-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

शरणार्थियों की ख़ातिर, सुरक्षा, गरिमा और समावेशन का आहवान

Source: UN News: बुधवार, 24 जून 2026 00:01 AM (IST)
शरणार्थियों की ख़ातिर, सुरक्षा, गरिमा और समावेशन का आहवान
विश्व शरणार्थी दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली में शरणार्थियों, संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों, नागरिक समाज और अन्य साझीदारों ने, जबरन विस्थापित लोगों के साहस व योगदान का सम्मान किया और उनके सुरक्षित शरण पाने के अधिकार के प्रति समर्थन दोहराया. इस वर्ष विश्व शरणार्थी दिवस की थीम है, “जब तक हर कोई सुरक्षित न हो जाए.” इसी भावना को रेखांकित करते हुए भारत में यूएनएचसीआर की मिशन प्रमुख अरेती सियानी ने कहा कि यह दिवस शरणार्थियों के साहस और दृढ़ता का सम्मान करने तथा यह याद दिलाने का अवसर है कि उनकी सुरक्षा हम सभी की साझा ज़िम्मेदारी है.इस वर्ष 1951 के शरणार्थी कन्वेंशन की 75वीं वर्षगाँठ भी मनाई जा रही है. इस कन्वेंशन ने हिंसा व उत्पीड़न से बचकर, सुरक्षा की तलाश में निकलने वाले लोगों के सुरक्षित शरण पाने और अपना जीवन फिर से सँवारने के अधिकार को मान्यता दी थी.उन्होंने कहा, “यह वादा आज भी उतना ही प्रासंगिक है. हमें इसे तब तक निभाते रहना होगा, जब तक हर कोई सुरक्षित न हो जाए.”दुनिया भर में लगभग चार करोड़ 20 लाख शरणार्थी सुरक्षित शरण पाने के अधिकार पर निर्भर हैं, जबकि 11 करोड़ 70 लाख से अधिक लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं. हालाँकि एक दशक से अधिक समय में पहली बार वैश्विक शरणार्थी आबादी में कमी दर्ज की गई है, लेकिन हिंसक टकराव जारी हैं, नए संकट उभर रहे हैं और अनेक लोगों के लिए स्थाई समाधान अब भी दूर हैं.मानवीय सहायता की ज़रूरतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि उपलब्ध संसाधन घट रहे हैं. इससे शरणार्थियों की मेज़बानी करने वाले देशों, स्थानीय समुदायों और सहायता संगठनों पर दबाव बढ़ता जा रहा है.इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सुरक्षा का अर्थ केवल हिंसा से बचना नहीं है. इसमें क़ानूनी पहचान, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोज़गार तक पहुँच के साथ-साथ गरिमा के साथ नया जीवन शुरू करने का अवसर भी शामिल है.उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि शरणार्थियों को केवल उनके विस्थापन से नहीं पहचाना जाना चाहिए. अवसर मिलने पर वे कामगारों, उद्यमियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, कलाकारों और सामुदायिक नेताओं के रूप में मेज़बान समाजों में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं. मानवाधिकार, शान्ति और विकासभारत में संयुक्त राष्ट्र के रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर स्टेफ़ान प्रीज़नर ने कहा कि जबरन विस्थापन का मानवाधिकारों, शान्ति एवं सुरक्षा और सतत विकास से सीधा सम्बन्ध है.युद्ध, हिंसा, भेदभाव और बहिष्करण के कारण लोगों को अक्सर अपने घर छोड़ने पड़ते हैं. लम्बे समय तक विस्थापन परिवारों को ग़रीबी की ओर धकेल सकता है और मेज़बान समुदायों की सार्वजनिक सेवाओं, बुनियादी ढाँचे एवं रोज़गार पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है.उन्होंने कहा कि शरणार्थियों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास और आजीविका के अवसर सुनिश्चित करना उनकी सहनक्षमता व आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए बेहद आवश्यक है.स्टेफ़ान प्रीज़नर ने कहा, “सुरक्षा को विकास से अलग करके नहीं देखा जा सकता. विकास को सम्भव बनाने के लिए सुरक्षा एक आवश्यक शर्त है.”उन्होंने विस्थापन के कारणों और प्रभावों से निपटने तथा किसी को भी पीछे नहीं छोड़ने की प्रतिबद्धता को पूरा करने में सतत विकास लक्ष्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रेखांकित की.कार्यक्रम में शरणार्थियों को आश्रय देने की भारत की लम्बी परम्परा और विस्थापित लोगों की सहायता में सरकारी संस्थानों, नागरिक समाज, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, स्थानीय समुदायों तथा शरणार्थी-नेतृत्व वाले संगठनों के योगदान का भी ज़िक्र किया गया. © UN India/Shachi Chaturvedi भारत में UNHCR द्ववारा विश्व शरणार्थी दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित कला प्रदर्शनी. केन्द्र में रही शरणार्थियों की आवाज़कार्यक्रम में शरणार्थियों के अनुभवों, उपलब्धियों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान दिया गया.“जब तक हर कोई सुरक्षित न हो: सुरक्षित शरण पाने के अधिकार की रक्षा” विषय पर हुई पैनल चर्चा में शरण तक पहुँच सुनिश्चित करने, शरणार्थियों की गरिमा और अधिकारों की रक्षा करने तथा मेज़बान समुदायों को समर्थन देने पर विचार-विमर्श हुआ.संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने शरणार्थी समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को सामने रखा. एक युवा शरणार्थी ने विस्थापन, साहस और आशा पर आधारित कविता भी प्रस्तुत की.विभिन्न देशों के शरणार्थी चैम्पियनों को समर्पित एक दृश्य प्रस्तुति में उन लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद नेतृत्व किया और अपने समुदायों की मदद की.कार्यक्रम का समापन एक प्रदर्शनी के साथ हुआ, जिसमें शरणार्थियों के जीवन, प्रतिभाओं और योगदान की झलक प्रस्तुत की गई. इस अवसर ने यह सन्देश दोहराया कि स्थाई सुरक्षा के लिए संरक्षण, समावेशन और बेहतर भविष्य बनाने के अवसर बेहद आवश्यक हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement