स्वस्थ आयु के लिए योग, शारीरिक सक्रियता व मानसिक शान्ति का आधार
Source: UN News: शनिवार, 20 जून 2026 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क मुख्यालय में 12वें 'अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस' के अवसर पर गुरूवार को एक योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसके ज़रिए मानव स्वास्थ्य व कल्याण, मानसिक शान्ति और ख़ुशहाल जीवन के लिए, इस प्राचीन पद्धति की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाया गया है. इस कार्यक्रम का प्रसारण देखने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए.
आयु बढ़ने के साथ, अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने में योग से उन क्षमताओं को समर्थन मिलता है, जिनसे उम्र बढ़ने के बाद भी लोगों को अपनी सक्रियता बनाए रखने और स्वतंत्र रहने में मदद मिलती है.योग के विभिन्न आसनों, मुद्राओं, श्वसन अभ्यास और सजगता के मिश्रण से, शारीरिक सन्तुलन, लचीलेपन, शक्ति, और गतिशीलता को मज़बूती दी जा सकती है. साथ ही, यह मानसिक स्वास्थ्य कल्याण और तनाव घटाने में भी सहायक है.इस वर्ष भी, भारत के स्थाई मिशन ने संयुक्त राष्ट्र सचिवालय के साथ 12वें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया है, जिसकी थीम है: स्वस्थ आयु के लिए योग, यानि सभी आयु वर्ग के व्यक्तियों के बेहतर स्वास्थ्य को बनाए रखने में योग की अहमियत.योग को तन्दुरुस्ती और स्वास्थ्य की विभिन्न अवस्थाओं के अनुरूप ढाला जा सकता है, और इसलिए यह अनेक वृद्धजन के लिए भावनात्मक व शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में सहायक है.विश्व स्वास्थ्य संगठन ने, 2021 से 2030 के दौरान मनाए जा रहे ‘स्वस्थ आयु के दशक’ के लिए अनेक लक्ष्य निर्धारित किए हैं, जिन्हें हासिल करने में योग से मदद मिल सकती है. इनमें बिना किसी सहारे के जीवन जीना, गिर जाने को जोखिम को घटाना, जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और स्वास्थ्य कल्याण के लिए व्यक्ति-केन्द्रित उपायों को प्रोत्साहन देना है.
अन्तरराष्ट्रीय योग दिवससंयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसम्बर 2014 को, एक प्रस्ताव पारित करके, हर वर्ष 21 जून को अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस मनाए जाने की घोषणा की थी. उसके बाद से, हर वर्ष, दुनिया भर में लाखों-करोड़ों लोग योग दिवस आयोजनों में बेहतर मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए हिस्सा लेते हैं.योग शब्द का मूल संस्कृत भाषा में है जिसका अर्थ है – शामिल या एकत्र होना. इसका भावार्थ शरीर और चेतना को एक करने से है. यह शरीर व मस्तिष्क, मानवता व प्रकृति, और विश्व भर में करोड़ों लोगों को, एकता के धागे में पिरोता है. योग एक ऐसी शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक व्यायाम प्रक्रिया है जो भारत में शुरू हुई थी और अब दुनिया भर में विभिन्न रूपों में लोकप्रिय व प्रचलित है.योग दिवस का उद्देश्य, योग आसन से होने वाले लाभ के प्रति विश्व भर में जागरूकता का प्रसार करना है.