के लिए एक नया राजनैतिक घोषणा-पत्र अपनाएँ.संयुक्त राष्ट्र उप महासचिव आमिना मोहम्मद ने, दशकों के दौरान वैश्विक सहयोग में हुई असाधारण प्रगति की ओर ध्यान केन्द्रित किया.उन्होंने महासचिव एंतोनियो गुटेरेश की ओर से बोलते हुए कहा कि दुनिया ने, एड्स संक्रमण के पहले मामले के सामने आने के 45 वर्षों में, असाधारण एकजुटता और संकल्प दिखाए हैं.इस प्रयास के परिणामस्वरूप, एड्स से होने वाली मौतों में, वर्ष 2004 के चरम स्तर की तुलना में, 70 प्रतिशत की कमी आई है और दुनिया भर में 3 करोड़ 20 लाख से अधिक लोगों को जीवनरक्षक एंटीरेट्रोवायरल उपचार उपलब्ध कराया गया है.हालाँकि, आमिना मोहम्मद ने आगाह भी किया कि प्रगति अब भी असमान और नाज़ुक बनी हुई है. अन्तरराष्ट्रीय सहयोग की अपीलउन्होंने बताया कि 2024 के अन्त तक 9 करोड़ 20 लाख लोग, एचआईवी उपचार से वंचित थे, जबकि 13 लाख लोग एचआईवी से संक्रमित हुए और एड्स से सम्बन्धित कारणों से, 6.3 लाख लोगों की मृत्यु हुई.उन्होंने कहा कि वित्तीय कटौतियाँ सीधे तौर पर रोकथाम के प्रयासों और सामुदायिक प्रणालियों को प्रभावित कर रही हैं, जो इस प्रतिक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं.उप महासचिव ने 5 प्राथमिक क्षेत्रों में नए सिरे से कार्रवाई की अपील की, जिसमें रोकथाम और उपचार तक पहुँच का विस्तार, सामुदायिक नेतृत्व को मज़बूत करना, मानवाधिकारों की सुरक्षा, वित्तीय संसाधनों में वृद्धि और अन्तरराष्ट्रीय सहयोग को पुनर्जीवित करना शामिल है.उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि मानवाधिकार और समानता को इस बीमारी पर क़ाबू पाने के प्रयासों का मार्गदर्शन करते रहना चाहिए. साथ ही, यह चेतावनी दी कि कलंक, भेदभाव और नागरिक समाज के सिमटते दायरे के कारण अब भी लोगों की जान जोखिम में है. © UNICEF/Shehzad Noorani एक व्यक्ति ईरान में HIV/AIDS पर आयोजित बैठक में शामिल होने से पहले उससे जुड़ी एक पुस्तिका हाथ में लिए हुए. (फाइल फोटो) गम्भीर चुनौतियाँयूएनएड्स की कार्यकारी निदेशक विनी ब्यानयीमा ने कहा कि इस समय, एचआईवी कार्रवाई गम्भीर चुनौतियों का सामना कर रही है.2025 में विकास के लिए वित्तीय सहायता में 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी कमी है.उन्होंने चेतावनी दी कि उच्च बोझ वाले और निम्न आय वाले देशों में एचआईवी कार्यक्रम सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं.यूएनएड्स के नए आँकड़ों के अनुसार, ऐसे क्षेत्रों में एचआईवी परीक्षण 22 प्रतिशत तक घट गया है, जिससे बहुत से लोग अपनी स्थिति से अनजान रहकर संक्रमण फैलाते रहते हैं.उन्होंने यह भी बताया कि कई जगहों पर कॉण्डोम के लिए मिलने वाली वित्तीय सहायता 90 प्रतिशत से अधिक घटा दी गई है, जिससे रोकथाम के प्रयास कमज़ोर हो रहे हैं.विनी ब्यानयीमा ने कहा कि इसके बावजूद एड्स को समाप्त करना अब भी सम्भव है, लेकिन मौजूदा समय बेहद नाज़ुक है और वैश्विक बहुपक्षीय सहयोग कमज़ोर पड़ रहा है, जिससे अभी तक हासिल की गई प्रगति उलटने का ख़तरा है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement